Move to Jagran APP

मुख्यमंत्री नीतीश की पार्टी में रार, मुजफ्फरपुर में JDU अध्यक्ष के खिलाफ गोलबंदी; नेताओं ने कर दी बड़ी मांग

Bihar Politics बिहार में उपचुनाव की घोषणा हो चुकी है। इस बीच जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पार्टी में अंतर्कलह सामने आई है। जिला अध्यक्ष रामबाबू कुशवाहा के खिलाफ नेताओं ने मोर्चा खोला है। उन पर पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने और चुनाव के समय ही सक्रिय होने का आरोप लगाया गया है। 25 अक्टूबर को इस मुद्दे पर बड़ी बैठक होगी।

By Amrendra Tiwari Edited By: Mukul Kumar Updated: Wed, 16 Oct 2024 01:27 PM (IST)
Hero Image
बिहार के सीएम नीतीश कुमार। फाइल फोटो

अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में टकराव सामने आया है। जिला अध्यक्ष के खिलाफ गोलबंदी तेज है। संगठन की ताजा हालत पर जदयू मंथन शिविर में जिले के दिग्गज नेता जुटे।

कुढ़नी के चढ़ूआ में पूर्व मंत्री मनोज कुशवाहा के घर पर जुटे पार्टी नेताओं ने‌ कहा कि अगर जिला अध्यक्ष को लेकर पार्टी नेतृत्व गंभीर नहीं हुई तो बड़ी मंथन बैठक की जायगी। इसके लिए 25 अक्टूबर को जिला स्तर पर बैठक होगी।

पार्टी नेताओं की ये है मांग

पार्टी नेताओं ने जिलाध्यक्ष रामबाबू कुशवाहा के कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तत्काल उन्हें बदलने की मांग की। पूर्व मंत्री मनोज कुशवाहा के घर पर जुटे समता पार्टी स्थापना कल के नेताओं ने कहा कि जिला अध्यक्ष की कार्यशैली से संगठन प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि संगठन में वैसे लोगों को तरजीह दी जा रही है, जो चुनाव के समय में समाज को देखते हैं और चुनाव जब खत्म हो जाता है तो फिर तीर का झंडा लेकर सामने आ जाते हैं।

नेताओं ने कहा- जिलाध्यक्ष काफी समय से सक्रिय नहीं

पार्टी के वरीय नेता नरेंद्र पटेल ने बताया कि लोकसभा चुनाव के समय से ही जिलाध्यक्ष सक्रिय नहीं हैं। पार्टी में किसी भी पुराने कार्यकर्ता को सम्मान नहीं दिया जा रहा है। इसको लेकर सभी लोग एकजुट हैं।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मंत्री विजय चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से समता पार्टी स्थापना काल से जुड़े विभिन्न पदों पर रहे नेताओं की टोली प्रदेश अध्यक्ष व अन्य वरीय नेताओं से मिलकर अपनी बातों को रखा है। अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि सभी लोगों ने दशहरा के बाद इस पर विचार करने का भरोसा दिया है।

पटेल ने कहा कि 25 अक्टूबर को पुराने कार्यकर्ताओं की बड़ी बैठक रेडक्रॉस सभा भवन में करने की योजना बनी है। इस बार कार्यकर्ताओं का बड़ा मंथन शिविर होगा। वहीं से अगली रणनीति बनेगी। इससे पहले पार्टी नेतृत्व का क्या फैसला होता है? इसका इंतजार किया जायगा।

पूर्व मंत्री ने क्या कहा?

पूर्व मंत्री मनोज कुशवाहा ने बताया कि जिला जनता दल की संगठन में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है ।

पार्टी के समर्पित नेताओं की उपेक्षा हो रही है। जिन लोगों ने समता पार्टी से लेकर अभी तक संगठन को चलाया है, उनको दरकिनार किया जा रहा है।

पार्टी के अंदरखाने से मिली जानकारी के अनुसार, लोकसभा चुनाव में वैशाली सीट पर एनडीए प्रत्याशी वीणा देवी के चुनाव में जिलाध्यक्ष और उनकी टीम को जिस तरह से सहयोग करना चाहिए नहीं किया। इसकी शिकायत भी पार्टी के वरीय अधिकारियों तक पहुंची।

उसके बाद से ही अंदर ही अंदर जिलाध्यक्ष के खिलाफ गोलबंदी शुरू हुई थी। अब वह मुखर रूप ले चुकी है। इस प्रकरण पर जिलाध्यक्ष रामबाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि जो लोग पार्टी में सक्रिय नहीं हैं। वे लोग ही संगठन का विरोध कर रहे हैं। पार्टी के कार्यक्रम की जानकारी देने के बावजूद नहीं आते हैं।

यह भी पढ़ें-

Munna Shukla: 'रहेंगे जेल में लेकिन मिलेंगे इसी बंगले में', मुन्ना शुक्ला आज करेंगे सरेंडर; कर दी भावुक अपील

BJP-JDU में सब 'ऑल इज वेल'? चुनाव के आते ही तेज हुई सियासी अटकलें; कैसे होगा सीटों का बंटवारा

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।