Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar News: मुजफ्फरपुर में बंधक को छुड़ाने गई पुलिस टीम पर हमला, ASI समेत 7 जवान गंभीर रूप से घायल

मुजफ्फरपुर में बंधक को छुड़ाने पहुंची रामपुर हरि थाना पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में एएसआई समेत 7 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में दो महिला भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि 40 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

By Prem Shankar Mishra Edited By: Mohit Tripathi Updated: Thu, 27 Jun 2024 01:38 PM (IST)
Hero Image
रामपुर हरि में पुलिस टीम पर हमला, एएसआइ समेत सात जवान जख्मी। (सांकेतिक फोटो)

संवाद सूत्र, रामपुर हरि/मीनापुर (मुजफ्फरपुर)। मुजफ्फरपुर के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में बंधक बने युवक को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर मंगलवार देर रात ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

हमले में एक एएसआई समेत सात पुलिस जवान जख्मी हो गए। घायलों में दो महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। मामले में पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 40 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि चैनपुर गांव में पूर्व से चल रहे विवाद में पोल से बांधकर एक युवक की देर रात पिटाई की जा रही थी।

सूचना पर एएसआइ रामऔतार राम के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने बंधक बने युवक को छुड़ाने की कोशिश की। बुजुर्ग देवन सहनी व मनोज सहनी को पुलिस ने गाड़ी पर बैठा लिया। इसके बाद लोग आक्रोशित हो गए।

लोगों ने विरोध जताते हुए पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में एएसआइ के अलावा रविकांत सिंह, दिलीप कुमार यादव, रवींद्र सिंह, उमाशंकर और दो महिला पुलिसकर्मी सोनी कुमारी व मालावती कुमारी घायल हो गईं। पुलिस किसी तरह जान बचाकर भागी। उसके बाद डीएसपी पूर्वी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस चैनपुर पहुंची।

यह भी बताया जा रहा है कि दो माह पूर्व कुछ बच्चे पेड़ से लीची तोड़ रहे थे। लीची की रखवाली कर रहे दूसरे पक्ष के लोगों ने उन बच्चों को पिटाई कर दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों में तनाव हो गया था। स्थानीय स्तर पर पंचायती में विवाद सुलझाने का प्रयास हो रहा था।

इसी दौरान एक पक्ष की ओर से चाकूबाजी कर दी गई। इससे आक्रोशित लोगों ने पोल से बांधकर चाकूबाजी करने वाले युवक को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को छुड़ाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन नाराज लोगों ने टीम पर हमला कर दिया।

मामले में एएसआइ के बयान पर 40 नामजद व 20 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं उषा देवी, देवेंद्र कुमार समेत एक अन्य को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें: 3 बच्चों की मां प्रेमी के साथ चौथी बार हुई फरार, फरियाद लेकर थाने पहुंचा ससुर; पुलिस ने कही ये बात

पैसा डबल कराने के चक्कर में लुट गए मास्टर साहब! साइबर अपराधियों ने लगा दिया 15 लाख का चूना

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें