Move to Jagran APP

गया में BJP नेता के घर बम धमाका: बदमाशों ने ताबड़तोड़ किए कई विस्फोट, खिड़कियों के शीशे टूटे; परिवार सुरक्षित

गया में मंगलवार देर रात भाजपा नेता संतोष कुमार के घर पर बदमाशों ने बम से ताबड़तोड़ हमला कर दहशत फैलाई। भाजपा नेता के आवास पर बम हमले से घर को काफी क्षति पहुंची है। हालांकि नेता अपने पूरे परिवार के साथ सुरक्षित हैं।

By Jagran NewsEdited By: Aditi ChoudharyUpdated: Wed, 31 May 2023 09:56 AM (IST)
Hero Image
जिंदा बम, घटनाथल पर जमा भीड़ और धमाके से बिखरे खिड़की के शीशे। जागरण

डोभी (गया), जागरण संवाददाता। बिहार के गया जिले में मंगलवार की देर रात भाजपा नेता संतोष कुमार के घर पर बदमाशों ने बम से हमला कर दिया। जिले के डोभी थाना के करमौनी स्थित भाजपा नेता के आवास पर बम हमले से घर को काफी क्षति पहुंची है। वहीं, नेता अपने पूरे परिवार के साथ सुरक्षित बच गए।

बदमाशों के द्वारा नेता और उसके परिवार को लक्ष्य करते हुए बम फेंकने की खबर है। घटना देर रात के 2 बजकर 47 मिनट पर हुई। भाजपा नेता ने बताया कि सीसीटीवी में करमौनी बाजार की ओर से एक बाइक पर दो बदमाश आते दिखे हैं। गया-डोभी सड़क मार्ग के किनारे स्थित घर के बाहर उन्होंने अपनी बाइक खड़ी की और झोला में रखा बम निकालकर ताबड़तोड़ बम फेंकने लगे।

घर के कई हिस्सों पर बम धमाके के निशान

बदमाशों ने भाजपा नेता के घर की खिड़की को निशाना बनाते हुए चार बम फेंके। एक के बाद एक बम धमाके से पूरा घर हिल उठा। परिवार सहित आसपास के लोग दहशत में आ गए। बम हमले से भाजपा नेता के घर की खिड़कियों के शीशे टूट गई। घर पर कई जगह दाग बन गया है। घटना को अंजाम देकर बदमाश सहदेव खाप की ओर भाग गए। भागने के क्रम में अपने साथ लाया झोला और दो जिंदा बम छोड़ गए।

जिंदा बम को बॉम्ब स्क्वाड ने किया डिफ्यूज 

घटना के बाद भाजपा नेता सह मुखिया संघ शेरघाटी अनुमंडल पूर्व अध्यक्ष ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। थानाध्यक्ष आलोक कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने लगभग एक सौ ग्राम और ढाई सौ ग्राम के दो बम बरामद किए, जिसे बम निरोधक दस्ता ने डिफ्यूज किया। घटनास्थल पर बुधवार की सुबह ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।