Move to Jagran APP

Kaimoor News: बिहार के कैमूर में बन रही ट्री प्रोटेक्शन प्लान के तहत पहली सड़क, जानिए क्‍या है खास

Kaimoor News बिहार के कैमूर में ट्री प्रोटेक्शन प्लान के तहत राज्‍य की पहली सड़क बनाई जा रही है। इसके तहत मोहनिया से भभुआ के बीच अब तक 6673 पेड़ों को बचाया जा चुका है। जुलाई 2020 से बन रही इस सड़क का काम 18 महीने में पूरा होना है।

By Amit AlokEdited By: Updated: Sun, 07 Feb 2021 09:25 AM (IST)
Hero Image
कैमूर जिले में एनएच 219 का निर्माण। तस्‍वीर: जागरण।

कैमूर, जागरण संवाददाता। मानव के अस्तित्व को बचाने के लिए पर्यावरण का संतुलित रहना अत्यंत महत्वपूर्ण है। पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने में सबसे महत्वपूर्ण योगदान देने वाले हरे-भरे पेड़ों को सुरक्षित रखना उससे ज्यादा महत्वपूर्ण है। वातावरण को संतुलित बनाए रखने में मददगार पेड़-पौधों को बचाने के लिए राज्य में ट्री प्रोटेक्शन प्लान के तहत पहले राष्‍ट्रीय उच्‍च पथ का निर्माण कैमूर जिले में एनएच 219 का करवाया जा रहा है। जिले में एनएच 219 मोहनिया स्थित मुंडेश्वरी गेट से उत्तर प्रदेश धरौली बॉर्डर तक है।

ट्री प्रोटेक्शन प्लान के तहत बन रही पहली सड़क

बता दें कि एनएच 219 पर चल रहा चौड़ीकरण का कार्य राज्य में पहला ऐसा प्रोजेक्ट है जो ट्री प्रोटेक्शन प्लान के तहत करवाया जा रहा है। इसके तहत अब तक 6673 पेड़ों को मोहनिया से भभुआ के बीच बचाया गया है। एनएच 219 की चौड़ाई कुल 12 मीटर है, जिसमें 10 मीटर बिटमिंस लेयर चढ़े हुए हैं। इसके बाद दोनों तरफ एक एक मीटर मिट्टी की भराई करके सड़क को प्रोटेक्ट किया गया है।

सड़क निर्मण में अब तक बचाए जा चुके हैं 6673 पेड़

एनएच 219 पर चल रहे निर्माण के कार्य से संबंधित जानकारी लेने पर राष्ट्रीय राजमार्ग औरंगाबाद डिवीजन के कार्यपालक अभियंता विनय कुमार ने बताया कि एनएच 219 मोहनिया मुंडेश्वरी गेट से धरौली बॉर्डर तक है, जिसमें ट्री प्रोटेक्शन प्लान के तहत कार्य करवाया जा रहा है। यह राज्य का पहला ऐसा एनएच है जिस पर ट्री प्रोडक्शन के तहत कार्य हो रहा है। इसके तहत अब तक 6673 पेड़ों को बचाया जा चुका है।

जनता न हो पेरशान, इसलिए रात में हो रहे काम

एनएच 219 के कार्य को पूर्ण करवाने के लिए कुल 18 माह का समय निर्धारित है। इसका काम जुलाई 2020 से चल रहा है। एनएच निर्माण से स्‍थानीय चांद बाजार प्रभावित न हो, इसके लिए चांद बाजार के पहले ही नहर के पास से बाईपास बनाया जाना है। वर्तमान समय में एनएच के निर्माण के दौरान आवागमन में समस्या उत्पन्न हो रही है। इस कारण प्रयास किया जा रहा है कि ज्यादातर कार्य रात में निपटाए जाएं।

सड़क से आवागमन होगा सुगम, तेज होगा विकास

जानकारी के लिए बता दें कि एनएच 219 के निर्माण के दौरान इन दिनों चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में लगातार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। हालांकि, निर्माण के उपरांत क्षेत्र का विकास काफी तेजी से होगा। एनएच के निर्माण के बाद आवागमन की सुविधा बढ़ जाएगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें