Move to Jagran APP

बिहार : 14 वर्ष तनिष्का ने कर दिया कमाल, जब जादू की छड़ी लेकर मैदान में उतरती हैं सभी रह जाते हैं दंग

बिहार के खगडि़या की 14 वर्ष की लड़की तनिष्का ने कमाल कर दिया। तनिष्‍का जब जादू की छड़ी लेकर मैदान में उतरती हैं सभी दंग रह जाते हैं। बैडमिंटन कोर्ट में उसे देखने काफी संख्‍या में लोग आते हैं।

By Jagran NewsEdited By: Dilip Kumar shuklaUpdated: Tue, 15 Nov 2022 02:41 PM (IST)
Hero Image
बिहार खगडि़या की तनिष्‍का, पीवी सिंधु के साथ।

निर्भय, खगड़िया। बिहार के खगड़िया की बेटी बैडमिंटन परी तनिष्का रणधीर की आयु अभी महज 14 वर्ष की है। खगड़िया के सन्हौली गांव निवासी तनिष्का रणधीर जब रैकेट लेकर बैडमिंटन कोर्ट पर उतरती है, तो लगता है कि उनकी हाथों में जादू की कोई छड़ी है। इतनी कम उम्र में उन्होंने कई पुरस्कार जीते हैं। फिलहाल ज्वाला गुट्टा आफ एक्सलेंस, हैदराबाद में द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित प्रसिद्ध कोच मु. आरिफ से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

तनिष्का ने किया बेहतरीन प्रदर्शन

तनिष्का ने बीते 11 नवंबर को खगड़िया में आयोजित स्टेट सब जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता के बालिका वर्ग (15 आयु वर्ग) में जबरदस्त प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में सीधे सेट में मुजफ्फरपुर के सुहानी को 21-14, 21-17 से परास्त कर दिया। इस प्रकार उन्होंने स्टेट चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। उन्‍हें काफी लोगों ने बधाई दी है। 

पिता ने ली खेल की शिक्षा

तनिष्का के पिता बिप्लव रणधीर भी बैडमिंटन के अच्छे खिलाड़ी रहे हैं। उनकी छोटी बहन परिणीता रणधीर भी बैडमिंटन खेलती हैं। बिप्लव रणधीर ने कहा कि, तनिष्का की बैडमिंटन में रूचि को देखकर आगे बढ़ाने का फैसला लिया। 2017 से प्रशिक्षक राकेश रंजन के प्रशिक्षण में बैडमिंटन का सफर प्रारंभ हुआ। 2018 में पहली बार मधुबनी में आयोजित अंडर-13/15 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होकर तनिष्का बालिका वर्ग में दूसरे राउंड तक पहुंची थी।

कई पुरस्‍कार जीते

2019 में खगड़िया जिला बैडमिंटन संघ ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की, जिसमें तनिष्का बालिका वर्ग में एकल विजेता हुई। 2019 में कई प्रतियोगिता खेलने के बाद तनिष्का के पिता बिप्लव रणधीर को लगा कि अब इसे उच्च प्रशिक्षण की जरूरत है। इसके बाद से तनिष्का 2021 से हैदराबाद में ज्वाला गुट्टा आफ एक्सलेंस में प्रशिक्षणरत हैं। तनिष्का फरवरी 2022 में मोतिहारी में आयोजित राज्य स्कूली प्रतियोगिता की विजेता बनी। यह बड़ी उपलब्धि थी। लोगों ने कहा कि अगर तनिष्‍का को सरकार अपने स्‍तर पर सुविधा दे तो यह लड़की कमाल कर देगी। 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।