Move to Jagran APP

Khagaria: 4 साल के ‘गूगल ब्वॉय’ रिक्की को पता हैं 2000 से ज्यादा प्रश्नों के उत्तर और UPSC के सवालों के जवाब

Google Boy Rikki Raj 4 साल के रिक्की राज को यूपीएससी के मुश्किल सवालों के जवाब सहित दो हजार से ज्यादा प्रश्नों के उत्तर पता हैं। रिक्की की पहचान खगड़िया का कौटिल्य नाम से बन गई है। इसकी प्रतिभा देखकर लोग हैरान हुए बिना नहीं रह पाते।

By Amit JhaEdited By: Jagran News NetworkUpdated: Thu, 27 Apr 2023 05:54 PM (IST)
Hero Image
4 साल के खगड़िया के गूगल ब्वॉय रिक्की राज को मुश्किल सवालों के जवाब हैं कंठस्थ

जागरण संवाददाता, खगड़िया: प्रतिभा कहीं भी हो वह अपनी पहचान बना ही लेती है। प्रतिभा छुपती नहीं है। प्रतिभा की राह में गरीबी रोड़ा नहीं बन सकती है। इन कहावतों को सच कर दिखाया है खगड़िया सदर प्रखंड से मात्र 6 किलोमीटर की दूरी पर मालती नदी के किनारे माड़र उत्तरी गांव के चार वर्षीय रिक्की राज ने। रिक्की राज खगड़िया का ‘कौटिल्य’ है। वह यूपीएससी की परीक्षा में पूछे जाने वाले सवालों का बेबाकी से जवाब देता है। 

प्रतिभा के कायल हुए लोग

महज चार साल की उम्र को रिक्की का अभी तक किसी स्कूल में दाखिला नहीं है। घर के बगल के आंगनबाड़ी केंद्र पर स्कूल पूर्व शिक्षा ग्रहण कर रहा है। लेकिन चार साल का रिक्की कठिन से कठिन सवालों का जवाब आसानी से दे देता है। उसकी प्रतिभा का मोहल्ले के लोग लोहा मानने लगे हैं। पूरा माड़र गांव रिक्की को गूगल ब्वॉय के नाम से जानता है।

पिता घर-घर पढ़ाते हैं ट्यूशन

महादलित परिवार से आने वाले रिक्की के पिता मदन पासवान घर-घर ट्यूशन पढ़ा कर जीवन की गाड़ी खींच रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने एक कमरे के मकान में उनका परिवार रहता है। मदन पासवान बताते हैं कि वह जहां ट्यूशन पढ़ाने जाते हैं बेटे को साथ लेकर जाते हैं। उसमें सीखने की गजब की ललक है। वह घर के बगल में स्थित, वॉर्ड संख्या- 11 के आंगनबाड़ी केंद्र पर स्कूल पूर्व शिक्षा ग्रहण कर रहा है।

मुश्किल से मुश्किल सवालों के जवाब पता हैं

जागरण की टीम ने जब खगड़िया के गूगल ब्वॉय से देश- विदेश से संबंधित प्रश्न पूछे, तो उसने बड़ी ही सहजता से सभी प्रश्नों का जवाब दिया। चार साल की उम्र में ही उसे दुनिया के लगभग सभी देशों की राजधानी, भारत के सभी राज्यों की राजधानियों के नाम मालूम हैं। सामान्य ज्ञान के करीब दो हजार से अधिक प्रश्नों के उत्तर कंठस्थ हैं। शरीर के अंगों के बायोलॉजिकल नाम, जो बेहद कठिन होते हैं, उसे जबानी याद हैं। वो सामान्य ज्ञान के प्रश्नों का जवाब पलक झपकते देता है। इस ‘गूगल ब्वॉय’ को देश में कितने राज्य, प्रदेश में कितने जिले, राज्यों के मुख्यमंत्री आदि के नाम सहजता से याद हैं।

दलित सेना के जिला अध्यक्ष ने उठाई पढ़ाई की जिम्मेदारी

चार साल का रिक्की राज कुशाग्र बुद्धि का परिचय दे रहा है। पिता गरीबी से जूझ रहे हैं। इसलिए इस ‘गूगल ब्वॉय’ के आगे की पढ़ाई की जिम्मेदारी दलित सेना के जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पासवान ने उठाई है। उनका मानना है कि यह भगवान का वरदान है। वर्ना इतनी कम उम्र में बच्चों को बोलना भी नहीं आता है। बालकृष्ण पासवान कहते हैं- "रिक्की राज पर ज्ञान की देवी सरस्वती की असीम कृपा है। रिक्की की आगे की पढ़ाई में जो भी खर्च लगेगा, हम उसकी जिम्मेदारी लेते हैं।"

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।