Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जमुई में अवैध धंधेबाजों का बढ़ा मनोबल! शराब बेचने से मना करने पर ईंट और लाठी-डंडे से पीटकर कर दी पंच की हत्या

जमुई में शराब बेचने से मना करने पर पंच की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। इस मामले में स्वजन ने आधे दर्जन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। यह घटना भंडरा गांव की है। इस मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए हैं।

By Jagran NewsEdited By: Mukul KumarUpdated: Mon, 02 Oct 2023 03:46 PM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

संवाद सहयोगी, जमुई। बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला पंचायत के भंडरा गांव में सोमवार की सुबह शराब बेचने से मना करने पर दबंगों ने पंच किष्टो सिंह (60) की पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतक किष्टो दूसरी बार निर्विरोध पंच निर्वाचित हुए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा है कि मृतक किष्टो सिंह का गांव में महादलित टोला में एक दुकान है। गांव के ही चंदन मांझी द्वारा शराब बनाकर अक्सर बेचा जाता था। रविवार की शाम किष्टो सिंह ने उसे शराब बेचने से मना किया था। जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

गभीर रूप से जख्मी होने के बाद ले जाया गया अस्पताल 

सोमवार की सुबह किष्टो अपनी दुकान पर गए और चंदन को शराब बेचने से मना किया। इसी से आक्रोशित चंदन मांझी, भोली मांझी, गोरे मांझी सहित आधा दर्जन लोगों ने ईंट और लाठी-डंडे से किष्टो की पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस हालत में उन्हें इलाज के लिए स्वजन द्वारा सदर अस्पताल लाया गया।

अस्पताल में चिकित्सक ने किष्टो को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। इधर, सूचना पाकर खैरा थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। वहां मामले की जानकारी ली।

यह भी पढ़ें- कोर्ट से केस वापस लेने का मामला: आरोपितों ने घर में घुसकर किया हमला, जान से मारने की भी दे डाली धमकी

पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजन को सौंपा गया

मृतक के पुत्र गुरुदेव सिंह ने पुलिस को बताया कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते उसके पिता बराबर चंदन मांझी को शराब बेचने से मना करते थे। इसी कारण उसके पिता की हत्या कर दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है।

यह भी पढ़ें- तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र में शराब माफियाओं का आतंक, उत्पाद विभाग की टीम पर कर दिया हमला; तीन जख्मी

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शव घर पहुंचते ही स्वजन के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। मृतक की पत्नी गीता देवी सहित अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें