Move to Jagran APP

अब रेल फाटकों पर तैनात होंगे ये संभालेंगे कमान

पूर्व मध्य रेल हाजीपुर जोन अंतर्गत सभी मंडल अंतर्गत विभिन्न रेल फाटकों पर अब रिटायर्ड सैनिकों को तैनात किया जाएगा।

By JagranEdited By: Updated: Fri, 24 Aug 2018 02:38 PM (IST)
अब रेल फाटकों पर तैनात होंगे ये संभालेंगे कमान
अब रेल फाटकों पर तैनात होंगे ये संभालेंगे कमान

मुजफ्फरपुर। पूर्व मध्य रेल हाजीपुर जोन अंतर्गत सभी मंडल अंतर्गत विभिन्न रेल फाटकों पर अब रिटायर्ड सैनिकों को तैनात किया जाएगा। इसके लिए रेलवे ने पहल शुरू कर दी है। पहले चरण में सीतामढ़ी सहित अन्य जगहों पर 1489 रिटायर्ड सैनिकों को रेल फाटकों पर तैनात किया जाएगा। पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर, सोनपुर, दानापुर, पंडित दीदयाल उपाध्याय (मुगलसराय) और धनबाद रेल मंडल क्षेत्र के समपार फाटकों पर रिटायर्ड सैनिकों की तैनाती को लेकर रेलवे ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। तीन चरणों में होने वाली तैनाती के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है। भूतपूर्व सैनिक की संविदा के आधार पर गेट मैन के पदों पर भर्ती की जाएगी। 26 अगस्त तक प्राप्त आवेदनों पर प्रथम चरण में विचार किया जाएगा। प्रथम चरण में रिक्तियां शेष रह जाने के क्रम में 5 सितंबर तक प्राप्त आवेदनों को देखा जाएगा। उसके बाद भी रिक्तियां शेष रहने पर 15 सितंबर तक प्राप्त आवेदनों पर विचार किया जाएगा।

शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे संविदा पर तैनात रिटायर्ड सैनिक

रेल प्रशासन द्वारा सभी मानव रहित समपार फाटक को मानव सहित बना दिया जाएगा। समस्तीपुर मंडल के लिए 975, पंडित दीदयाल उपाध्याय (मुगलसराय) के लिए 200, दानापुर के लिए 174, सोनपुर के लिए 90 और धनबाद मंडल के लिए 50 पदों पर रिटायर्ड सैनिक की तैनाती की जाएगी। सभी फाटक पर दो शिफ्ट में बारह घंटे की ड्यूटी की जाएगी। विधि व्यवस्था के साथ टेक्निकल कार्य भी इनसे लिया जाएगा। रिटायर्ड सैनिकों को 23 हजार 500 सौ रुपये मासिक दिया जाएगा। संविदा की अवधि एक वर्ष की होगी। इसे अगले एक वर्ष के लिए अथवा आवश्यकतानुसार आगे विस्तारित किया जाएगा। रिटायर्ड सैनिक का चयन उनकी सैन्य सेवा अवधि के आधार पर किया जाएगा।

इसके लिए सभी मानव रहित समपार फाटक पर रेलवे द्वारा कमरे का भी निर्माण कराया जा रहा है। इन जिलों के समपार फाटकों पर होगी तैनाती

समस्तीपुर रेल मंडल के समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया, दरभंगा, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल व अररिया। दानापुर मंडल के शेखपुरा, पटना, नवादा, नालंदा और गया में इनकी तैनाती की जाएगी। इसके अलावा धनबाद मंडल के धनबाद, बोकारो, पलामू, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, सोनभद्र, व ¨सगरौली, पंडित दीनदयाल उपाध्याय (मुगलसराय) के भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद व पलामू तथा सोनपुर मंडल के सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, भागलपुर व कटिहार में स्थित समपार फाटकों पर तैनात किए जाएंगे। समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक आरके जैन ने बताया कि पूर्व में होमगार्ड के जवानों की तैनाती को लेकर विभाग से एकरारनामा तैयार किया गया था। लेकिन, संबंधित होम गार्ड जवानों द्वारा बेहतर तरीके से कार्य नहीं करने के कारण अब रिटायर्ड सैनिकों को संविदा पर बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।