Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Gopalganj: हॉस्टल में मासूम की हत्या में अब सीनियर छात्रों पर अटकी शक की सुई, CCTV से खुल सकता है राज

गोपालगंज में एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में 6 साल के बच्चे की हत्या हो गई। शव के पास खून के छींटे पड़े थे। पुलिस को खून लगी ईंट भी मिली। स्कूल से प्रिंसिपल टीचर सहित अन्य कर्मचारी फरार थे। बच्चे का एडमिशन दो माह पहले नर्सरी क्लास में हुआ था। घटना फुलवरिया थाना क्षेत्र स्थित न्यू ज्ञानलोक कंपटीशन स्कूल की है।

By Vivek Kumar TiwariEdited By: Jagran News NetworkUpdated: Sat, 19 Aug 2023 08:00 PM (IST)
Hero Image
हॉस्टल में मासूम की हत्या में अब सीनियर छात्रों पर अटकी शक की सुई, CCTV से खुल सकता है राज

संवाद सूत्र, फुलवरिया (गोपालगंज): गोपालगंज में एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में 6 साल के बच्चे की हत्या हो गई। शव के पास खून के छींटे पड़े थे। पुलिस को खून लगी ईंट भी मिली। स्कूल से प्रिंसिपल, टीचर सहित अन्य कर्मचारी फरार थे। बच्चे का एडमिशन नर्सरी क्लास में हुआ था।

घटना फुलवरिया थाना क्षेत्र स्थित न्यू ज्ञानलोक कंपटीशन स्कूल की है। शनिवार की सुबह बच्चे का शव मिला। इसके बाद से हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले अन्य छात्रों में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के कुसहां गांव निवासी देवेंद्र सिंह के बेटे आर्यन कुमार सिंह के रूप में हुई। बच्चे का एडमिशन दो महीने पहले हुआ था।

ट्यूशन पढ़ने के दौरान बच्चा लापता

स्कूल प्रबंधन के सहायक शिक्षक आनंददेव पांडेय ने बताया कि छात्र आर्यन कुमार सिंह सुबह ट्यूशन पढ़ने के दौरान अचानक लापता हो गया। इसके बाद छात्र का शव छात्रावास की छत से बरामद किया गया। घटनास्थल से खून से सना ईंट का टुकड़ा बरामद किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि छात्र की हत्या मामले में जांच में कई बातें निकल कर सामने आई हैं। पुलिस के शक की सुई छात्रावास के सीनियर छात्रों पर घूम रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, छात्र के स्वजन पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन को दोषी ठहरा रहे हैं।

कई लोगों से पूछताछ जारी 

शाम में प्रशिक्षु डीएसपी साक्षी राय ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। वहीं, स्वान दस्ता ने भी बारीकी से जांच की। पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा है कि न्यू ज्ञान लोक कंपटीशन स्कूल का फुलवरिया में दो ब्रांच संचालित हैं। एक मिश्रबतारहा तथा दूसरा मजीरवा में है। दोनों जगह बच्चों के रहने के लिए छात्रावास की व्यवस्था की गई है। ऐसे में छात्रावास में रहने वाले अन्य बच्चों के अभिभावक काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।

आर्यन का दो माह पूर्व न्यू ज्ञान लोक कंपटीशन स्कूल में नामांकन हुआ था। उसका ननिहाल फुलवरिया थाना क्षेत्र के जटहा गांव में है। ननिहाल नजदीक होने के चलते उसकी मां अपने मायके जाकर बच्चे का देखभाल किया करती थी, जबकि पिता दुबई में हैं।

छात्र के चाचा ने क्या कहा

छात्र के चाचा भुवाल कुमार सिंह ने कहा कि आर्यन से मोबाइल पर शुक्रवार की रात बात हुई थी। बच्चे ने सब कुछ ठीक-ठाक कहा था। अगली सुबह उसकी मौत की खबर आ गई। बच्चे की गला दबाकर हत्या की गई है। हमलोगों का किसी से कोई विवाद नहीं है। 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। छात्रावास परिसर स्थित घटनास्थल से खून लगा हुआ ईंट का टुकड़ा बरामद हुआ है। छात्र के गले में काला निशान पाया गया है, जबकि चेहरे तथा सिर पर जख्म के निशान हैं। छात्र की हत्या को निर्मम तरीके से अंजाम दिया गया है।

स्कूल के डायरेक्टर का मोबाइल बंद

न्यू ज्ञान लोक कंपटीशन स्कूल के डायरेक्टर पंचालाल गुप्ता का मोबाइल घटना के बाद से लगातार बंद आ रहा है। उनके अधीनस्थ कर्मी व सहायक शिक्षक घटनाक्रम के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर रहे हैं। फिलहाल, मीरगंज इंस्पेक्टर ललन कुमार व थानाध्यक्ष अब्दुल मजीद पुलिस बल के साथ छानबीन में जुटे हुए हैं।

मामले में पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा, 'मामले की जांच जारी है। स्वान दस्ता व एफएसएल (फारेंसिक साइंस लैबोरेट्री) की टीम को भी बुलाया गया है। छात्र की हत्या के मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।'

पुलिस अधीक्षक ने कहा, 'जल्द ही हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।'

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर