Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar: कटिहार में एक ट्रक से 30 लाख रुपये का प्रतिबंधित मांस बरामद, दो गिरफ्तार

कटिहार में एक ट्रक से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद होने की खबर सामने आई है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि मांस किस पशु की है इसके बारे में अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। इससे पहले बिहार में दाउदनगर (औरंगाबाद) से पुलिस ने एक पिकअप से प्रतिबंधित पशुओं का मीट जब्त किया था।

By Jagran NewsEdited By: Jagran News NetworkUpdated: Sun, 27 Aug 2023 01:41 PM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। फोटो- जागरण

जागरण संवाददाता, कटिहार: बिहार के कटिहार में रविवार की अहले सुबह करीब तीन बजे कोढ़ा पुलिस ने सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग 81 पर खेरिया के समीप से प्रतिबंधित मांस लदा ट्रक बरामद किया। पुलिस ने ट्रक के चालक व उपचालक को गिरफ्तार कर लिया।

जब्त ट्रक पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस लदा था। मांस किस पशु का है यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। विशेषज्ञ द्वारा बरामद मांस की जांच कराई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस को सूचना मिली कि प्रतिबंधित मांस लदा ट्रक कटिहार की ओर जा रहा है।

पूछताछ के दौरान नहीं मिला संतोषजनक जवाब

सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना अध्यक्ष आलोक राय ने पुलिस बल के साथ खेरिया के समीप ट्रक रोककर चालक से पूछताछ की। पूछताछ में किसी तरह का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक व उपचालक को गिरफ्तार कर लिया।

जांच होने का हवाला देते हुए पुलिस ने गिरफ्तार चालक व उपचालक का नाम व पता बताने से तत्काल इनकार किया। थाना अध्यक्ष आलोक राय ने बताया कि सूचना के आधार पर एक ट्रक को खेरिया के समीप से जब्त किया गया। ट्रक पर कच्चा मांस लदा था। बरामद मांस की जांच कराई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक मांस को समस्तीपुर से कटिहार के रास्ते बंगाल की ओर ले जाया जा रहा था। विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मांस लदा ट्रक की सूचना कोढ़ा पुलिस को दी। अनुमान के मुताबिक ट्रक से करीब 30 लाख का कच्चा मांस बरामद किया गया है।

इससे पहले, पुलिस ने शुक्रवार को औरंगाबाद जिले में दाउदनगर के मौलाबाग से पिकअप पर लदा प्रतिबंधित पशु का मांस जब्त किया था। इसके साथ, बाइक भी जब्त हुई थी। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़ भाग गया। इस मामले में गौ ज्ञान फाउंडेशन की लता देवी द्वारा प्राथमिकी कराई गई थी।

कोलकाता ले जा रहे थे मांस

आवेदन में कहा गया कि शुक्रवार को आधी रात उन्हें सूचना मिली कि पिराहीबाग निवासी मकदूम शहाबुद्दीन कुरेशी उर्फ बबलू कुरैशी, मोहम्मद अशरफ इमाम कुरैशी और साजिद कुरैशी द्वारा बबलू कुरैशी के बगीचे में बड़े पैमाने पर गोवंश का कत्ल किया जा रहा है।

आवेदन में यह भी बताया गया कि बदमाश पशुओं का चार टुकड़ा कर उन्हें बर्फ की सिल्ली में दबाकर एक वाहन से रफीगंज से कोलकाता ले जा रहे हैं।

बड़े पैमाने पर किया जाता है वध

उन्होंने इसकी सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए वाहन को मौलाबाग में रोका गया। चालक भाग गया जिसका नाम अफाक उर्फ भोंदू निवासी पिराहीबाग है।

प्राथमिकी में कहा गया कि उपरोक्त व्यक्तियों द्वारा वर्णित स्थान पर बड़े पैमाने पर गोवंश को लाकर बबलू के बगीचे में रखा जाता है तथा उन्हें वध करके उनके मांस को राज्य से बाहर निर्यात किया जा रहा है।

कहा गया कि बकरीद में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित पशु को मारा गया तथा उसके मांस, चमड़े, हड्डी को वहीं बगीचे में गड्ढा खोदकर दफना दिए गए। इस संबंध में पदाधिकारी को पहले से ही सूचित किया गया था परंतु कार्रवाई नहीं हुई।

लता ने कहा कि आरोपितों द्वारा या उनके एजेंट के माध्यम से सड़क पर बेसहारा घूम रहे गोवंश को और किसानों के दरवाजे से चोरी कर उसे काटकर मांस प्रोसेसिंग यूनिट में भेज करके भैंस के नाम पर डिब्बा बंद करके देश से बाहर भेजा जा रहा है। जो दंडनीय अपराध है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर