Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Durga Puja 2024: जहानाबाद में इस जगह दिखेगा महाकालेश्वर मंदिर के आकार में पूजा पंडाल; दिखेगा अलग तरह का नजारा

इस बार फखरपुर का दुर्गा पूजा पंडाल उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर की आकृति में नजर आएगा। 2000 वर्ग फीट में बनने वाले इस पंडाल की ऊंचाई 40 फीट चौड़ाई 30 फीट और लंबाई 35 फीट होगी। पंडाल के साथ ही मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी बनाई जा रही हैं। इस बार पूरा दुर्गा मंडप फूलों से सजाया जाएगा।

By shiv kumar mishra Edited By: Sanjeev Kumar Updated: Thu, 12 Sep 2024 02:53 PM (IST)
Hero Image
जहानाबाद में दुर्गा पूजा की धूम (जागरण)

जागरण संवाददाता, अरवल। सदर प्रखंड के फखरपुर में इस साल दुर्गा पूजा पंडाल उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर की आकृति की दिखेगा। 2000 वर्ग फीट में पंडाल बनाया जा रहा है। इसकी ऊंचाई करीब 40 फीट की होगी। चौड़ाई 30 फीट और लंबाई 35 फीट की होगी।

पंडाल निर्माण के लिए स्थानीय पंडाल निर्माता को जिम्मेदारी दी गई है। दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष भोला कुमार पदाधिकारी मंजीत कुमार, शनि कुमार, प्रफुल कुमार,राज कुमार पासवान, शैलेन्द्र कुमार और ओमप्रकाश कुमार की देखरेख में कार्यकर्ता पूजा के आयोजन को लेकर जोर-शोर से जुटे हैं।

मां दुर्गा व अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का निर्माण किया जा रहा है। 65 हजार की लागत से ओझा बिगहा के मूर्तिकार राजू कुमार अपने 11 सहयोगियों के साथ प्रतिमा के निर्माण में जुटे हैं। मां दुर्गा की 10 फीट ऊंची मूर्ति के साथ-साथ मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, भगवान श्री गणेश व भगवान कार्तिकेय की प्रतिमाओं का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा महिषासुर राक्षस की मूर्ति भी बन रही है। इस बार पूरा दुर्गा मंडप फूलों से सजाया जाएगा। इसके लिए एक फूल भंडार के कारीगर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सड़कों पर रंग बिरंगी लाइटों से होगी सजावट

पूजा समिति का पंडाल बीच गांव में बन रहा है। पंडाल तक आनेवाली तीनों सड़कों पर रंगीन लाइटें, झालर- झूमर लगाए जाएंगे, जो आकर्षण का केंद्र होगा। बाहरी परिसर में फूलों व गुलदस्तों से सजावट की जाएगी। पंडाल तक पहुंचने वाले तीनों रास्तों पर भव्य तोरण द्वार बनेंगे और यहां भी फूलों व गुलदस्तों से भव्य सजावट होगी।

दो दर्जन से अधिक गांव से हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन पूजन के लिए आते हैं। पूजा समिति के 60 से अधिक कार्यकर्ता पंडाल व उसके परिसर में तैनात रहेंगे। महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार होगा। पूजा स्थल सीसीटीवी से लैस रहेगा।

प्रतियोगिता का होगा आयोजन

पूजा समिति की ओर से महा अष्टमी के दिन सुबह में खेल मैदान में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा। उसके बाद वर्ग 7 से 9 तक के विद्यार्थियों के बीच क्विज प्रतियोगिता का आयोजन दुर्गा मंडप के समीप होगा। मुख्य अतिथि प्रतियोगिता में सफल प्रतियोगी को पुरस्कृत करेंगे।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर