Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar News: नेपाल में हुई मूसलाधार बारिश, बिहार के इस जिले में दिख रहा असर; कोसी-बागमती ने पकड़ी रफ्तार

नेपाल में बीते कई दिनों से मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। नेपाल में हो रही बारिश का असर अब बिहार के खगड़िया जिले में दिखने लगा है। कोसी और बागमती नदी ने रफ्तार पकड़ ली है। कोसी किनारे अवस्थित बेलदौर प्रखंड स्थित इतमादी पंचायत के मुखिया हिटलर शर्मा ने बताया कि गुरुवार की रात से पानी तेजी से बढ़ रहा है। दो से तीन हाथ पानी बढ़ा है।

By Amit Jha Edited By: Rajat Mourya Updated: Fri, 21 Jun 2024 03:21 PM (IST)
Hero Image
नेपाल में हुई मूसलाधार बारिश, खगड़िया में दिख रहा असर; कोसी-बागमती ने पकड़ी रफ्तार

जागरण संवाददाता, खगड़िया। नेपाल में बीते दिनों कोसी और बागमती के जलग्रहण क्षेत्र में हुई मूसलाधार वर्षा का असर खगड़िया में दिखने लगा है। कोसी-बागमती उफान पर है। कोसी किनारे अवस्थित बेलदौर प्रखंड स्थित इतमादी पंचायत के मुखिया हिटलर शर्मा ने बताया कि गुरुवार की रात से पानी तेजी से बढ़ रहा है। दो से तीन हाथ पानी बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि चोढ़ली के पास कोसी की पुरानी धारा में पानी आ गया है। मुखिया के अनुसार, जलस्तर में वृद्धि के कारण गांधीनगर-चोढ़ली पथ पर निर्माणाधीन पुल का कार्य रुक गया है।

उन्होंने कहा कि इतमादी- गांधीनगर अब टापू में तब्दील हो गया है। जानकारी के अनुसार पचाठ-मुनि टोला के समीप भी कोसी पूरी रफ्तार से बह रही है। मुनि टोला और नदी की दूरी दिनोंदिन कम होती जा रही है।

कोसी बीते 24 घंटे में 38 सेंटीमीटर बढ़ी

इधर, खगड़िया के बलतारा में शुक्रवार की सुबह छह बजे कोसी का जलस्तर 32.52 मीटर दर्ज किया गया। गुरुवार की सुबह छह बजे कोसी का जलस्तर 32.14 मीटर था।

बीते 24 घंटे में कोसी के जलस्तर में 38 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी हुई है। कोसी की प्रवृति बढ़ने की बताई गई है। कोसी बलतारा में खतरे के निशान से एक मीटर 31 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।

बागमती संतोष जलद्वार के पास खतरे के निशान से 91 सेंटीमीटर नीचे है

दूसरी ओर, बागमती के जलस्तर में भी वृद्धि हुई है। शुक्रवार की सुबह खगड़िया के संतोष जलद्वार के पास बागमती का जलस्तर 34.72 मीटर दर्ज किया गया। गुरुवार की सुबह यहां बागमती का जलस्तर 34.08 मीटर था।

बीते 24 घंटे में बागमती के जलस्तर में 64 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी हुई है। बागमती पूरी रफ्तार से बढ़ रही है। प्रतिघंटे लगभग तीन सेंटीमीटर के हिसाब से बागमती बढ़ रही है। प्रवृति बढ़ने की बताई गई है। बागमती संतोष जलद्वार के पास खतरे के निशान से 91 सेंटीमीटर नीचे है।

ये भी पढ़ें- Monsoon in Bihar बिहार में मानसून देरी से क्यों आया? सामने आई ये वजह; बीते 10 साल में रहा यह हाल

ये भी पढ़ें- Bihar Weather Today: बिहार पहुंचा मानसून, 5 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी; किसान रहें सावधान