Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मतदान को लेकर आधी आबादी में दिखा जोश, बूथों पर लगी लंबी कतार

जागरण टीम गोपालगंज छठे चरण में जिले के उचकागांव तथा फुलवरिया प्रखंड में पंचायत चुनाव

By JagranEdited By: Updated: Wed, 03 Nov 2021 11:15 PM (IST)
Hero Image
मतदान को लेकर आधी आबादी में दिखा जोश, बूथों पर लगी लंबी कतार

जागरण टीम, गोपालगंज : छठे चरण में जिले के उचकागांव तथा फुलवरिया प्रखंड में पंचायत चुनाव को लेकर आधी आबादी में वोटिग के प्रति उत्साह व जोश दिखा। बुधवार को मतदान के प्रति महिलाओं के जज्बा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वोटिग प्रारंभ होने के पूर्व ही अहले सुबह ही महिलाएं घरेलू कार्य को निपटा चुकी थीं। सुबह चाय की चुस्की के बाद बगैर नाश्ता किए सात बजने के पूर्व ही अधिकांश घरों की महिलाएं मतदान केंद्र की ओर निकल पड़ी। वोट डालने पहुंचने वाली महिलाओं में नई नवेली दुल्हन से लेकर बुजुर्ग महिलाएं तक शामिल रहीं।

बुधवार को मतदान प्रारंभ होने के बाद उचकागांव प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 27 व 28 पर आधी आबादी की लंबी कतार दिखी। नए पोशाक और घूंघट की ओट से मतदान के लिए अपनी बारी के इंतजार करती दिखीं। आधी आबादी के चेहरे पर मतदान की मुस्कान से स्पष्ट हो रहा था कि इन्हें मतदान का इंतजार बेसब्री से था। मतदान के लिए उत्साहित आधी आबादी की जोश आज देखते ही बनती थी। जल्दबाजी में घर की महिलाओं को मतदान केंद्र की ओर जाते देख घर के पुरुष वर्ग भी कहां पीछे रहने वाले। वे भी फटाफट तैयार होते हुए मतदान केंद्र की ओर रवाना हो गए। फुलवरिया प्रखंड के बूथ संख्या 31 पर मतदान के लिए आधी आबादी की कतार में शामिल पूनम देवी ने बताया कि गांव की महिलाओं ने सुबह मतदान करने का निर्णय लिया। यहीं कारण रहा कि वह सुबह ही बूथ पर पहुंच गई। इसी बूथ पर पहुंची मतदाता फुलमती देवी ने बताया कि मतदान के लिए त्योहार के समान सुबह जल्दी उठकर तैयार होने का अलग उत्साह अनुभव हो रहा था। इन दो मतदान केंद्रों पर नहीं प्रखंड के तमाम बूथों पर महिलाएं इसी जोश और जज्बा के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही थी। मतदान के बाद एक नई उमंग और खुशी के साथ घर लौट रही महिला मतदाता रास्ते में मतदान को जाने वाली अन्य महिलाओं से मतदान का आह्वान करती रही।

मतदान के बाद युवतियों ने बूथ पर ली सेल्फी

बुधवार को पंचायत चुनाव के पांचवें चरण के मतदान को बूथ पर पहुंची आधी आबादी के जोश के बीच विशेष तौर पर पहली बार वोट डालने वाली युवा महिला वोटरों ने अपने पूरे परिवार के साथ बूथ पर आने के बाद मतदान का चिह्न दिखाते हुए सेल्फी ली। अधिकांश बूथों पर दिन चढ़ने के बाद युवतियां बूथों पर पहुंची। ऐसे में दिन के 11 बजे के बाद भी कई बूथों पर महिलाओं की लंबी कतार देखने को मिली।

जिला नियंत्रण कक्ष से रखी गई निगरानी

पंचायत चुनाव को लेकर बनाए गए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष से उचकागांव व फुलवरिया प्रखंड की स्थिति पर नजर रखी गई। नियंत्रण कक्ष में तैनात कर्मियों ने दोनों प्रखंड के 367 मतदान केंद्रों की स्थिति की पल-पल की जानकारी प्राप्त की। सुबह मतदान की शुरुआत के समय मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी की शिकायत के बावजूद कंट्रोल रूम में तैनात कर्मी विचलित नहीं दिखे। संबंधित कोषांग को सूचना देकर तत्काल ईवीएम को दुरुस्त कराया।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें