Move to Jagran APP

मुजफ्फरपुर में महिला को गोली मारने के मामले में बड़ा एक्शन, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा की छोटी बहू पर केस दर्ज

मुजफ्फपुर में फैक्ट्री की महिला कर्मी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा की बहू पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। महिला के बयान के आधार पर बेला थाना में प्राथमिकी हुई है। मामले की गहराई से जांच में पुलिस जुटी हुई है। घटना के तीसरे दिन भी मामले की गुत्थी नहीं सुलझ सकी है।

By Jagran News Edited By: Shashank Shekhar Published: Thu, 27 Jun 2024 10:48 PM (IST)Updated: Thu, 27 Jun 2024 10:48 PM (IST)
पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा की छोटी बहू पर केस दर्ज। सांकेतिक तस्वीर

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के बेला इलाके में एक फैक्ट्री की महिला कर्मी संस्कृति वर्मा को गोली मारने के मामले में पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा के बहू पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पूर्व मंत्री के छोटे पुत्र संजीव शर्मा की पत्नी रूपा शर्मा के विरुद्ध महिला के बयान के आधार पर बेला थाना में प्राथमिकी हुई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुट गई है।

हालांकि, घटना के तीसरे दिन भी इसकी गुत्थी नहीं सुलझ सकी है। अब तक शूटरों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वीडियो फुटेज व खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनसे एसआइटी पूछताछ कर सत्यापन में जुटी है।

वाहन शोरूम में पति करता था काम

पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी में संस्कृति वर्मा ने कहा कि कुछ समय पूर्व से उनका विवाद कलमबाग चौक निवासी रूपा शर्मा, पति संजीव शर्मा से है। रूपा शर्मा खबड़ा स्थित नेक्शा शोरूम चलाती है। शोरूम में महिला का पति आर्यन वर्मा काम करता था।

महिला का आरोप है कि रूपा शर्मा बार-बार उसके पति को उसे और बच्चों को छोड़कर अपने पास आने के लिए कहती थी। इस दबाव में उसके पति ने करीब एक वर्ष पूर्व वहां काम करना छोड़ दिया था। बावजूद रूपा शर्मा बार-बार दबाव बना रही थी।

ऑफिस जाने के दौरान मारी गई थी गोली

मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे मिठनपुरा के मालीघाट इलाके से संस्कृति वर्मा (26) रोज की तरह स्कूटी से बेला स्थित आभा इंजीनियरिंग के लिए ड्यूटी को निकली। इसी क्रम में फैक्ट्री के निकट बाइक सवार तीन बदमाशों में एक ने देखते ही उन्हें गोली मार दी थी। गोली लगने पर वह स्कूटी से गिर गईं। इसके बाद बदमाश फिर दो गोलियां दाग दीं।

गोली महिला के पेट, कंधे और पीछे कमर के नीचे लगी थी। आसपास के लोगों के पहुंचने पर बदमाश कई राउंड हवाई फायरिंग कर भाग निकले थे। इसके बाद स्थानीय लोगों के द्वारा महिला को इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।

पूर्व मंत्री के घर पहुंची पुलिस, नहीं मिली रूपा शर्मा

घटना में पूर्व मंत्री की बहू का नाम सामने आने के बाद विवाद का पता लगाने के लिए बेला थाने की पुलिस कलमबाग स्थित उनके आवास पर पहुंची। थानाध्यक्ष रंजना वर्मा ने कहा कि वहां पर रूपा शर्मा नहीं मिली। स्वजन से पुलिस को जानकारी मिली कि वह प्रदेश से बाहर है।

संभवत: दिल्ली में है। इस मामले में पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा के पुत्र संजीव शर्मा से पक्ष जानने के लिए काल किया गया तो उन्होेंने कहा कि फोन पर कोई बात नहीं होगी। दोबारा फिर काल करने पर उन्होंने कहा कि मुझे इस पर कुछ नहीं बोलना है।

ये भी पढ़ें-

Bihar Police Bharti: परीक्षा से 4 दिन पहले लीक हुआ था सिपाही भर्ती का प्रश्न-पत्र, संजीव मुखिया मास्टरमाइंड

New Criminal Laws: बिहार में 3 दिन बाद बदल जाएगा कानून, पुलिस करेगी ये सारे काम, आप भी पढ़ लें अपने अधिकार


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.