Move to Jagran APP

उत्तर बिहार में लॉरेंस विश्नोई गैंग की सक्रियता से हड़कंप! चंपारण-नेपाल नेटवर्क पर पुलिस की नजर

Lawrence Bishnoi Gang News पूर्व मंत्री गोपालगंज निवासी बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद लॉरेंस विश्नोई गैंग की गतिविधियों पर पुलिस की नजर है। गिरोह के दो शातिरों को रक्सौल से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने छापेमारी कर एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक की बनाई टीम सीमा पर गोपनीय तौर पर अभियान चला रही है।

By Sanjay K Upadhyay Edited By: Mohit Tripathi Updated: Sat, 19 Oct 2024 05:53 PM (IST)
Hero Image
लारेंस विश्नोई के चंपारण-नेपाल नेटवर्क पर पुलिस की नजर।

संजय कुमार उपाध्याय, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री गोपालगंज निवासी बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लेनेवाले लारेंस विश्नोई गैंग के चंपारण व नेपाल नेटवर्क पर पुलिस की नजर है। नेपाल सीमा से सटे पूर्वी चंपारण के रक्सौल में गिरोह की सक्रियता 22 अक्टूबर, 2023 को सामने आई थी। गिरोह के दो शातिर यहां से पकड़े गए थे।

पश्चिमी चंपारण के चिउटाहां निवासी शशांक पांडेय व पूर्वी चंपारण के नायक टोला निवासी त्रिभुवन साह ने पुलिस पूछताछ में गिरोह की गतिविधियों की जानकारी दी थी। बताया था कि कैसे नेपाल के रास्ते गिरोह ने उत्तर बिहार में नेटवर्क का विस्तार शुरू किया है।

पुलिस ने छापेमारी की और तीन मई, 2024 को रक्सौल से ही पश्चिमी चंपारण के इनरवा निवासी विनय गुप्ता को गिरफ्तार किया। मुंबई में पूर्व मंत्री की हत्या के बाद इनकी सक्रियता को लेकर एकबार फिर अटकलें हैं।

पूर्वी चंपारण की पुलिस ने गिरोह के खिलाफ की गई पुरानी कार्रवाई की समीक्षा करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह के किसी भी आपराधिक गिरोह पर नकेल कस उनकी गतिविधि समाप्त करने के लिए योजना बनाई है। पुलिस अधीक्षक की बनाई टीम सीमा पर गोपनीय तौर पर अभियान चला रही है।

हरियाणा-राजस्थान के बाद उत्तर बिहार में जाल बिछाने से पहले दबोचे गए शातिर

लारेंस गैंग के शातिर शशांक पांडेय के खिलाफ हरियाणा के अंबाला थाना में आम आदमी पार्टी के नेता जिला परिषद सदस्य मक्कखन सिंह लवाना से 50 लाख रंगदारी मांगने व उनके आवास पर फायरिंग का मामला दर्ज है।

राजस्थान के जयपुर स्थित ज्वेलरी दुकान से एक करोड़ से अधिक की लूट भी दर्ज है। वह कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में 2023 में पांच पिस्टल के साथ पकड़ा गया था। आभूषण लूट में 18 जून, 2021 को जेल गया था।

इस बीच जमानत पर बाहर आया और चंपारण समेत उत्तर बिहार में लारेंस गिरोह का जाल फैलाने लगा। पुलिस ने उसे उसकी साजिश कामयाब होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

मुंबई में पूर्व मंत्री की हत्या में लारेंस गिरोह का नाम सामने आने के बाद पुलिस सीमा पर चौकस है। विशेष टीम लारेंस व उन जैसे अन्य गिरोहों के शातिरों के बारे में जानकारी एकत्र कर रही है। जरूरत पड़ी तो रक्सौल थाने में दर्ज मामले में जेल में बंद शातिरों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। -स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण

यह भी पढ़ें: Giriraj Singh: 'अब हम वास्तविक मुसलमानों के लिए...', कटिहार गिरिराज सिंह ने भरी हुंकार, लगाया नया नारा

Hajipur News: हाजीपुर में कचरे के ढेर पर मिली नवजात बच्ची, सफाई के दौरान मजदूर ने उठाया; फिर प्रशासन ने उठाया बड़ा कदम

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।