Arvind Kejriwal Bail: 'जमानत तो मिल ही जाती', केजरीवाल की जमानत पर बोले BJP के कद्दावर नेता
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचार के आरोप में जमानत मिलने पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जमानत मिली है आरोप मुक्त नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पर शराब के मामले में गंभीर आरोप हैं और उन्हें भ्रष्टाचार में सदाचार दिखता है। राकेश सिंह ने कहा कि आइएनडीआइए के नेताओं को भ्रष्टाचार में सदाचार दिखता है।
राज्य ब्यूरो, पटना। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचार के आरोप में जमानत (Arvind Kejriwal Bail) मिलने पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जमानत मिली है, आरोप मुक्त नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जमानत तो एक प्रक्रिया, एक निश्चित समय पर सबको कोर्ट से जमानत मिल जाती है। राकेश ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री पर शराब के मामले में गंभीर आरोप हैं।
उन्होंने कहा, राजद प्रमुख लालू यादव को जमानत मिली थी तो हाथी पर चढ़कर बाहर निकले थे। उस समय ऐसा लगा था कि यह शायद कोई भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े आंदोलन में जेल गए हो और बाहर आ रहे हों।
राकेश सिंह ने कहा कि आइएनडीआइए में इसी प्रकार के नेता भरे पड़े हैं इन सबों को भ्रष्टाचार में सदाचार दिखता है।
हिंदी है राष्ट्र की अस्मिता का प्रतीक : विधानसभा अध्यक्ष
विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी हिंदुस्तान की मातृभाषा ही नहीं अपितु राष्ट्र की अस्मिता और गौरव का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1949 में हिंदी को संविधान सभा द्वारा भारत की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया गया और 14 सितंबर, 1953 से हिंदी दिवस को मनाने की शुरुआत हुई।
यह दिवस हिंदी के सम्मान, संरक्षण एवं समृद्धि के महत्व को उजागर करने हेतु समर्पित है। नंद किशोर ने कहा कि विविधताओं से भरे इस देश में हिंदी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और अभिव्यक्ति को एक सूत्र में पिरोने का सशक्त माध्यम है। हिंदी हमारी समृद्धशाली साहित्यिक,सांस्कृतिक और ऐतिहासिक प्रस्तुतियों की धरोहर है।