Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बिहार में लोकसभा चुनाव के रणबाकुरों की संख्या में आई बड़ी कमी, 2019 में लड़े थे 626 कैंडिडेट; 2024 में घटकर हुए सिर्फ इतने

सातवें चरण के मतदान के साथ लोकसभा चुनाव खत्म हो चुका है। अब सभी की नजर 4 जून को आने वाले नतीजों पर है। हालांकि इस बीच एक दिलचस्प आंकड़ा सामने आया है। 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार बिहार में प्रत्याशियों की संख्या में बड़ी कमी आई है। खास बात यह है कि पुरुष और महिला दोनों प्रत्याशियों की संख्या घटी है।

By Raman Shukla Edited By: Mohit Tripathi Updated: Sun, 02 Jun 2024 06:28 PM (IST)
Hero Image
2019 में 8.95 प्रतिशत की तुलना में इस बार 7.85 प्रतिशत रहीं महिला प्रत्याशी। (सांकेतिक फोटो)

रमण शुक्ला, पटना। लोकसभा चुनाव 2019 की तुलना में 2024 में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की संख्या में कमी आई है। खास बात यह है कि पुरुष एवं महिला दोनों श्रेणी के प्रत्याशियों की संख्या घटी है।

2019 में 40 संसदीय क्षेत्र में कुल 626 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। वहीं, 2024 के चुनाव में कुल प्रत्याशियों की संख्या घटकर 497 रह गई।

इसी तरह 2019 में आधी आबादी से भाग्य आजमाने वाले प्रत्यशियों की संख्या 56 थी। 2024 में महिला प्रत्याशियों की संख्या घटकर 39 पर आ गई।

ऐसे में प्रतिशत के गणित से देखा जाए तो 2019 में 8.95 प्रतिशत की तुलना में 2024 में 7.85 प्रतिशत महिलाएं ही मैदान में इस बार उतरीं थीं। यह अंतर एक प्रतिशत से अधिक है।

इस बार एक दिलचस्प आंकड़ा यह है कि पहले, दूसरे एवं तीसरे चरण में मात्र तीन-तीन महिलाएं ही मैदान में उतरने का हिम्मत दिखा पाईं। इसके बाद चरण दर चरण महिला प्रत्याशियों की संख्या बढ़ती गई।

अंतिम चरण में लड़े सर्वाधिक धुरंधर

बिहार में सात चरणों में संपन्न हुए चुनाव में सर्वाधिक 134 लड़ाके अंतिम चरण यानी सातवें चरण में मैदान में उतरे। इसमें 122 पुरुष प्रत्याशी एवं 12 महिलाएं भाग्य आजमा रहीं थीं। इसमें सर्वाधिक लड़ने वाले 29 प्रत्याशियों की संख्या में नालंदा लोकसभा क्षेत्र रहीं।

वहीं, सबसे कम 10 प्रत्याशी सासाराम लोकसभा क्षेत्र से भाग्य आजमा रहे थे। दिलचस्प यह रहा कि अंतिम चरण में ही सर्वाधिक 12 महिलाएं मैदान में उतरीं।

छठे चरण में उतरीं आठ महिलाएं

महासमर के छठे चरण में कुल 86 प्रत्याशी 18वीं लोकसभा में पहुंचने के लिए मैदान में भाग्य आजमा रहे थे। 86 लड़ाके में 78 पुरुष एवं आठ महिलाएं सम्मिलित हैं। छठे चरण वाले आठ संसदीय क्षेत्र में सर्वाधिक 15 प्रत्याशी वैशाली संसदीय क्षेत्र से तो सबसे कम पांच लड़ाके महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में थे।

पांचवें चरण में 80 आजमा रहे दांव

सांसद बनने के लिए पांचवें चरण की लड़ाई में कुल 80 प्रत्याशी रहे। उनमें 74 पुरुष एवं छह महिलाएं थीं। पांचवें चरण वाले पांच संसदीय क्षेत्र में सर्वाधिक 26 प्रत्याशी मुजफ्फरपुर तो सबसे कम 12 प्रत्याशी मधुबनी लोकसभा क्षेत्र से लड़ रहे थे।

चौथे चरण में 55 के बीच मुकाबला

इस चरण के पांच संसदीय क्षेत्र से कुल 55 प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें 51 पुरुष एवं चार महिलाओं का भाग्य ईवीएम में बंद है। चार महिलाओं में दो नई नवेली नेत्रियां मुंगेर से अनिता देवी एवं समस्तीपुर से शांभवी चौधरी सर्वाधिक चर्चित रहीं।

चौथे चरण में सर्वाधिक 13 प्रत्याशी उजियारपुर से और सबसे कम आठ धुरंधर दरभंगा संसदीय क्षेत्र से संसद पहुंचने का सपना संजोए हुए हैं।

तीसरे चरण में 54 का बंद है किस्मत

लोकसभा के रण में तीसरे चरण में कुल 54 प्रत्याशी जूझे हैं। उनमें 51 पुरुष एवं तीन महिलाएं सम्मिलित हैं। इस चरण में सर्वाधिक 15 उम्मीदवार सुपौल संसदीय क्षेत्र से मैदान में उतरे थे, जबकि सबसे कम आठ प्रत्याशी की मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र से संसद पहुंचने की हसरत है।

दूसरे दौर में 50 के बीच लड़ाई

सांसद बनने के लिए दूसरे चरण में कुल 50 उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें 47 पुरुष एवं तीन महिलाओं ने भाग्य आजमाया। इस चरण में सबसे ज्यादा 12-12 प्रत्याशी किशनगंज एवं भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से उतरे थे। वहीं, सबसे कम सात ने पूर्णिया से संसद पहुंचने की उम्मीद पाल रखी है।

पहले चरण में 38 में तीन महिलाएं

चार संसदीय क्षेत्रों में पहले चरण के लिए संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में कुल 38 प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें 35 पुरुष एवं तीन महिलाएं लड़ीं। सर्वाधिक 14 प्रत्याशी गया संसदीय क्षेत्र से मैदान में उतरे थे। जबकि, सबसे कम सात ने जमुई से भाग्य आजमाया था। अब चार जून को चुनाव परिणाम बताएगा कि किस पर जनता ने ज्यादा भरोसा किया।

यह भी पढ़ें: Bihar Politics: बिहार में खेला करेंगे कुशवाहा, वैश्य और निषाद वोटर! कामयाब होगा Lalu का दांव या BJP मारेगी बाजी?

Nitish Kumar: लोकसभा चुनाव में नीतीश ने खूब दिखाया 'जंगलराज' का डर, इन मुद्दों पर भी मांगा वोट

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें