Move to Jagran APP

सीओ ने लिया धौंस नदी के तटबंध व जलस्तर का जायजा

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण प्रखंड के मध्य होकर गुजरने वाली धौंस नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिसको देखते हुए बाढ़ की संभावना बढ़ गई है।

By JagranEdited By: Updated: Fri, 02 Jul 2021 01:02 AM (IST)
Hero Image
सीओ ने लिया धौंस नदी के तटबंध व जलस्तर का जायजा

मधुबनी । नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण प्रखंड के मध्य होकर गुजरने वाली धौंस नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिसको देखते हुए बाढ़ की संभावना बढ़ गई है। गुरुवार को मधवापुर अंचलाधिकारी रामकुमार पासवान ने धौंस नदी के तटबंध व जलस्तर का जायजा लिया। उन्होंने बसवरिया, पिहवाड़ा, पतार, विशनपुर, पकड़शाम, पकड़ी में धौंस नदी के तटबंध व जलस्तर का जायजा लिया और ग्रामीणों से बाढ़ से पूर्व तैयारी पर चर्चा की। साथ ही सीओ ने साहरघाट बाजार में लगे जलजमाव के निदान को लेकर पहल की। रामजानकी चौक पर अतिक्रमित जगह पर जलनिकासी करवाकर पानी को नहर के तरफ मोड़ने का काम किया। जानकारी देते हुए सीओ ने कहा कि बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर प्रखंड प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। धौंस नदी के तटबंध व संभावित बाढ़ ग्रस्त इलाके का भ्रमण कर बाढ़ के समय मुक्कमल व्यवस्था पर अवलोकन किया है। जिसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी। खासकर नाव, चिकित्सा व राशन की व्यवस्था पर ही ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बाढ़ के समय में लोगों तक जरूरी चीजें पहुंचाई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि साहरघाट में जलजमाव की समस्या से निजात के लिए पहल किया जा रहा है। पानी निकासी के लिए स्थानीय भूस्वामियों से आग्रह कर जलनिकासी की पहल किया जाएगा। इसके लिए सामाजिक स्तर पर पहल किए जाने की आवश्यकता है। भूस्वामियों से बात की जा रही है। शीघ्र ही साहरघाट के लोगों को जलजमाव से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि नदियों के जलस्तर पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। मौके पर राजस्व कर्मचारी सुरेश प्रसाद, शम्भू यादव, संजय यादव समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।

----------------------

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।