Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

वंशावली सही से बनवाना नहीं तो मार देंगे... जमीन सर्वे कराने गांव पहुंचे व्यक्ति की संदेहास्पद स्थिति में मौत

जमीन सर्वे कराने झारखंड से पहुंचे व्यक्ति की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है। यह घटना बिहार के जहानाबाद जिले की है। मृतक की पहचान अशोक सिंह (55 वर्ष) के रूप में हुई है। अशोक सिंह झारखंड के बोकारो में रहते थे और बिहार में जमीन सर्वे शुरू होने पर वंशावली बनाने के लिए गांव आए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By Dheeraj kumarEdited By: Mukul Kumar Updated: Sun, 08 Sep 2024 02:55 PM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। कल्पा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव में एक ग्रामीण की मौत संदेहास्पद स्थिति में हो गई। उसकी पहचान अशोक सिंह 55 वर्ष के रूप में हुई है। अशोक सिंह के भाई ने घर के लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। अशोक सिंह झारखंड के बोकारो में रहते थे।

बिहार में जमीन सर्वे शुरू होने पर वंशावली बनाने के लिए गांव आए थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। कल्पा थानाध्यक्ष राजकुमार राय ने बताया कि सभी बिंदुओं पर घटना की जांच की जा रही है।

प्रथमदृष्टया किचड़ में गिरने से मौत का मामला प्रतीत होता है। वे शारीरिक रूप से काफी कमजोर थे। शरीर पर किसी तरह के जख्म के निशान नहीं मिले हैं। स्वजन के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट होगा।

इधर, भाई का आरोप है कि घर के लोगों द्वारा पूर्व में यह धमकी दी गई थी कि वंशावली सही से बनवाना नहीं तो जान से मार देंगे। भाई के साथ वे भी गांव गए थे, लेकिन फिर बोकारो वापस लौट गए। रविवार को सूचना मिली कि उनके बड़े भाई की मौत हो गई है।

नाले में डूबने से छात्रा की मौत

करपी (अरवल) थाना क्षेत्र के खलीलपुरा गांव निवासी कमलेश यादव की 15 वर्षीय पुत्री की मौत नाला में डूबने से हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतका नवम वर्ग की छात्रा थी। शनिवार की दोपहर बाद वह अपने मां के साथ गांव के निकट स्थित बधार में धान की सोहनी करने गई थी।

इसके बाद, वह लापता हो गई। नाले के आहर पर चप्पल मिलने पर कुछ लोगों ने नाले में भी कूदकर उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद, इसकी सूचना थाने को दी गई। पुलिस से नाले में खोज बिन करवाने का आग्रह किया गया।

रविवार की सुबह जब ग्रामीण खेत में जा रहे थे तो नाले में एक शव को तैरता देख इसकी सूचना उसके स्वजनों को दी। संभावना व्यक्त की जा रही है कि मृतका धान की सोहनी करने के उपरांत घर वापसी के क्रम में नाले में पैर धो रही होगी और पैर फिसल जाने के कारण गहरे पानी में चली गई और डूब गई।

शरीर फूलने के उपरांत शव पानी के ऊपर चली आई। शव को बाहर निकाले जाने के उपरांत ग्रामीण अक्रोशित हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गांव के निकट अरवल जहानाबाद मुख्य पथ को जाम कर दिया।

जाम की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष उमेश राम एवम मुखिया संघ के जिला अध्यक्ष व स्थानीय मुखिया अभिषेक रंजन के द्वारा काफी समझाए जाने के उपरांत लोगों ने जाम समाप्त की।