Move to Jagran APP

'जब बिहार की जनता नीतीश कुमार को गद्दी से उठाकर फेंक देगी उस दिन..', सम्राट चौधरी ने CM को 'गजनी' बता किया वार

Bihar Politics शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर जमुई पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी एक बार फिर मुख्यमंत्री पर हमला करते हुए दिखे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गजनी फिल्म का हीरो बताते हुए मेमोरी लॉस मुख्यमंत्री बताया।

By Arvind KumarEdited By: Prateek JainPublished: Fri, 02 Jun 2023 08:47 PM (IST)Updated: Fri, 02 Jun 2023 08:47 PM (IST)
जब बिहार की जनता नीतीश कुमार को गद्दी से उठाकर फेंक देगी उस दिन..

संवाद सहयोगी, जमुई: शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर जमुई पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी एक बार फिर मुख्यमंत्री पर हमला करते हुए दिखे। 

शिल्पा विवाह भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गजनी फिल्म का हीरो बताते हुए मेमोरी लॉस मुख्यमंत्री बताया।

नीतीश कुमार ने बिहार‍ियों को शराबी बनाने का काम किया: सम्राट 

उन्होंने कहा कि हाल में ही नीतीश कुमार एक कार्यक्रम के दौरान दरभंगा में अपने आप को देश का प्रधानमंत्री बता दिए। उनकी मेमोरी लॉस हो चुकी है। अब उनका एक दिन भी मुख्यमंत्री रहना बिहार के लिए सही नहीं है। 

सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि बिहारियों को शराबी बनाने का काम भी नीतीश कुमार ने ही किया है, क्योंकि जब 2005 में नितेश कुमार की सरकार बनी तो उस समय प्रदेश में 987 शराब की दुकानें थीं, लेकिन जब 2016 में शराबबंदी हुई तो यह संख्या 11 गुणा बढ़कर 11,000 हो गई। 

बिहार में डोर टू डोर शराब पहुंच रही है, जिसका श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जाता है, क्योंकि वे प्रदेश के मुख्यमंत्री के अलावा गृह मंत्री भी हैं। 

पीएम मोदी देश को सर्वश्रेष्‍ठ बना रहे: भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष

उन्होंने कहा कि जहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को सर्वश्रेष्ठ बनाने में लगे हुए हैं। वहीं, नीतीश कुमार राज्य के खर्चे पर देशभर में भ्रमण कर गजनी फिल्म के हीरो की तरह प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का काम किया, लेकिन उन्हें बीच-बीच में एक कीड़ा काट लेता है, प्रधानमंत्री बनने का। पहली बार यह कीड़ा 2013 में काटा था।

अब पुनः 2022 में भी उसी कीड़े ने उनको काट लिया है वह फिर से प्रधानमंत्री बनने का सपना देखने लगे हैं और भ्रष्टाचारी एवं जंगलराज कायम करने वाले विपक्षी दलों के साथ मिलकर बिहार के लोगों को असुरक्षित कर दिया है। प्रदेश में कब किसकी हत्या हो जाए इसकी कोई गारंटी नहीं।

उन्होंने कहा कि बिहार भाजपा में 1100 के करीब मंडल अध्यक्ष हैं। हमारे मंडल अध्यक्ष इतने कर्मठ इमानदार और बुद्धिमान हैं कि यदि शीर्ष नेतृत्व कोई मंडल अध्यक्ष को भी मुख्यमंत्री उम्मीदवार बना देता है तो वह नीतीश कुमार से अच्छा मुख्यमंत्री साबित होगा।

सम्राट चौधरी ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का किया जिक्र

सम्राट चौधरी ने उत्तर प्रदेश में की चर्चा करते हुए कहा कि यूपी में बाबा कि सरकार है, जो 46 लाख करोड़ का कार्य कर रही है, वहीं हमारे बिहार का बजट मात्र दो लाख 61हजार करोड़ का ही है। यानी जहां बाबा की सरकार है, वह राज 13 गुना अधिक विकास कर रही है और जहां इंजीनियर मुख्यमंत्री हैं, वह राज्य 13 गुना पीछे है, जो काफी चिंता का विषय है।

इसलिए बिहार को श्रेष्ठ बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने में बिहार की जनता मदद करे, ताकि जमुई जैसे पिछड़े जिले भी पहले पायदान पर पहुंच सके। 

यहां सोने का भंडार मिला है, भाजपा सराकर बनी तो रोजगार का भी भंडार बनेगा: सम्राट

उन्होंने कहा कि जमुई में सोने का भंडार तो मिल ही गया है भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो रोजगार का भंडार भी यहां बनेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में भाजपा की सरकार आई तो प्रत्येक प्रखंड में यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। 

आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि जब जब देश में आरक्षण देने का कार्य हुआ है तब भाजपा का योगदान अहम रहा है। 15 साल लालू-राबड़ी की सरकार में किसी को आरक्षण क्यों नहीं दिया गया? नीतीश कुमार ने भी आरक्षण दिया तो उसके पीछे सुशील मोदी का हाथ है। कर्पूरी ठाकुर के समय भी भाजपा के सहयोग से आरक्षण मिला था।

वहीं, केंद्र में वीपी सिंह की सरकार में मिले आरक्षण में भी भारतीय जनता पार्टी कि सरकार ने समर्थन देकर मंडल कमीशन को लागू करवाया था, उस समय नीतीश कुमार ने मंडल कमीशन का विरोध किया था।

राम मंदिर पर भी बोले सम्राट चौधरी

सम्राट चौधरी ने कहा कि हम लोग आज जिस तरह जमुई में टेंट में सभा कर रहे हैं, उसी प्रकार 450 वर्षों से हमारे भगवान राम भी टेंट में निवास कर रहे थे। नरेंद्र मोदी ने भव्य राम मंदिर निर्माण का शिलान्यास कर भगवान राम को टेंट से घर में लाने का कार्य कर रही है। आने वाले 14 जनवरी 2024 को हिंदू विधि विधान के साथ पूजा कर राम मंदिर देश को समर्पित किया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों ने तो भगवान राम को टेंट से उठाकर घर में लाने का काम कर दिया है, अब बिहार के लोगों की बारी है। भाजपा का संकल्प है यदि बिहार में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत से आती है तो माता सीता का भी भव्य मंदिर बिहार में बनाया जाएगा। 

जब यूक्रेन में युद्ध छिड़ा था तो वहां रह रहे भारत के लोग तिरंगे बनाकर वहां से निकले थे इतना ही नहीं तिरंगे के सहारे हमारे दुश्मन देश पाकिस्तान के लोग भी यूक्रेन से बाहर निकले। यह है नरेंद्र मोदी की ताकत। नरेंद्र मोदी की सरकार ने नौ साल में बेमिसाल कार्य किया है।

भारत के करोड़ों लोगों को सीधे आवास, आयुष्मान कार्ड एवं अनाज पहुंचाने का कार्य किया है, लेकिन विपक्ष की महागठबंधन सरकार सीधे लूटने की तैयारी कर रहे हैं।

आज नरेंद्र मोदी ने सभी भ्रष्टाचारी विपक्षी दलों के दुकानों में शटर लगाने का काम किया है। चाहे वह कांग्रेस हो, बसपा-सपा हो या ममता दीदी इसलिए सभी भ्रष्टाचारी एक होकर अपने दुकान का शटर खोलने का प्रयास कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने ही अनुच्‍छेद 370 को हटाकर कश्मीर में तिरंगा लहराने का कार्य किया है। 

उन्होंने अपनी पगड़ी के बारे में चर्चा करते हुए कहा,

मजदूरी करने वाले लोगों का निशान पगड़ी ही होता है। मैं इसलिए पार्टी के लिए पगड़ी बांधकर मजदूरी कर रहा हूं, जब बिहार की जनता नीतीश कुमार को गद्दी से उठाकर फेंक देगी, उस दिन हम पगड़ी खोल देंगे। 

बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने जमुई आगमन के पश्चात कचहरी चौक स्थित बाबा साहब भीमराव आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के गरीब, शोषित, दलित और पीड़ित वर्ग के लोगों को आवाज देने का काम किया था।

उन्होंने समाज से छुआछूत मिटाने के लिए हर संभव कदम उठाया था। हम सबों को उनके बताए हुए सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करके आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।

बाबा साहब ने समाज के लोगों को नई राह दिखाने का काम किया था। इस अवसर पर सदर विधायक श्रेयसी सिंह, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, बृजनंदन सिंह, शंकर प्रसाद साह, कंचन देवी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

सामाजिक सौहार्द कायम रखने को लेकर निकाली गई साइकिल रैली

सामाजिक सौहार्द और भाईचारा का संदेश देने को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पूरे नगर क्षेत्र में साइकिल रैली निकाली गई।

साइकिल रैली शिल्पा विवाह भवन से प्रारंभ होकर पूरे बाजार का भ्रमण करते हुए महाराजगंज स्थित केंद्रीय पुस्तकालय के परिसर में पहुंचकर समाप्त हो गई।

प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्व में लोग साइकिल के माध्यम से एक जगह से दूसरी जगह जाते थे और लोगों से मिलने-जुलने का काम करते थे। इसलिए हम सभी को अपनी प्राचीन परंपरा को भी कायम रखना चाहिए।

महाराजगंज बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर साइकिल रैली का स्वागत किया। इस अवसर पर सदर विधायक श्रेयसी सिंह, लोक सभा प्रभारी रविंद्र सिंह कल्लू, समाजसेवी डॉ. नीरज कुमार साह, विनय कुमार पांडे समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.