Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Train News: राजगीर को मिल गई एक और ट्रेन, अब कोलकाता जाना होगा आसान; पढ़ लें टाइम टेबल

राजगीर को एक नई ट्रेन मिल गई है। इसी तरह यात्रियों को अब हावड़ा तक का सफर करना आसान होगा। पहले इस ट्रेन का ट्रायल शुरू किया जाएगा। सफल होने के बाद इसे हर दिन चलाया जाएगा। बता दें कि नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार की मांग के बाद रेलवे विभाग ने यह कदम उठाया है। यह ट्रेन मोकामा से चलेगी और हावड़ा तक जाएगी।

By MANOJ KUMAR Edited By: Mukul Kumar Updated: Sun, 25 Aug 2024 01:47 PM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

संवाद सहयोगी, राजगीर। नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार के प्रयास के बाद पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने राजगीर को एक और ट्रेन का तोहफा दिया है। यह ट्रेन राजगीर बिहारशरीफ करनौती, मोकामा, किऊल आसनसोल के रास्ते हावड़ा तक जायेगी।

यह ट्रेन राजगीर से मोकामा तक गाड़ी संख्या 03240 बनकर जबकि मोकामा से राजगीर तक गाड़ी संख्या 03239 बनकर चलेगी। वहीं मोकामा-हावड़ा के बीच यह ट्रेन पूर्व की ही तरह गाड़ी संख्या 13029/13030 बनकर चलेगी।

31 दिसंबर तक ट्रायल के रूप में चलेगी ट्रेन

इस ट्रेन को अभी ट्रायल के रूप में 25 अगस्त, आज से 31 दिसम्बर 2024 तक चलाया जाएगा। अगर पैसेंजर की संख्या अच्छी रही तो इसे आगे के दिनों के लिए विस्तारित किया जा सकता है। राजगीर मोकामा स्पेशल ट्रेन राजगीर से प्रत्येक दिन 1 बजे खुलेगी और 3 :37 बजे मोकामा पहुंचेगी।

मोकामा में 10 मिनट स्टोपेज के बाद संध्या 15:47 बजे हावड़ा के लिए प्रस्थान करेगी और हावड़ा अगले दिन सुबह 03:37 में पहुंचेगी।

वहीं, वापसी में यह ट्रेन 23:20 बजे हावड़ा से खुलेगी और 9:45 बजे मोकामा पहुंचेगी। जहां 10 मिनट स्टोपेज के बाद 9:55 पर मोकामा से राजगीर के लिए प्रस्थान करेगी और 12:30 बजे राजगीर पहुंचेगी।

राजगीर से मोकामा के बीच इस ट्रेन का ठहराव नालंदा, पावापुरी, बिहारशरीफ, वेना, हरनौत, करनौती जंक्शन, अथमलगोला, बाढ़ और पंडारक के बीच किया गया है। कुल 12 बोगी के इस ट्रेन में 3 स्लीपर,7 जेनरल, और 2 दिव्यांग बोगी लगे होंगे।

बख्तियारपुर नहीं जाएगी यह स्पेशल ट्रेन

यह ट्रेन बख्तियारपुर नहीं जाकर करनौती जंक्शन से रूट चेंज कर मोकामा के लिए प्रस्थान कर जायेगी। हालांकि बख्तियारपुर जंक्शन टच नहीं करने के कारण इसमें लोकल पैसेंजरों की संख्या कम होगी। बता दें कि राजगीर से हावड़ा तक ट्रेन चलाने की मांग सासंद कौशलेन्द्र कुमार स्थानीय लोगों की मांग पर कर रहे थे।

राजगीर हावड़ा से पूर्व यहां संध्या में खुलने वाली राजगीर दानापुर सवारी गाड़ी में दो बोगी हावड़ा का होता था, जिसे बख्तियारपुर जंक्शन पर हावड़ा जाने वाली पूर्वा एक्सप्रेस में जोड़ा जाता था। फिर इसे बंद कर राजगीर हावड़ा फास्ट पैसेंजर ट्रेन चलाया गया।

यह भी बंगाली पर्यटकों को राजगीर तक लाने में काफी कारगर साबित हुआ। परंतु कोरोना काल से इसे भी बंद कर दिया गया। तब से लेकर अबतक स्थानीय लोग राजगीर से हावड़ा तक सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की मांग लगातार करते रहे हैं।

राजगीर रेलवे स्टेशन पर सांसद कौशलेंद्र कुमार इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर आज रवाना करेंगें । निर्धारित समय 1 बजे यह ट्रेन राजगीर स्टेशन से खुलेगी। जिसे नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार हरि झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मौके पर रेलवे के अधिकारियों सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली से UP-बिहार जाने वाली कई ट्रेनें लेट, लिस्ट में और भी रेल गाड़ियां शामिल

ट्रेन में यात्रा करने वालों को खुशखबरी, अब मिलेगा आरामदायक कंबल, तकिया और चादर; रेलवे ने शुरू किया परीक्षण