Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jamui News: सरकारी हॉस्पिटल में एंबुलेंस के इंतजार 4 घंटे तक तड़पती रही युवती, तोड़ा दम; तो महज 24 मिनट में आ गया शव वाहन

बिहार के जमुई सदर अस्पताल में एक महिला की मौत हो गई क्योंकि उसे रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस नहीं मिली। बिंदी देवी नाम की महिला पेट दर्द से पीड़ित थी और उसे पीएमसीएच रेफर किया गया था। लेकिन सरकारी एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण उसे चार घंटे तक अस्पताल में ही इंतजार करना पड़ा। इस दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई और अंत में उसने दम तोड़ दिया।

By Jagran News Edited By: Mohit Tripathi Updated: Thu, 29 Aug 2024 10:48 AM (IST)
Hero Image
एंबुलेंस के लिए साढ़े चार घंटे तड़पकर मर गई युवती, महज 24 मिनट में आया शव वाहन। (फाइल फोटो)

अंजुम आलम, जमुई। बिहार के जमुई सदर अस्पताल में मंगलवार रात हुए एक घटना ने एक बार फिर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। दरअसल, डॉक्टरों द्वारा रेफर किए जाने के चार घंटे बाद एंबुलेंस के इंतजार में एक महिला ने दम तोड़ दिया। 

जमुई सदर अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा रेफर किए जाने के बाद अस्पताल में ही एंबुलेंस के इंतजार में बिंदी देवी (18) पेट दर्द से साढ़े चार घंटे तक छटपटाती रही, लेकिन एंबुलेंस नहीं आई।

आखिरकार वह तड़पकर मर गई, तो उसी 102 नंबर पर डायल करने पर महज 24 मिनट में शववाहन उसके शव को घर पहुंचाने के लिए आ गया।

कुव्यवस्था का आलम यह कि शववाहन तक पार्थिव शरीर को पहुंचाने के लिए अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिला। इसके बाद पिता ने बेजान बेटी को गोद में उठाकर शव वाहन तक पहुंचाया।

डॉक्टरों ने पीएमसीएच में किया था रेफर 

मंगलवार शाम 7 बजकर 45 बजे जमुई के सोनो प्रखंड स्थित कोड़ाडीह गांव निवासी केदार मंडल अपनी बेटी बिंदी को लेकर अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में पहुंचे थे। बिंदी के पेट में तेज दर्द था।

गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टर ने उसे पटना मेडिकल कालेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया, लेकिन पटना ले जाने के लिए सरकारी एंबुलेंस नहीं मिली।

गरीब पिता पैसे के अभाव में निजी एंबुलेंस किराये पर नहीं ले सके। बिंदी की बिगड़ती हालत देख रात्रि ड्यूटी पर आए डॉ. अभिषेक गौरव ने भी एंबुलेंस उपलब्ध कराने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।

इधर, तड़पती बिंदी को ले जाने के लिए मौत आ गई। रात 12.30 बजे उसने अंतिम सांस ली। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को घर भेजने की प्रक्रिया शुरू की। 102 नंबर पर डायल किया गया और 12.54 बजे शव वाहन आ गया।

बिंदी के पिता ने बताया कि पुत्री को पटना ले जाने के लिए कई बार 102 नंबर पर डायल किया, लेकिन एंबुलेंस खराब होने की बात कही जाती रही। अस्पताल के अधिकारियों को भी फोन लगाया।

चिकित्सक व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भी एंबुलेंस के लिए प्रयास किया। रोते-बिलखते केदार के मुताबिक उन्होंने निजी एंबुलेंस वालों से भी बात की।

किसी ने किराया साढ़े पांच हजार मांगा तो किसी ने छह से सात हजार। उनके पास इतने पैसे नहीं थे। किसी ने मदद भी नहीं की। इस वजह से बेटी को तड़पकर मरता देखता रहा।

किस जिम्मेदार ने क्या कहा?

मरीज रात 7:45 बजे के करीब पहुंची थी। मरीज का पेट फूला था। उसे तत्काल ऑपरेशन की जरूरत थी। डॉ. मृत्युंजय कुमार द्वारा रेफर किया गया था। रात 8:00 बजे के बाद से मैंने भी मरीज की नाजुक स्थिति को देखकर मैनेजर व अन्य संबंधित लोगों को एंबुलेंस के लिए कई बार फोन किया। रात 12 बजकर 30 मिनट पर युवती की मौत हो गई। -डॉ. अभिषेक गौरव, सदर अस्पताल, जमुई

पटना जाने के लिए पांच एंबुलेंस है। इसमें एक एंबुलेंस खराब है। एक एंबुलेंस की मरम्मत कराई गई है। एंबुलेंस नहीं मिल रही थी। इसकी जानकारी मुझे देना चाहिए था। एंबुलेंस नहीं रहने पर पीएचसी से भी एंबुलेंस मंगवा कर व्यवस्था कराई जाती है। एंबुलेंस समय पर मिले इसके लिए चालक और ईएमटी का मोबाइल नंबर के साथ लिस्ट लगाया जाएगा। -सन्नी, एंबुलेंस पदाधिकारी

मरीज की स्थिति गंभीर थी। दो महीने से उपचार चल रहा था। पटना जाने के लिए पांच एंबुलेंस है। दो एंबुलेंस के खराब रहने की जानकारी मुझे मिली है। एंबुलेंस मरीज को क्यों नहीं मिली, इसकी जांच की जाएगी। दोषी पर कार्रवाई होगी। -रमेश कुमार पांडेय, प्रबंधक, सदर अस्पताल, जमुई

एंबुलेंस खराब रहने और एंबुलेंस नहीं मिलने की जानकारी मुझे नहीं है। एंबुलेंस की वजह से युवती की मौत हुई है, तो इसकी जांच कराई जाएगी।- डॉ. कुमार महेंद्र प्रताप, सिविल सर्जन, जमुई

यह भी पढ़ें: Bihar News: लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ एक्शन में विशेष सचिव शशांक, PMCH चिकित्सकों से इस बात पर मांग लिया स्पष्टीकरण

MBBS Admission 2024: नीट टॉपर्स की पहली पसंद बना AIIMS Delhi, दूसरे पर JIPMER, ये है टॉप मेडिकल कॉलेजों की लिस्ट

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर