Move to Jagran APP

राजकीय वाचस्पति स्मृति पर्व समारोह की सभी तैयारी पूरी

दो दिवसीय राजकीय वाचस्पति पर्व समारोह 16-17 मार्च को ठाढ़ी में धूमधाम से मनाया जायेगा।

By JagranEdited By: Mon, 11 Mar 2019 11:30 PM (IST)
राजकीय वाचस्पति स्मृति पर्व समारोह की सभी तैयारी पूरी

मधुबनी। दो दिवसीय राजकीय वाचस्पति पर्व समारोह 16-17 मार्च को ठाढ़ी में धूमधाम से मनाया जायेगा। समारोह के आयोजन की सभी तैयारी पूरी हो चुकी है। इस बात की जानकारी देते हुए आयोजक समिति ने बताया कि समारोह फुलदेवी कुशेश्वर झा महाविद्यालय परिसर मे विभिन्न सत्रों में मनाया जायेगा। इस दो दिवसीय स्मृति पर्व समारोह में मिथिला की प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर के साथ साथ कत्थक, ओडिसी, लोक नृत्य के कलाकारों के साथ साथ प्रसिद्ध लोक गायक गायिका भाग लेंगे। कार्यक्रम में वाचस्पति मिश्र पर एक लघुवृत चलचित्र भी दिखाया जाएगा।

कौन थे षडदर्शन टीकाकार पं वाचस्पति मिश्र - बताते चलें की वाचस्पति मिश्र ठाढ़ी गांव के थे और यही रहकर उन्होंने न्याय वेदांत सांख्य योग एवं मीमांसा पर विश्व प्रसिद्ध भामती टीका सहित आठ पुस्तके लिखी थी। जनश्रुति है कि देव गुरु बृहस्पति के पुत्र कच वाचस्पति से शिक्षा लेने यहां आए थे। वर्षो पूर्व पूरी के शंकराचार्य ठाढ़ी स्थित उनके जन्मडीह पर आकर ग्रामवासियों को स्मारक निर्माण करने की प्रेरणा दी थी। उनके प्रेरणा से गांव के लोगों ने एक समिति बनाकर उनकी मूर्ति लगाने की कवायद शुरू की थी। किबदंती है की मिश्रायन पोखर के बगल में वाचस्पति डीह है। आज भी अंधराठाढ़ी के ब्राह्मणों में उसी डीह के मिट्टी से बच्चे का अक्षर आरम्भ करवाने की परम्परा कायम है।

समारोह में देश प्रदेश के दर्जनों मूर्धन्य विद्वानों सहित सहित दर्जनों कवि, विद्वान, राजनीतिक सामाजिक लोग और प्रशासनिक अधिकारियों के भाग लेने की सम्भावना है। साथ ही पूर्व वर्ष की भांति पांच विभिन्न विषयों में विशिष्ट योगदान देने वाले पांच विभिन्न व्यक्तियों को पांच महापुरुषों के नाम पर सम्मान प्रदान किया जाएगा। विद्या वारिधि वाचस्पति दर्शन सम्मान, चंदा झा मैथिली दर्शन सम्मान, भामती स्त्री सम्मान, न्यान्देव सामाजिक एवं आर्थिक सम्मान एवं बीएल दस कला सम्मान दिया जाएगा। साथ ही दो दिवसीय कार्यक्रम आठ विभिन्न सत्रों में आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन सत्र, दर्शन एवम साहित्य, कला एवम संस्कृति, पुरात्व, आर्थिक विकास, कवि गोष्ठी और संगीत संध्या सत्र प्रमुख है। कार्यक्रम का समय 11 बजे दिन से रात्रि 10 बजे तक निर्धारित किया गया।