Bihar Bhumi: अब इस एक दस्तावेज के लिए भटक रहे जमीन मालिक, कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप
मुजफ्फरपुर में राजस्व महा अभियान के तहत जमाबंदी पंजी वितरण में लापरवाही की शिकायतें सामने आई हैं। रैयत पंजी पाने के लिए कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन कर्मचारियों से सहयोग नहीं मिल रहा। परिमार्जन में देरी और शिविरों में भीड़ से लोग परेशान हैं। मनियारी में एक व्यक्ति पर मनमानी से पंजी वितरण का आरोप लगा है। समस्या होने पर शिकायत के लिए नंबर जारी किया गया है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। राजस्व महा अभियान को लेकर अंचल से लेकर हलका कार्यालयों में शिविर लगाकर जमाबंदी पंजी वितरण करने का आदेश राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से दिया गया है। इसके अलावा घर-घर जाकर भी पंजी का वितरण किया जाना है।
इसे लेकर रैयतों के बीच होड़ मची है। सरकारी कार्यालयों का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन राजस्व कर्मचारियों के स्तर से इन्हें सहयोग नहीं मिल रहा है। रविवार को भी काल कर कई रैयतों ने इसकी शिकायत की।
लोगों ने बताई परेशानी:
औराई से रामविनोद प्रसाद ने बताया कि चार दिन से अंचल से हलका कार्यालय तक चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें जमाबंदी पंजी नहीं मिल रहा है। पूछने पर कोई ठोस जवाब नहीं दिया जाता है। आजकल की बात बोलकर टालमटोल किया जा रहा है। कर्मियों के ऐसे रवैये से रैयत क्षुब्ध हैं।
मधुबनी पंचायत से अशोक कुमार ने कॉल कर बताया कि परिमार्जन के लिए चार माह पहले आवेदन किए थे। अब तक परिमार्जन नहीं किया गया। शिविर के बारे में भी सही जानकारी नहीं मिल रही है। अधिकारियों के शिकायत करने पर भी कोई संज्ञान नहीं लिया जाता है।
सरैया से सुरेश प्रसाद ने कॉल कर बताया कि जहां शिविर लगाया गया है, वहां पर इतनी भीड़ होती है कि कोई सुनने वाला नहीं है। शिविर में मौजूद कर्मी खुद से जमाबंदी पंजी खोजने की बात कहते हैं। एक जगह पर पंजी का ढ़ेर लगा दिया गया है तो कहीं पर बिखरा हुआ है। अफरातफरी की स्थिति रहती है। ऐसे में पंजी कैसे मिलेगा।
निजी हाथों में पंजी, कर रहे मनमानी:
मनियारी से अशोक शर्मा ने बताया कि अंचल में गए तो पता लगा कि क्षेत्र के एक व्यक्ति को सभी पंजी थमा दिया गया है। उसके पास पहुंचे तो बताया कि उनका अब तक नहीं आया है। जबकि अन्य लोगों का वितरण कर रहा था। उन्होंने इस महा अभियान पर सवाल उठाते हुए मनमानी बरतने का आरोप लगाया।
राजस्व महा अभियान से संबंधित किसी कार्य में हो दिक्कत तो हमें बताएं
राजस्व महा अभियान से संबंधित किसी कार्य में अगर आपको परेशानी हो तो हमें 9801027107 पर कॉल कर जानकारी दे सकते हैं। हम आपकी समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करेंगे और आपकी बात को प्रशासन तक पहुंचाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।