Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Fasal MSP: नीतीश सरकार ने किसानों की कर दी मौज, धान-गेहूं के साथ इन दो फसलों पर भी मिलेगा एमएसपी

बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी! नीतीश सरकार ने धान और गेहूं के अलावा दलहन और मक्का पर भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) देने का ऐलान किया है। इस साल धान का MSP 2300 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का MSP 2320 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। 1 नवंबर से किसानों से धान की खरीद शुरू होगी।

By Dina Nath Sahani Edited By: Rajat Mourya Updated: Wed, 11 Sep 2024 07:29 PM (IST)
Hero Image
राज्य में धान-गेहूं के अलावा दलहन व मक्का भी खरीदेगी सरकार।

राज्य ब्यूरो, पटना। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान और गेहूं के अलावा दलहन और मक्का की भी खरीद की जाएगी। इसके लिए सरकार के स्तर से सारी तैयारियां की जा रही हैं। इस साल न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत साधारण धान का दाम प्रति क्विंटल 2300 रुपये और ग्रेड-ए धान की कीमत 2320 रुपये प्रति क्विंटल तय है।एक नवंबर से किसानों से धान की खरीद होगी।

इसके लिए सभी जिलों में पैक्सों व व्यापार मंडलों के अलावा भारतीय खाद्य निगम, एनसीसीएफ (नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन) और नेफेड के माध्यम से धान की खरीद की जाएगी। बुधवार को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह और सचिव डॉ. एन. सरवन कुमार ने सूचना भवन के संवाद कक्ष में इसकी जानकारी पत्रकारों को दी।

2.77 लाख कार्डधारी लाभुक दूसरे राज्यों में ले रहे राशन का लाभ

उन्होंने बताया कि राज्य में 90 प्रतिशत राशन कार्डधारी लाभुक अपनी पसंद के जन वितरण प्रणाली दुकानों में खाद्यान्न उठाव कर रहे हैं। वहीं राज्य के 2 लाख 77 हजार राशन कार्डधारी लाभुक ऐसे हैं जो दूसरे राज्यों में जन वितरण प्रणाली दुकानों से खाद्यान्न का लाभ ले रहे हैं।

इनमें सबसे ज्यादा दिल्ली में है जहां 1 लाख 95 हजार लाभुक रहते हैं। वहीं छह हजार लाभुक दूसरे राज्यों के बिहार में भी हैं और यहा खाद्यान्न का उठाव कर लाभ ले रहे हैं।

90 प्रतिशत राशन कार्डधारियों में परिवार के मुखिया के रूप में महिलाओं के नाम दर्ज

सचिव ने बताया कि खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राज्य में कुल 8.71 करोड़ आबादी को आच्छादित करने का लक्ष्य है। इसके विरुद्ध कुल 8.35 करोड़ लाभुकों को 51,185 जन वितरण प्रणाली दुकानों के माध्यम से प्रतिमाह निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

अंत्योदय अन्न योजना से आच्छादित 21.88 लाख राशन कार्डधारी लोगों को प्रतिमाह 35 किलो खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें सात किलो गेहूं और 28 किलो चावल शामिल है। ऐसे लाभुक सबसे गरीब श्रेणी में आते हैं, जबकि 1.74 करोड़ राशन कार्डधारी लाभुकों में प्रत्येक व्यक्ति को 5 किलो खाद्यान्न निशुल्क दिया जा रहा है।

इसमें एक किलो गेहूं और चार किलो चावल शामिल है। उक्त सभी राशन कार्ड में 90 प्रतिशत कार्डधारी परिवारों में परिवार की मुखिया के रूप में महिलाओं के नाम दर्ज हैं।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर