Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar : दांत का दर्द बना जानलेवा; बेहोशी के इंजेक्शन ने महिला को मौत की नींद सुला डाला, हंगामे के बाद केस दर्ज

बिहार में एक निजी क्लिनिक में दांत के दर्द का इलाज कराने की कीमत एक महिला को अपनी जान गंवा कर चुकानी पड़ी। महिला की मौत के बाद स्वजन ने काफी हंगामा किया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से ही आरोपी फरार हैं।

By Rajnish KumarEdited By: Yogesh SahuUpdated: Thu, 10 Aug 2023 02:02 PM (IST)
Hero Image
Bihar : दांत का दर्द बना जानलेवा; बेहोशी के इंजेक्शन ने महिला को मौत की नींद सुला डाला, केस दर्ज

संवाद सहयोगी, तारापुर (मुंगेर)। निजी क्लीनिक में दांत का उपचार कराने पहुंची गुड़िया देवी की मौत बेहोशी के इंजेक्शन से हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित परिवार वालों ने तारापुर-सुल्तानगंज मार्ग को जाम कर दिया। क्लीनिक के बाहर जमकर बवाल काटा।

परिवार वालों ने क्लीनिक संचालक डा. मनोज चौधरी, कंपाउंडर नीतीश कुमार और कर्मी पूजा कुमारी पर केस किया है।

पुलिस तीनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र स्थित करसौप निवासी चंद्रशेखर साहा ने बताया कि उनकी पत्नी गुडि़या देवी के दांत में कई दिनों से दर्द था।

बुधवार को पत्नी को लेकर वे तारापुर में डॉक्टर मनोज चौधरी की किरण डेंटल क्लीनिक पहुंचे। क्लीनिक पर मौजूद कंपाउंडर ने दांत निकालने की बात कही।

दांत निकालने के लिए मसूढ़े में इंजेक्शन लगाया और दांत निकाल दिया। कुछ देर बाद हाथ में दूसरा इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगते ही पत्नी दर्द से छटपटाने लगी और मुंह से झाग आने लगा।

यह देखकर आनन-फानन कंपाउंडर नीतीश कुमार और कर्मी पूजा सिंह पत्नी को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। यहां इमरजेंसी में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने गुड़िया को आक्सीजन लगाया।

डा. अभिरंजन ने मरीज को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों कर्मी अस्पताल से भाग गए। पुलिस ने परिवार वालों को समझाकर शांत कराया।

थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि मामले में तीन पर केस दर्ज किया गया है।

राजमिस्त्री की पिटाई के मामले में आरोपित हैं चिकित्सक

डा. मनोज चौधरी सहित चार पर असरगंज थाना में राजमिस्त्री की बेरहमी से पिटाई का भी मामला है। असरगंज पुलिस चारों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है। सभी अंडरग्राउंड हैं।

मंगलवार को मारपीट के आरोपित दंत चिकित्सक के पिता अर्जुन चौधरी, डा. मनोज चौधरी, भाई डा. पंकज व दंत चिकित्सक के पुत्र आर्यन की गिरफ्तारी के लिए खादी भंडार, लाइफ केयर हास्पिटल विक्रमपुर, मकवा, भागलपुर सहित कई जगहों पर छापेमारी की गई। - कौशलेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष