Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बिहार के अभिषेक को ढूंढते गया पहुंची कोलकाता की स्‍वाति, पुलिस को बताई शादी के बाद की कहानी

बिहार के अभिषेक सिंह को तलाशते हुए गया पहुंची कोलकाता की रहने वाली स्‍वाति भट्टाचार्य। पुलिस से बोली- चार साल से करता था प्रेम मंदिर में रचाई थी शादी। फिर जेवरात और कैश लेकर पति हुआ फरार। कोलकाता से पत्नी पति की तलाश में पहुंची गया.

By Jagran NewsEdited By: Shubh Narayan PathakUpdated: Tue, 15 Nov 2022 02:53 PM (IST)
Hero Image
स्‍वाति ने पुलिस को सौंपा अपनी शादी का ये फोटो। साभार : पीड़‍िता

जागरण संवाददाता, गया। कोलकाता से बिहार के गया जिला के गुरुआ थाने में पहुंची युवती अपने पति को ढूंढकर लाने की गुहार लगा रही है। मामला प्रेम प्रसंग के बाद शादी करने और फिर पति के फरार हो जाने का है। युवती का दावा है कि उसका पति लाखों रुपए के जेवरात और कैश भी लेकर फरार है।

कोलकाता के श्रीरामपुर की रहने वाली है स्‍वाति 

कोलकाता के श्रीरामपुर की रहने वाली स्वाति भट्टाचार्य गया के गुरुआ थाना को पहुंची है। वह अपने पति गुरुआ थाना के पचरुखिया गांव के अभिषेक कुमार सिंह की तलाश कर रही है। पति काफी समय से मोबाइल स्वीच ऑफ कर फरार है। इसे लेकर गुरुआ थाना में कोलकाता की युवती ने लिखित आवेदन दिया है।

बहन की शादी के बहाने आया था गांव 

युवती ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसे छोड़कर फरार हुआ है। साथ ही कोलकाता स्थित आवास में रहे उसके लॉकर से लाखों के जेवरात और कैश भी ले उड़ा। युवती स्वाति भट्टाचार्य का कहना है, कि उसका पति अपनी बहन की शादी के बहाने गांव को आया था।

मोबाइल कर लिया बंद, तोड़ा संपर्क 

बोलकर आया कि 24 नवंबर को उसकी बहन की शादी है। किंतु फिर वह कोलकाता वापस नहीं आया। युवती ने  फोन किया तो एक-दो बार बात हुई और फिर उसने मोबाइल को बंद कर दिया। पति ने फेसबुक, व्हाट्सएप को भी बंद कर दिया, तो युवती परेशान रहने लगी और फिर मजबूर होकर गया को पहुंची है।

चार साल से था प्रेम संबंध 

स्वाति भट्टाचार्य ने बताया कि 4 साल पहले अभिषेक सिंह से उसका प्रेम प्रसंग हुआ। इस बीच दोनों ने मंदिर में शादी रचा ली। अभिषेक सिंह के घर वाले मेरे घर में कोलकाता को हमेशा आते-जाते रहते थे। किंतु गांव पर लेकर अभिषेक कभी नहीं आया। कोर्ट मैरिज करने के लिए बात कही, किंतु टालता रहा।

मुझे चाहिए अपना पति 

बहन की शादी के समय अपने गांव को ले जाने को कहा था, किंतु वह अपने गांव पर लौटने के बाद मुझसे सारे तरह फेसबुक, व्हाट्सएप, मोबाइल से संपर्क तोड़ लिए। उसके लॉकर से लाखों के जेवरात-कैैश भी नहीं मिल रहे हैं। इसका शक भी इसी पर है। वह अपने मम्मी-पापा, बहन के नाम पर टालता रहा है। मुझे अपना पति चाहिए। उसका व्हाट्सएप और फेसबुक संपर्क नंबर सब कुछ बंद बता रहा है।

इवेंट मैनेजर का काम करती है स्‍वाति 

वहीं युवती की मानें तो उसे जानकारी मिल रही है कि अभिषेक दूसरी शादी रचाने की फिराक में है और उसके माता-पिता भी इसमें मदद कर रहे हैं। स्‍वाति काफी परेशान है और वह किसी तरह कोलकाता से गया के गुरुआ थाना को पहुंची है। कोलकाता की स्वाति भट्टाचार्य बताती है कि वह इवेंट मैनेजर और शूटिंग के काम से जुड़ी हुई है।

बेरोजगार है अभिषेक सिंह 

अभिषेक सिंह कोई काम नहीं करता था।  वह उसके साथ ही रहता था।  इसी बीच प्रेम प्रसंग हुआ था और फिर दोनों ने मंदिर में शादी रचाई थी। उसके बाद यह स्थिति बनी है। गुरुआ थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने फोन पर बताया कि युवती की बातों को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई करने में जुटी हुई है।