कभी दो रुपये के लिए भटकने वालीं आज प्रति माह कमा रहीं ₹ 20,000, मुजफ्फरपुर की देवकी को पीएम भी दे रहे दाद
बोचहां की देवकी देवी ने जीविका से जुड़कर सोलर पंप लगाकर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया। प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में उनके काम की सराहना की। कभी दो वक्त की रोटी के लिए मोहताज देवकी ने सामाजिक बाधाओं को पार किया। सोलर सिंचाई योजना से 40 एकड़ खेत सिंचित हो रहा है जिससे उन्हें 15-20 हजार रुपये की मासिक आय हो रही है।

मनोज कुमार, बोचहां (मुजफ्फरपुर)। मन में कुछ कर गुजरने की जिद हो और हौसला हो तो इंसान किसी भी मुश्किल का सामना कर सकता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया बोचहां करनपुर दक्षिणी पंचायत वार्ड नंबर दो की देवकी देवी ने।
देवकी देवी जीविका से जुड़ कर सोलर चलित पंप लगा कर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचा रही हैं। देवकी देवी के इस कार्य की प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मन की बात में की।
वहीं, देवकी देवी ने प्रसन्न्ता जाहिर करते हुए पीएम को धन्यवाद दिया। इस दौरान अपने संघर्षों को याद कर नाम आंखों से अपनी आप बीती सुना रही देवकी देवी के दिल में कुछ अलग करने की ललक दिखी।
जीविका से जुड़ी देवकी ने कहा कि एक समय था जब वह दो रुपये और दो वक्त की रोटी के लिए मोहताज थी, लेकिन आज वो अपने हौसले से गरीबी को मात दे चुकी हैं।
2010 में जीविका से जुड़ी देवकी देवी
जीविका दीदी का मानना है कि गरीबी से पार पाना तो संभव है, लेकिन उस से बड़ी समस्या थी समाज की बेड़ियों को तोड़ना। जब वह 2010 में जीविका से जुड़ी तो पति समेत समाज के अन्य लोग अलग-अलग तरह की बातें करने लगे। इसके बावजूद वह जीविका से जुड़ीं।
2023 में जीविका के समूह में ही बताया गया कि आगा खान फाउंडेशन की ओर से जीविका दीदियों के लिए सोलर सिंचाई योजना आई है। उसके बाद उसने अपने ग्रुप लीडर से इसके बारे में पूर्ण जानकारी ली और फिर दो लाख रुपये कर्ज लेकर पंप लगाया।
फाउंडेशन की ओर से सोलर पैनल और अंडरग्राउंड पाइप उपलब्ध कराया। आज इस पंप से चालीस एकड़ खेत को पानी मिल रहा है और करीब 112 किसान इससे जुड़े हैं।
प्रतिमाह 20 हजार तक होती है कमाई
सिंचाई योजना से उसे प्रति माह 15 से 20 हज़ार रुपये की कमाई हो जाती है। उसने अपने लगभग ज्यादा कर्ज को चुकता कर दिया है। प्रति दिन वह आठ से नौ घंटे सिंचाई करती हैं। इससे लगभग 800 से 900 रुपये मिल जाते हैं।
खुद की छह धुर जमीन
देवकी देवी का कहना है कि उसके पास खुद की मात्र छह धुर जमीन है। उसके सोलर का एक पैनल भी दूसरे के जमीन में लगा हुआ है, लेकिन उसे खुशी है कि वह अब वह अपने परिवार की गाड़ी खुद खींच रही है। आगे वह सोलर से आटा चक्की का प्रोजेक्ट लगाने की सोच रही है, जिससे उसकी आमदनी और बढ़ जाए।
प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए कृतसंकल्पित है कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचे। इसके लिए जीविका के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर उन्हें प्रशिक्षण, ऋण एवं तकनीकी सहयोग दिया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो। देवकी देवी इसका उदाहरण है।
सुब्रत कुमार सेन, जिला पदाधिकारी
देवकी के संघर्ष से देश-दुनिया को कराया अवगत
मुजफ्फरपुर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला बीस सूत्री के उपाध्यक्ष रंजन कुमार ने पार्टी नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थकों के साथ सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मन की बात में जिले की सोलर दीदी की कहानी सुनना जिलेवासियों के लिए गर्व की बात है।
सोलर सिंचाई के माध्यम से जीवन में बदलाव लाने वाली देवकी देवी की कहानी संघर्ष और दृढ़ता की मिसाल है। देवकी देवी ने सौर सिंचाई पंप के माध्यम से स्थायी सिंचाई प्रदान करने, कृषि उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि करने और अपने समुदाय को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक प्रयास किया जो कामयाबी में बदल गई।
पीएम ने देवकी के संघर्ष को देश-दुनिया के सामने रखकर उन्हें पहचान दिलाई। मौके पर भाजपा नेता सचिन कुमार, धर्मेद्र साहू, विशेश्वर प्रसाद शंभू, विजय पांडे, सत्यप्रकाश भारद्वाज, धनंजय झा, आशीष अग्रवाल आदि मौजूद थे।
मन की बात कार्यक्रम को जिला भाजपा पूर्वी की टीम ने भी सुना। जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा, पीएम ने स्वच्छता और स्वदेशी पर जोर दिया। यह आत्मनिर्भर और विकसित भारत के आधार हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता रविन्द्र सिंह, डा. अशोक शर्मा, महामंत्री मुकेश शर्मा, मनोज तिवारी, रविशंकर कुशवाहा, उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।