Move to Jagran APP

बिहार : हरियाली का संदेश दे मायके से विदा हुई किरण

पूर्वी चंपारण के मंझार गांव की रहने वाली किरण ने शादी से पहले पौधरोपण का जो संकल्प लिया था वह पूरा कर कल शादी के बाद किरण हरियाली का संदेश देकर मायके से विदा हुई।

By Kajal KumariEdited By: Kajal KumariUpdated: Fri, 08 Jul 2016 04:42 PM (IST)
Hero Image

पूर्वी चंपारण [जेएनएन]। बिहार के मंझार गांव में गुरुवार का दिन खास रहा। यहां नया इतिहास रचा गया। गांव के जितेंद्र सिंह व राजकुमारी देवी की पुत्री किरण के हाथों की मेहंदी ताजा है। घर में शहनाई बज रही थी। बाहर बरात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। इन सबके बीच किरण ने जिले ही नहीं पूरे सूबे को नया संदेश दिया।

राष्ट्रपति से सम्मानित किरण सुबह में जैसे ही हाथों में पौधे लेकर निकली कि लोग साथ हो गए। सबके साथ उसने एक हजार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और लोगों को भी दिलाया। गांव के आसपास घंटों पौधरोपण कार्यक्रम चलता रहा। इसमें जिले के समाजसेवियों समेत प्रखंड के अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

शादी के दिन एक लड़की का यह प्रयास न केवल साहसिक रहा बल्कि समाज के लिए नया संदेश भी दे गया। किरण-रमेश की शादी लंबे समय तक हरियाली के रूप में याद की जाएगी। किरण ने पौधरोपण के साथ लोगों को यह संकल्प दिलाते हुए कहा कि पौधे पर्यावरण के लिए अहम हैं। अगर हर लोग केवल दो-दो पौधे लगाएं तो पर्यावरण संरक्षण में काफी हद तक हम सफल होंगे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।