Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गगन में दिल बनाएगी वायुसेना की टीम 'सारंग', बिहटा में 18 को एयर शो

बिहटा वायु सेना केंद्र और आसपास का इलाका 18 नवंबर को हैरतअंगेज कारनामों का गवाह बनेगा।

By JagranEdited By: Updated: Thu, 14 Nov 2019 07:17 PM (IST)
Hero Image
गगन में दिल बनाएगी वायुसेना की टीम 'सारंग', बिहटा में 18 को एयर शो

पटना । बिहटा वायु सेना केंद्र और आसपास का इलाका 18 नवंबर को हैरतअंगेज कारनामों का गवाह बनेगा। यहां पहली बार ध्रुव हेलीकॉप्टर से हवा में करतब दिखाने वाली भारतीय वायुसेना की टीम 'सारंग' अपने कौशल का प्रदर्शन करेगी। इसके लिए दो दिनों का पूर्वाभ्यास शुक्रवार से आरंभ हो जाएगा। हवा में डॉल्फिन की तरह गोते लगाना और जरूरत पड़ी तो आकाश में यू-टर्न लेना सारंग टीम के एक्शन की खासियत है। नीले आकाश में युगल हेलीकॉप्टर सफेद धुएं से दिल की आकृति बना देते हैं।

ध्रुव हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा स्वदेशी तकनीक से निर्मित हेलीकॉप्टर है। 'सारंग' टीम का लोगो राष्ट्रीय पक्षी मोर है। ध्रुव अपनी विशेषता के कारण थल सेना, वायु सेना और नौसेना के अतिरिक्त नागरिक सेवाओं के लिए उपयोग में लाया गया है। कई देशों को भारत इसका निर्यात करता है।

ध्रुव हल्का बहुद्देश्यीय हेलीकॉप्टर है। जरूरत के अनुसार यह लड़ाकू हेलीकॉप्टर, मालवाहक और एयर एंबुलेंस के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। खास बात यह कि हवा में डॉल्फिन की तरह गोता लगाता है। हवा में यू-टर्न लेता और वर्टिकल उड़ान भरता है।

: नौ हेलीकॉप्टर दिखाएंगे करतब :

एयर-शो में सारंग टीम अपने कौशल का प्रदर्शन हवा में दिखाएगी। शो में नौ हेलीकॉप्टर हवा में क्रॉस शो, सफेद धुएं से दिल की आकृति बनाते और लयबद्ध करतब दिखाते दिखेंगे। यह टीम अपने करतबों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। शो में युद्ध कौशल का भी प्रदर्शन होगा। एयर शो देखने के लिए आमलोगों के लिए दीर्घा बनाई गई है। सुरक्षा के मद्देनजर मोबाइल, स्मार्ट फोन और कैमरा लेकर प्रवेश वर्जित रहेगा। दर्शक दीर्घा में पहुंचने के पहले एयरफोर्स की पोस्ट पर पूरी तरह जांच के बाद गुजरना होगा। सुरक्षा के मद्देनजर नागरिकों का प्रवेश डोरफ्रेम मेटल डिटेक्टर से दिया जाएगा। प्रवेश द्वार पर स्कैनर लगा होगा जिससें किसी भी आपत्तिजनक सामग्री का पता चल सकेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वायुसेना केंद्र के स्टेशन कमांडर की ओर से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी आमंत्रित किया गया है।

- - - - - - -