Move to Jagran APP

तालाब में डूबने से किशोर सहित दो की मौत

कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड के सबार थाना व चैनपुर थाना क्षेत्र के गांवों के तालाब में डूब

By JagranEdited By: Updated: Sat, 25 Jul 2020 05:59 PM (IST)
Hero Image
तालाब में डूबने से किशोर सहित दो की मौत

कैमूर : जिले के रामपुर प्रखंड के सबार थाना व चैनपुर थाना क्षेत्र के गांवों के तालाब में डूबने से एक किशोर व एक युवक की मौत हो गई। दोनों घटना शुक्रवार की रात की बताई जाती है। पहली घटना रामपुर प्रखंड के सबार थाना क्षेत्र अंतर्गत अमांव गांव के हाई स्कूल के बगल में स्थित तालाब में हुई। जिसमें खेलने के लिए घर से निकला एक किशोर डूब गया और उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अमांव गांव निवासी श्रीधर राम के पुत्र मुकेश कुमार 15 वर्ष के रूप में हुई। पिता श्रीधर राम ने बताया कि शुक्रवार की शाम में मुकेश खेलने के लिए घर से बाहर निकला। जो देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। तब आस पड़ोस व रिश्तेदारों के यहां भी जानकारी ली गई। लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। शनिवार की सुबह कुछ लोग टहलने के लिए हाई स्कूल की तरफ गए। वहां पर स्थित तालाब में किसी को उतराते हुए देखा गया। इसके बाद उसको बाहर निकाला गया तो देखा गया कि वह मुकेश था और उसकी मौत हो गई थी। वहीं दूसरी घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नाटी में स्थित तालाब में हुई। जहां शनिवार की सुबह तालाब से एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान स्व. संकट्ठा प्रसाद के पुत्र इंदल प्रसाद 35 वर्ष के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नाटी निवासी इंदल प्रसाद शुक्रवार की रात अपने घर की छत पर सोए थे। बताया जा रहा है कि उनके मकान से सटे ही तालाब है। बारिश से तालाब में पानी भरा हुआ है। इंदल प्रसाद रात के समय लघु शंका करने के लिए उठे और किसी तरह बाउंड्री के पास से उनका पैर फिसल गया। इसके चलते वह तालाब में जा गिरे। छत पर सोए अन्य परिवारों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह में जब खोजबीन की जाने लगी तो ग्रामीणों ने तालाब में इंदल का शव देखा। इसके बाद परिजनों को जानकारी हुई। दोनों ही घटनाओं में सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजी। जहां से पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव को उनके परिजनों को दाह संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें