Move to Jagran APP

बिहार में दिल दहला देने वाली घटना, एक ही परिवार के 5 बच्चों की डूबने से मौत; गांव में छाया मातम

बिहार के भभुआ में दिवाली की अगली सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घट गई। रामपुर प्रखंड के धवपोखर गांव में एक ही परिवार के पांच बच्चों की डूबने से मौत हो गई जबकि इसी परिवार के तीन अन्य बच्चे भी साथ में स्नान करने गए थे लेकिन संयोगवश वे सुरक्षित बच गए। मृतकों में तीन सगी बहन एक चचेरी बहन व एक फुफेरा भाई शामिल है।

By Ravindra Nath BajpaiEdited By: Rajat MouryaUpdated: Mon, 13 Nov 2023 03:22 PM (IST)
Hero Image
बिहार में दिल दहला देने वाली घटना, एक ही परिवार के 5 बच्चों की डूबने से मौत

संवाद सूत्र, रामपुर। जिले के रामपुर प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र अंतर्गत धवपोखर गांव में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घट गई। जिसे सुनकर हर किसी का कलेज फट गया। गांव के पांच बच्चे तालाब में स्नान करने के दौरान डूब गए। जिनकी मौत हो गई। पांचों एक ही परिवार के बच्चे हैं। जबकि इसी परिवार के तीन अन्य बच्चे भी साथ में स्नान करने गए थे, लेकिन संयोगवश वे सुरक्षित बच गए।

मृतकों में शिक्षक सुशील राम की तीन पुत्री शामिल हैं। जिसमें अनु प्रिया 12 वर्ष, अंशु प्रिया दस वर्ष व मधु कुमारी आठ वर्ष शामिल है। जबकि उनके छोटे भाई सुनील राम की एक पुत्री अपुर्वा कुमारी चार वर्ष व सुशील व सुनील की बहन रिंकू देवी का पुत्र अमन कुमार चार वर्ष की भी डूबने से मौत हो गई।

वहीं, सुनील राम का पुत्र आयुष दस वर्ष व पुत्री आयुषी आठ वर्ष व सुशील राम का एक पुत्र अंकित कुमार 11 वर्ष बच गए। मृतकों में अमन कुमार रोहतास जिले के मुफ्स्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धनखाड़ा गांव निवासी जोखू राम का पुत्र है। जबकि अन्य धवपोखर गांव के ही हैं।

खाना लेकर खेत पहुंचे और फिर स्नान करने तालाब चले गए

बताया जाता है कि रिंकू देवी अपने मायके धवपोखर दो दिन पूर्व आई थी। उन्होंने अपने मायके में खेती की है। वह सोमवार की सुबह धान की कटनी करने गई थी। उन्हें खाना लेकर सभी आठ बच्चे खेत पर गए। खाना देकर वे कुड़ारी गांव के मौजा में स्थित फकीराना तालाब में स्नान करने लगे। इसी दौरान पांच बच्चे गहरे पानी में चले गए। जबकि तीन तालाब के किनारे ही थे।

धान काट रही थी रिंकू देवी, तभी मिली जानकारी

तीनों ने जब पांचों बच्चों को डूबते हुए देखा तो खेत पर धान की कटनी कर रही रिंकू देवी के यहां पहुंच कर जानकारी दी। वहां से रिंकू देवी तालाब पर आई तो उन्होंने कोशिश कर दो बच्चों को बचा लिया, लेकिन इस दौरान वह भी डूबने लगी। किसी तरह प्रयास कर उन्होंने अपने आप को बचा लिया। तब तक गांव का एक युवक तालाब की तरफ आया तो उसे घटना की जानकारी हुई।

उसने ही गांव में फोन से सूचना दी तब गांव के लोग पहुंचे और पानी में डूबे तीन बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को चेनारी के पास स्थित तेलाड़ी में निजी अस्पताल में ले गए। वहां से फिर कुदरा ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच कर पांचों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुन: सभी के शव को लेकर ग्रामीण गांव चले आए।

ये भी पढ़ें- स्नैक्स के गोडाउन में लगी आग, धू-धू कर जल गया 27 लाख का सामान और 3 लाख की नकदी; मालिक ने पकड़ लिया सिर

ये भी पढ़ें- Begusarai News: रंगबाजी नहीं देने पर दुकानदार को लाठी-डंडे से पीटा, बचाने आए चाचा का भी बदमाशों ने तोड़ा पैर; एक की स्थिति नाजुक

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें