Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Police: पूर्वी चंपारण और मुजफ्फरपुर में तीन जगह पुलिस पर हमला, दौड़ाकर दारोगा को पीटा; वर्दी भी फाड़ी

पूर्वी चंपारण और मुजफ्फरपुर में तीन जगह पुलिस पर हमला होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दारोगा को पीटा गया है। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में मारपीट की सूचना पर पुलिस पहुंची थी जहां बदमाशों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। असामाजिक तत्वों ने दारोगा की वर्दी भी फाड़ दी। अब प्रशासन की आगे की कार्रवाई में जुट गया है।

By Jagran News Edited By: Mukul Kumar Updated: Thu, 01 Aug 2024 08:37 PM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। दबंगों के अंदर पुलिस का खौफ नहीं है। कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर वे हमला कर देते हैं। पूर्वी चंपारण और मुजफ्फरपुर में 24 घंटे के अंदर तीन जगहों पर पुलिस पर कर दिया। इसमें थानाध्यक्ष और दो दारोगा सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

मुजफ्फरपुर में तो दौड़ा-दौड़ाकर दारोगा को पीटा गया। सरकारी पिस्टल छीन ली गई। तीनों जगह से 11 हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूर्वी चंपारण के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के वृता गांव में बुधवार की शाम दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को लोगों ने घेर लिया।

लाठी-डंडे से हमले के साथ पथराव किया। दारोगा मनोज सिंह की गर्दन पकड़कर दबाने लगे। उनकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस टीम के घिरने की सूचना पर तुरकौलिया व मुफस्सिल थाने की पुलिस पहुंची और दो को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गांव की महिलाओं ने दारोगा पर मारपीट और निर्वस्त्र करने का आरोप लगाया।

हालांकि, पुलिस ने इससे इनकार किया। दूसरी घटना इसी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के संग्रामपुर बरई टोला गांव में हुई। बुधवार की देर शाम बच्चों के विवाद में हुई चाकूबाजी की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया।

इसमें प्रभारी थानाध्यक्ष अजय कुमार राम, पीएसआइ राहुल कुमार व गृह रक्षक बालकिशुन प्रसाद चोटिल हो गए। अरेराज पुलिस उपाधीक्षक रंजन कुमार ने बताया कि तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया गया है।

साहेबगंज में चोर-चोर की आवाज लगा घेर लिया

मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के नवलपुर में गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे दो बदमाशों की सूचना पर सिविल ड्रेस में चालक के साथ पहुंचे दारोगा पुनीत कुमार को ग्रामीणों ने घेर लिया। चोर-चोर की आवाज लगा दारोगा से हाथापाई शुरू कर दी। उनकी सरकारी पिस्टल छीन ली। उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।

पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद दारोगा वहां से निकले। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। सरकारी पिस्टल पुलिस ने बरामद कर ली है। ग्रामीण गांव छोड़कर फरार हैं। घायल दारोगा का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया।

बीते दो महीने में पुलिस पर हमले

  • 03 जून : पश्चिम चंपारण के श्रीनगर थाने के निमुईया गांव में दो पक्षों के बीच रास्ते के विवाद को सुलझाने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया था। एक पीएसआइ चोटिल हुए थे।
  • 07 जून : मधुबनी के जयनगर थाना क्षेत्र के दो पैंथर सिपाहियों को कलुआही थाना क्षेत्र में शराब तस्करों ने गोली मारी।
  • 9 जून : पूर्वी चंपारण के बंजरिया थाना क्षेत्र में शराब तस्करों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला। पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे थे।
  • 19 जुलाई : पश्चिम चंपारण में थाने की भूमि पर शौचालय की टंकी का निर्माण रोकने गई बैरिया पुलिस पर ग्रामीणों का हमला। जमादार समेत तीन लोग घायल हुए थे। 

यह भी पढ़ें-

Bihar Police Recruitment: बिहार पुलिस विभाग में बंपर भर्ती, 20 हजार कांस्टेबल और 2 हजार सब इंस्पेक्टर की होगी बहाली

महिला पुलिसकर्मी के साथ यौन उत्पीड़न पड़ गया महंगा, DSP फैज पर अब चलेगी विभागीय कार्यवाही

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर