Move to Jagran APP

Katihar Firing: कटिहार के बारसोई गोलीकांड को लेकर 41 नामजद और 1200 अज्ञात पर FIR दर्ज

कटिहार के बारसोई में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे लोगों की भीड़ पर पुलिस फायरिंग में दो की मौत हो गई थी। हालांकि पुलिस ने ऐसा होने से इनकार करते हुए एक सीसीटीवी फुटेज भी जारी की है। इस मामले में अब प्रशासनिक जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

By Jagran NewsEdited By: Yogesh SahuUpdated: Sat, 29 Jul 2023 02:46 PM (IST)
Hero Image
Katihar Firing: कटिहार के बारसोई गोलीकांड को लेकर 41 नामजद और 1200 अज्ञात पर FIR दर्ज

नीरज कुमार/जासं, कटिहार। बिहार में कटिहार के बारसोई में अनियमित विद्युत आपूर्ति के विरोध में प्रदर्शन कर रही भीड़ पर पुलिस फायरिंग में दो युवकों की मौत व एक के जख्मी होने के मामले में सभी की निगाहें प्रशसनिक जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

प्रशासन का दावा है कि भीड़ में एक अज्ञात युवक गोली चला रहा था। उसी की गोली से सोनू की मौत हुई है। खुर्शीद की मौत व नियाज के घायल होने के मामले में भी जांच की बात कही जा रही है।

प्रशासनिक स्तर से भी घटना की जांच शुरू कर दी गई है। डीएम रवि प्रकाश व एसपी जितेंद्र कुमार के अलावा जांच टीम में शामिल अपर समाहर्ता विजय कुमार व मुख्यालय डीएसपी रश्मि ने बारसोई पहुंच घटना की जांच की।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक अज्ञात युवक द्वारा पिस्टल से गोली चलाए जाने का फुटेज मिलने व गोली लगने से समीप ही खड़े सोनू की मौत होने की बात प्रशासनिक स्तर से कही जा रही है।

41 नामजद और 1200 अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज

घटना को लेकर पुलिस ने 41 नामजद व 1200 अज्ञात के विरुद्ध उपद्रव, पथराव व हंगामा करने के मामले में केस किया है। डीएम व एसपी ने बारसोई एसडीओ व एसडीपीओ के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।

बारसोई की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस अब भी कैंप कर रही है। पुलिस का कहना है कि भीड़ के पथराव में नौ पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं।

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक जल्द ही प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मुख्यालय प्रतिवेदित कर सकते हैं।

मुख्यालय से जांच रिपोर्ट भेजने का निर्देश आते ही शुक्रवार सुबह डीएम व एसपी बारसोई के लिए रवाना हो गए। पुलिस मुख्यालय भी पल-पल की गतिविधियों से संबंधित जानकारी ले रहा है।

बताया जा रहा है कि डीएम-एसपी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मुख्यालय को प्रतिवेदित कर सकते हैं। अंतिम रूप से रिपोर्ट सौंपे जाने में कुछ समय लग सकता है। घटना में मृतक के शव से निकाली गई गोली को एफएसल जांच के लिए भेजा गया।

बारसोई की घटना को लेकर प्रशासनिक स्तर से जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात युवक द्वारा गोली चलाने का फुटेज मिला है। अज्ञात द्वारा चलाई गई गोली से ही सोनू की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस को बल प्रयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ा। हर बिंदु को खंगाला जा रहा है। जल्द ही घटना के कारणों की पूरी पड़ताल कर ली जाएगी। - रवि प्रकाश, डीएम, कटिहार

पुलिस कर रही है कैंप

गोलीकांड के तीसरे दिन शुक्रवार को बारसोई बाजार में स्थिति सामान्य रही। पुलिस अब भी कैंप कर रही है। मुहर्रम को देखते हुए पुलिस अतिरिक्त चौकसी बरत रही है। बारसोई बाजार में दुकानें भी खुलीं, लेकिन आम दिनों की तरह लोगों की आवाजाही कम देखी गई है।

शाम होते ही बाजार में सन्नाटा पसर जाता है। धीरे धीरे जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। सोनू के पिता माणिक चंद्र साह ने कहा कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्हें न्याय चाहिए। सोनू के पिता के आवेदन पर भी मामला दर्ज कर लिया गया है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।