Move to Jagran APP

ऐसी पत्नी होने से बेहतर है कि...बिहार के पूर्वी चंपारण में सामने आया घरेलू विवाद का अनूठा मामला

Husband Wife Unique Quarrel बिहार के पूर्वी चंपारण की एक महिला ने अपने पति से नाराजगी का बदला लेने के लिए रचा अनूठा खेल। पुलिस ने सतर्कता नहीं दिखाई होती तो पूरा मामला नहीं आता सबके सामने। अब लोग महिला की कर रहे आलोचना।

By Ajit KumarEdited By: Updated: Thu, 25 Aug 2022 02:29 PM (IST)
Hero Image
महिला ने पुलिस को फोन कर अपनी जान काे खतरा बताया था। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

केसरिया (पूचं), जासं। बिहार के पूर्वी चंपारण से पति और पत्नी के बीच के विवाद का अनूठा मामला सामने आया है। इसमें यदि पुलिस ने थोड़ी सतर्कता नहीं दिखाई होती तो आज कहानी कुछ और होती। हालांकि सीसीटीवी फुटेज का रोल भी इसमें महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबके सामने महिला की रची साजिश का पर्दाफाश हो चुका है। पुलिस उसको गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है। यह मामला अभी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। सभी महिला के व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं।

112 टाेल फ्री नंबर पर दी सूचना

दरअसल पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना अंतर्गत बीजधरी माफी की एक महिला ने 112 टाेल फ्री नंबर पर फोन कर यह आरोप लगाया कि उसका पति उसकी हत्या करने के फिराक में है। उसने जान बचाने की गुहार लगाई। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस महिला के बताए गए पते पर पहुंच गई। पुलिस को देख महिला ने कहा कि उसका पति उसकी हत्या करना चाहता है। इसलिए वे घर में हथियार लाकर रखे हैं।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ पर्दाफाश

घर में हथियार होने की बात सुनते ही पुलिस ने घर की तलाशी शुरू की। जांच की गई तो घर से एक कट्टा और एक कारतूस बरामद हुए। इसके बाद महिला के पति के पैरों तले की जमीन खिसक गई। उसने अपने ऊपर लगे आरोप को गलत बताया। अब घर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाले जाने की बात हुई। पुलिस की जांच देख आसपास के लोग भी जमा हो गए थे। जब फुटेज देखा गया तो पूरा मामला ही पलट गया। उसमें देखा गया कि महिला खुद ही एक साइकिल सवार से हथियार लेकर अपने घर में रख रही है। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी थी।

महिला अपने ही जाल में फंस गई

यह सच सामने आते ही महिला के चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगीं। वह यह समझ नहीं सकी कि कैसे तकनीक की वजह से उसका पूरा दांव ही उलटा पड़ गया। इसके बाद उसके पास कहने के लिए कुछ भी नहीं था। हालांकि अब पुलिस उससे बहुत सवाल करना चाह रही। मसलन, वह साइकिल सवार कौन था? उसने यह साजिश क्यों रची? क्या इसमें कोई और शामिल था? इस मामले में पुलिस ने बीजधरी माफी निवासी सीमा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष कृृष्ण प्रसाद सिंह ने बताया कि महिला को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। वहां मौजूद लोग कहते सुने गए- ऐसी पत्नी होने से तो बेहतर है कि...।  

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।