Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Politics: 'हम विकास के मुद्दे पर करते हैं बात', डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने इंडी गठबंधन पर बोला हमला

सोमवार को मोतिहारी जिले के गांधी मैदान में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह निवर्तमान सांसद राधामोहन सिंह के पक्ष में नामांकन सभा आयोजित की गई और इस सभा में बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी सहित भाजपा नेताओं नेताओं इंडी गठबंधन पर हमला बोला। इस सभाव में पीएम मोदी की भी जमकर तारीफ की गई।

By Sanjay Kumar Singh Edited By: Shoyeb Ahmed Updated: Mon, 29 Apr 2024 09:26 PM (IST)
Hero Image
डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने इंडी गठबंधन पर बोला हमला (File Photo)

जागरण संवाददाता, मोतिहारी। बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बन चुका है। अब हम माता सीता के जन्म स्थल पर भी भव्य मंदिर बनाएंगे। हम केवल विकास, विकास और सिर्फ विकास के मुद्दे पर बात करते हैं।

वहीं इंडी गठबंधन के लोग भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों के बहकावे में नहीं आना है। वे सोमवार को मोतिहारी के गांधी मैदान में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह निवर्तमान सांसद राधामोहन सिंह के पक्ष में आयोजित नामांकन सभा में बोल रहे थे।

किसानों के लिए बेहतर काम

उन्होंने कहा कि राधामोहन सिंह को सामाजिक जीवन को लंबा अनुभव है। केंद्रीय कृषि मंत्री के रूप में इन्होंने देश के किसानों के लिए बेहतर काम किया है। इस क्षेत्र के लिए भी इनका काम अनुकरणीय है।

वहीं उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश एवं प्रदेश की जनता को अपना परिवार मानते हैं। जबकि अपने बेटे, बेटी और पत्नी को अपना परिवार मानने वाले अवसरवादी लोग एक मंच पर हैं। इन्हें देश की नहीं अपने परिवार की चिंता है।

राधामोहन सिंह को लेकर ये कहा

राधामोहन सिंह ने देश व अपने क्षेत्र के विकास के लिए काफी कुछ किया है। अपने संबोधन में पूर्व केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि मैं तो मोदी के मंदिर का पुजारी हूं। अगर कोई काम नहीं किया होता तो गलती भी नहीं होती।

लेकिन जब काम किया है तो गलती भी हुई होगी। अब तो यही कहूंगा कि अगर पुजारी प्रसाद बांटने में चूक कर दे तो मंदिर नहीं तोड़ा जाता। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार में अब लालटेन कहां है।

लोगों को किया सावधान

हम लोगों की गलती के कारण थोड़े समय के लिए भुकभुकाया था। मगर अब हम लोग सचेत हैं। आपलोग भी ऐसे लोगों से सावधान रहिए। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इस बार हम बिहार में सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे। चुनाव में जात-पात की बात करने वाले भी आएंगे। मगर आपको चूकना नहीं है।

उन्होंने घुसपैठ पर चोट करते हुए कहा कि जो भारत का नागरिक है उसे बिना किसी भेदभाव के सभी सुविधाएं मिलेंगी। अगर कोई अजमल कसाब बनकर हमारे देश में आएगा तो उसे फांसी ही मिलेगी। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि भाजपा ने देश में विकास के साथ विरासत की भी रक्षा की है।

सीएम नीतीश की तारीफ की

भारत के विकास की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। जबकि जातिवाद को झंडा लेकर इंडी गठबंधन में लोग दौड़ लगा रहे हैं। इनसे दूर रहना है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा विकास और विनाश की लड़ाई है। याद कीजिए कभी बिहार में हत्या, लूट, राहजनी एवं दुष्कर्म जैसी घटनाओं को बाेलबाला था।

मगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमें नया विकसित बिहार बनाना है। पिछली बार एक सीट पर चूके थे। इस बार सभी 40 सीटों पर एनडीए की जीत होगी।

देश में फिर से पीएम मोदी सरकार बने- संतोष सुमन

लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि चार सौ पार की मुहिम में पूर्वी चंपारण भी पीछे नहीं रहेगा। हम लक्ष्य को प्राप्त करके रहेंगे। अब तो बदहवासी में इंडी गठबंधन के लोग व्यक्तिगत हमला करने लगे हैं।

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्यूलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने देश में आर्थिक समृद्धि की चर्चा करते हुए कहा कि अब हमारा देश विश्व की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनेगा। इसके लिए जरूरी है कि देश में फिर से नरेंद्र मोदी की सरकार बने।

नामांकन सभा में केंद्र और बिहार सरकार के कार्यों की चर्चा की

नामांकन सभा में बिहार सरकार के मंत्री जनक राम एवं हरि सहनी, ढाका विधायक पवन जायसवाल, मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, केसरिया विधायक शालिनी मिश्र, गोविंदगंज विधायक सुनील मणि तिवारी, पीपरा विधायक श्यामबाबू यादव, विधान पार्षद महेश्वर सिंह एवं प्रो. बीरेंद्र नारायण यादव, पूर्व विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व विधान पार्षद सतीश कुमार आदि ने केंद्र एवं बिहार सरकार के कार्यों की चर्चा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना एवं संचालन जिला महामंत्री डॉ. लालबाबू प्रसाद ने किया। मौके पर विधायक रामप्रवेश सिंह, लोजपाआर के जिलाध्यक्ष धरनीधर मिश्र समेत बड़ी संख्या में एनडीए घटक दल के नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढे़ं-

Bihar Politics: 'जीना यहां मरना यहां...', तेजस्वी ने फिर गाया गाना; Chirag Paswan को नए अंदाज में घेरा

Nitish Kumar: 'मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का मतलब...', मंच से नीतीश कुमार का बड़ा बयान; सियासी हलचल तेज

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें