Move to Jagran APP

बाहुबली अनंत सिंह के खास को मिली नीतीश कैबिनेट में जगह, राजभवन के बाहर लगे छोटे सरकार जिंदाबाद के नारे

Anant Singh News जेल में बंद अनंत सिंह का महागठबंधन की सरकार में जलवा देखने को मिला है। नीतीश सरकार में उनके खास कार्तिकेय सिंह को विधि मंत्री बनाया गया है। कार्तिकेय सिंह राजद से एमएलसी हैं और छोटे सरकार अनंत सिंह के करीबी बताए जाते हैं।

By Rahul KumarEdited By: Updated: Tue, 16 Aug 2022 04:35 PM (IST)
Hero Image
अनंत सिंह, सीएम नीतीश और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव। फाइल फोटो
पटना, आनलाइन डेस्क। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद मंगलवार को कैबिनेट का विस्तार हो गया। नीतीश कैबिनेट में कुल 31 मंत्रियों ने शपथ ली। राज्यपाल फागू चौहान ने नए मंत्रियों को शपथ दिलाई।  राष्ट्रीय जनता दल से 16 और जनता दल यूनाइटेट से 11 मंत्रियों ने शपथ ली। जीतन राम मांझी की पार्टी से एक, कांग्रेस से दो और निर्दलीय सुमित सिंह भी मंत्री बने। नए मंत्रिमंडल के गठन में अनंत सिंह का खास को भी जगह दी गई है। जेल में रहने के बाद भी अनंत सिंह का जलवा नीतीश कैबिनेट में देखने को मिला। अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार के करीबी कार्तिकेय सिंह को भी मंत्री बनाया गया है। कार्तिकेय ने जैसे ही शपथ ली राजभवन के बाहर छोटे सरकार जिंदाबाद का नारा गूंजने लगा। 

कार्तिकेय सिंह बने कानून मंत्री

बाहुबली और पूर्व विधायक अनंत सिंह फिलहाल जेल में हैं। कार्तिकेय सिंह को अनंत सिंह का करीबी बताया जाता है। कार्तिकेय सिंह राजद से एमएलसी हैं। नीतीश कैबिनेट में उन्हें कानून मंत्री बनाया गया है। हाल ही में राजद ने प्रवक्ताओं की नई लिस्ट जारी की थी। इसमें मोकामा से पूर्व राजद विधायक अनंत सिंह के करीबी बंटू सिंह को जगह नहीं दी गई थी, जिसके बाद यह कयास लगने लगे थे कि क्या महागठबंधन की सरकार में अनंत के करीबियों को जगह मिलेगी? 

कौन हैं कार्तिकेय सिंह

कार्तिकेय सिंह आरजेडी के विधान पार्षद हैं। उन्होंने विधान परिषद चुनाव में जेडीयू के उम्मीदवार को पटखनी दी थी। मोकामा के रहने वाले कार्तिकेय सिंह शिक्षक भी रह चुके हैं। बताया जाता है कि अनंत सिंह इन्हें मास्टर साहब कहकर बुलाते हैं। बताया जाता है कि अनंत सिंह के जेल में रहने पर कार्तिकेय मास्टर ही मोकामा से लेकर पटना तक उनके सारे काम को देखते हैं। 

मोकामा से नीलम देवी की जीत का दावा

अनंत सिंह को सजा होेन के बाद मोकामा में उपचुनाव होने हैं। इसको लेकर पूर्व विधायक की पत्नी नीलम देवी वहां से चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि तेजस्वी से इस मसले पर बात हो चुकी है। वहीं कार्तिकेय सिंह ने भी नीलम देवी की जीत का दावा किया था। हाल में ही कार्तिकेय सिंह नीलम देवी के साथ मोकामा में लोगों से मिलते देखे गए थे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।