Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Crime : शराब धंधेबाजों का विरोध में उतरी किशोरी को अगवा कर हत्या; इलाके में फैली सनसनी, दुष्कर्म का आरोप

बिहार में एक किशोरी की हत्या का मामला सामने आया है। शराब के धंधे और धंधेबाजों का विरोध करने पर किशोरी का अपहरण कर लिया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। शव को आम के बगीचे में पेड़ से लटका दिया गया। पुलिस ने किशोरी के पिता की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच जारी है।

By Satyendra Kumar Jha Edited By: Yogesh Sahu Updated: Thu, 03 Oct 2024 02:53 PM (IST)
Hero Image
शराब माफिया का विरोध कर रही किशोरी की हत्या।

संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। शराब के धंधे और धंधेबाजों का विरोध करने पर अपहरण कर किशोरी की हत्या कर दी गई। शव को आम के बगीचे में पेड़ से लटका दिया गया। दुष्कर्म की भी बात सामने आ रही है।

वारदात चिरैया थाना क्षेत्र के एक गांव की है। किशोरी के पिता ने शराब के पांच धंधेबाजों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। एसपी ने भी पुष्टि की है कि शराब धंधेबाजों का किशोरी के साथ विवाद हुआ था।

किशोरी के गले में दुपट्टा के फंदे का चिह्न पाया गया है। किशोरी के पिता ने थाने में दिए आवेदन में बताया है कि मंगलवार की शाम करीब साढ़े छह बजे उनकी पुत्री शौच करने गई थी। उसी समय से वह लापता थी। रात में कई जगह खोजबीन की गई, लेकिन नहीं मिली।

बुधवार सुबह में ग्रामीणों ने बगीचे में शव होने की सूचना दी। कुछ दिन पूर्व किशोरी से शराब धंधेबाजों से विवाद हुआ था। उसने धंधेबाजों का विरोध किया था। उन्होंने दुष्कर्म का भी आरोप लगाया।

किशोरी के पिता ने चिरैया थाने में आवेदन देकर विक्की कुमार, ललन राय, विपिन राय व लालू राय तथा शंभू राम की पत्नी को आरोपित करते हुए प्राथमिकी कराई है।

वहीं, इस संबंध में पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जांच के लिए फारेंसिक टीम को बुलाया गया है, जो साक्ष्य एकत्रित कर साथ ले गई है।

सिकरहना के पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने जरूरी नमूने जांच के लिए एफएसएल, मुजफ्फरपुर भेजा है।

तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शराब तस्करों को चिन्हित किया जा रहा है। पांच लोगों को हत्या में आरोपित किया गया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें