Move to Jagran APP

BJP-JDU में सब 'ऑल इज वेल'? चुनाव के आते ही तेज हुई सियासी अटकलें; कैसे होगा सीटों का बंटवारा

क्या बिहार में बीजेपी (BJP) और जेडीयू (JDU) के बीच सब कुछ ठीक है या चुनाव नजदीक आते ही सियासी अटकलों का बाजार गर्म हो गया है? बीजेपी नेता दिलीप जायसवाल (Dilip Jaiswal) ने साफ शब्दों में एनडीए की जीत का दावा किया है। साथ ही कहा है कि सीटों के बंटवारे में कोई विवाद नहीं है। हमारा प्रदर्शन शानदार रहेगा।

By Vikash Chandra Pandey Edited By: Rajat Mourya Updated: Tue, 15 Oct 2024 09:01 PM (IST)
Hero Image
एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नीतीश कुमार। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल (Dilip Jaiswal) ने मंगलवार को बयान जारी कर झारखंड में विधानसभा चुनाव (Jharkhand Election 2024) और बिहार में उपचुनाव (Bihar By Election 2024) में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों मेंं राजग के सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर कोई विवाद नहीं।

दिलीप जायसवाल ने कहा कि राजग पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगा। बिहार में उपचुनाव की तैयारी भी अच्छी तरह चल रही है। इमामगंज की सीट पहले से हमारे पास है और अब बेलागंज, तरारी और रामगढ़ को भी विपक्ष से छीनने के लिए हम पूरी तैयारी कर चुके हैं। हमें पूरा विश्वास है कि हमारा प्रदर्शन इस बार भी शानदार रहेगा।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की फाइल फोटो।

तेजस्वी यादव की यात्रा पर जायसवाल का कटाक्ष

तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) की यात्रा पर कटाक्ष करते हुए दिलीप ने कहा कि वे किस मुंह से यात्रा कर रहे। विधानसभा सत्र और बिहार में बाढ़ के दौरान वे विदेश में होते हैं। चुनाव आने पर जनता के बीच पहुंच जाते हैं। राहुल गांधी विदेश में हिंदुस्तान का उपहास उड़ाते हैं। जनता इस सच्चाई को समझ रही। इस बार सभी सीटों पर आइएनडीआइए का सफाया हो जाएगा।

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की फाइल फोटो।

उपचुनाव में सभी चार सीटें एनडीए के खाते में जाएगी : जदयू

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा (Umesh Singh Kushwaha) ने मंगलवार को यह दावा किया कि बिहार में जिन चार सीटों पर उप चुनाव होना है उसमें सभी चार सीटें एनडीए के खाते में जाएगी। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Chunav 2024) में एनडीए के हाथों करारी हार मिलने के बाद विपक्ष दूर-दूर तक अब चुनौती देने की स्थिति में नहीं है। उनका राजनीतिक मनोबल पूरी तरह से धाराशायी हो गया है।

'सभी वर्गों को खासा लाभ हुआ'

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने प्रदेश में सुशासन, सौहार्द्र और सामाजिक न्याय के साथ समावेशी विकास को जो मॉडल पेश किया है उससे समाज के सभी वर्गों को खासा लाभ हुआ है।

'एनडीए विकसित बिहार के लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध'

कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए विकसित बिहार के निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में केंद्र की एनडीए सरकार का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। बिहार की जनता विपक्ष स्वार्थपरक राजनीति का कभी शिकार नहीं बनेगी।

ये भी पढ़ें- 'बेरोजगार हैं गिरिराज, सारा काम मोदी और अमित शाह करते हैं'; तेजस्वी यादव ने छोड़े 'शब्दबाण'

ये भी पढ़ें- बिहार में 4 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव, एक क्लिक में समझें JDU, BJP और RJD का समीकरण

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें