Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भीषण जाम में फंसी रहीं गोपालगंज शहर की सड़कें, परेशान रहे लोग

नए साल के पहले सोमवार को जिला मुख्यालय भीषण जाम में फंसा नजर आया। दिन के दस बजे से ही प्रारंभ हुए इस भीषण जाम में शहर के सभी मुख्य पथ से लेकर गलियों तक में लोग फंसे नजर आए। हद तो यह कि प्रशासनिक अधिकारियों के भी वाहन जाम में फंस गए।

By JagranEdited By: Updated: Mon, 04 Jan 2021 09:49 PM (IST)
Hero Image
भीषण जाम में फंसी रहीं गोपालगंज शहर की सड़कें, परेशान रहे लोग

जागरण संवाददाता, गोपालगंज : नए साल के पहले सोमवार को जिला मुख्यालय भीषण जाम में फंसा नजर आया। दिन के दस बजे से ही प्रारंभ हुए इस भीषण जाम में शहर के सभी मुख्य पथ से लेकर गलियों तक में लोग फंसे नजर आए। हद तो यह कि प्रशासनिक अधिकारियों के भी वाहन जाम में फंस गए। इस बीच ट्रैफिक कंट्रोल में लगे जवान जाम को समाप्त करने के प्रयास में लगे नजर आए। बावजूद इसके लोग जाम में फंसकर इससे जूझते रहे। दिन के दो बजे के बाद शहर की सड़कों पर जाम का असर कुछ कम हुआ तथा वाहनों का पहिया आगे सरक सका।

वैसे जिला मुख्यालय में सोमवार को लगने वाला जाम कोई नया नहीं है। प्रत्येक सप्ताह इससे लोग परेशान होते हैं। लेकिन प्रशासनिक स्तर पर इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में किया गया प्रयास कारगर नजर नहीं आ रहा है। वर्ष 2021 के पहले सोमवार को भी शहर की सड़कें दिन के दस बजे ही जाम में फंस गई। बाइक चालकों ने गली-मोहल्ले के रास्ते निकलने की कोशिश की तो शहर की गलियां भी इसमें फंस गईं। हालत यह कि जाम के कारण जिले में योगदान को पहुंचे डीएम का वाहन भी कुछ देर के लिए फंसा नजर आया। बहरहाल सुरक्षा को तैनात जवानों ने जल्द ही उनके वाहन को निकाल लिया। बावजूद इसके जाम की समस्या शहर में घंटों कायम रही। शहर के मेन रोड के अलावा पुरानी चौक पथ, मौनिया चौक पथ, अरार पथ से लेकर कई छोटे पथ में लोग जाम से जूझने को विवश हुए। इस बीच भीषण जाम के आगे ट्रैफिक कंट्रोल की प्रशासनिक व्यवस्था भी पूरी तरह से फेल दिखी। ऐसे में पूरे दिन लोग सड़क जाम में फंसकर एक-दूसरे को कोसते रहे। तमाम प्रयास के बावजूद दिन के दो बजे तक पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था को ठीक नहीं कर सकी। बाद में जब पुलिस सख्ती पर उतारू हुई, जब वाहनों का पहिया आगे खिसक सका।