Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar News पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा की बहू ने 10 लाख की सुपारी देकर महिला पर चलवाई थी गोली, पुलिस का खुलासा

रूपा शर्मा का अपने कार शोरूम के तत्कालीन कर्मचारी आर्यन वर्मा से विशेष संबंध था और वह उस पर पत्नी संस्कृति वर्मा को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसका पता लगने पर संस्कृति और रूपा में विवाद हुआ था। इसके बाद आर्यन ने कार शोरूम से नौकरी छोड़ दी थी। रूपा ने करीब दो माह पूर्व संस्कृति की हत्या की साजिश रची।

By Arun Kumar Jha Edited By: Rajat Mourya Updated: Tue, 23 Jul 2024 11:05 AM (IST)
Hero Image
पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा की बहू ने 10 लाख की सुपारी देकर महिला पर चलवाई थी गोली (सांकेतिक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बेला औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री कर्मी महिला संस्कृति को पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा की बहू रूपा शर्मा ने जलन, दुर्भावना व दुश्मनी के कारण 10 लाख रुपये की सुपारी देकर तीन शूटरों से गोली मरवाई थी। यह जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता में दी।

एसएसपी ने बताया कि मामले में कार शोरूम राजीव ऑटोमोबाइल नेक्सा के दो कर्मचारियों समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए जाने वालों मनियारी थाना के छितरौली के अभिनीत कुमार सन्नी, पुरुषोत्तमपुर के शिवशेख रंजन, सदर थाना के भीखनपुरा के तुषार कुमार व वैशाली जिला के सराय थाना के पौरा तिवारी टोला के कृष्णकांत मिश्र शामिल है। गिरफ्तार कृष्णकांत मिश्र पुजारी भी है।

इनके पास से चार मोबाइल जब्त किए गए हैं। दो शूटर और साजिश रचने की आरोपित रूपा शर्मा फरार है। सभी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। एसएसपी के अनुसार रूपा शर्मा का अपने कार शोरूम के तत्कालीन कर्मचारी आर्यन वर्मा से विशेष संबंध था और वह उस पर पत्नी संस्कृति वर्मा को छोड़ने का दबाव बना रही थी।

इसका पता लगने पर संस्कृति और रूपा में विवाद हुआ था। इसके बाद आर्यन ने कार शोरूम से नौकरी छोड़ दी थी। रूपा ने करीब दो माह पूर्व संस्कृति की हत्या की साजिश रची। रूपा ने अपने शो रूम के कर्मी अभिनीत कुमार उर्फ सन्नी से संपर्क कर शूटर की व्यवस्था करने को कहा।

अभिनीत ने शिवशेख रंजन से संपर्क कर तीन शूटरों का इंतजाम किया। शो रूम कर्मी तुषार के माध्यम से तीन लाख 50 हजार रुपये अभिनीत को दिए गए, जिसने यह रकम शूटरों तक पहुंचाई। 25 जून को बेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री जाते समय तीन शूटरों पर उस पर गोलियां चलाई। छह-सात राउंड की फायरिंग में संस्कृति को तीन गोलियां लगी थी। संस्कृति ने रूपा शर्मा के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी कराई थी।

एसएसपी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। सीसी कैमरे की फुटेज व तकनीकी आसूचना के आधार पर चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार तुषार व अभिनीत सन्नी कार शो रूम के कर्मी हैं। शिवशेख रंजन ने शूटर उपलब्ध कराया जबकि कृष्णकांत शूटर है।

अभिनीत के विरुद्ध गया के कोचाधामन थाना में शराब से संबंधित मामला दर्ज है और इस प्रकरण में सात माह जेल में रहकर जमानत पर बाहर है। शिवशेख रंजन भोपाल के पिलानी में पिछले साल हुए बैंक लूट कांड का आरोपित है और जमानत पर बाहर है। रूपा शर्मा के कोलकाता के रास्ते दिल्ली भागने की सूचना है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- जीतन सहनी हत्याकांड: नहीं मिला वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार, अब एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार

ये भी पढ़ें- Patna News: आगे गिराया दस का नोट, फिर कार से उड़ाया 22 लाख रुपयों से भरा बैग; पटना में सरेआम हुई वारदात