Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Nagar Nikay Chunav 2022: महिलाओं ने निकाय चुनाव के दूसरे चरण में लहराया परचम, पढ़ें कहां-किसने मारी बाजी

Bihar Nagar Nikay Chunav 2022 बिहार नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के नतीजे शुक्रवार को आ चुके हैं। निकाय चुनाव में महिलाओं ने इस बार भी प्रथम चरण की तरह एक बार फिर से अपना परचम लहराया है और पुरुष उम्मीदवारों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है।

By Prateek JainEdited By: Prateek JainUpdated: Fri, 30 Dec 2022 09:29 PM (IST)
Hero Image
बिहार नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के नतीजे शुक्रवार को आ चुके हैं।

पटना, जेएनएन। बिहार नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के नतीजे शुक्रवार को आ चुके हैं। निकाय चुनाव में महिलाओं ने इस बार भी प्रथम चरण की तरह एक बार फिर से अपना परचम लहराया है। उत्तर बिहार, पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, आरा, सीतामढ़ी, कटिहार के चुनाव में महिलाओं ने मुख्य रूप से मेयर, डिप्टी मेयर, मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद के पदों अपनी जीत दर्ज कर पुरुषों के वर्चस्व को चुनौती दी है।

पटना में मेयर पद पर सीता साहू तो उपमहापौर के पद पर रश्मि चंद्रवंशी ने बाजी मारी है। उत्तर बिहार के छह नगर निगमों में महिलाएं मेयर चुनी गईं तो वहीं यहां की आठ नगर पंचायतों में तीन जगह महिलाएं मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद बनी हैं। सीतामढ़ी में रौनक जहां मेयर निर्वाचित हुईं हैं, वहीं मुजफ्फरपुर से निर्मला देवी महापौर और डा. मोनालिसा उपमहापौर पद पर निर्वाचित हुईं हैं। सासाराम नगर निगम में काजल कुमारी मेयर पद पर चुनी गईं। आरा में इंदु मेयर और डिप्टी मेयर पूनम देवी चुनी गई हैं।

सीता साहू ने जीता पटना मेयर पद पर चुनाव

पटना नगर निगम निर्वाचन पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने बताया कि सीता साहू महापौर पद के लिए चुनाव जीत चुकी हैं। इंट्री का कार्य अंतिम चरण में है। 15 मिनट में पूरा हो जाएगा उसके बाद उनको प्रमाण पत्र दिया जाएगा सीता साहू एन कॉलेज पहुंच गई है। सीता साहू प्रमाण पत्र लेने के लिए एएन कॉलेज प्रांगण में पहुंची।

पटना की उपमहापौर बनीं रश्मि चंद्रवंशी

पटना की उपमहापौर रश्मि चंद्रवंशी बन गई हैं। इन्हें 1.47 लाख 247 वोट मिले हैं। दूसरे स्थान पर अंजना गांधी रहीं, इन्हें 1.37 लाख 294 वोट मिले हैं। अंजना शुरू से ही रश्मि से पीछे चल रही थीं और एक बार भी आगे नहीं जा पाईं और हार गईं।

उत्तर बिहार के छह नगर निगमों में महिलाएं बनीं मेयर

उत्तर बिहार के छह नगर निगमों में हुए चुनाव में सभी जगह महिलाएं पुरुषों पर भारी पड़ीं। कोई पुरुष मेयर नहीं बन सका। मुजफ्फरपुर, बेतिया और दरभंगा से मेयर और डिप्टी मेयर महिलाएं ही बनी हैं। मुजफ्फरपुर में निर्मला देवी साहू, नवगठित बेतिया से निवर्तमान सभापति गरिमा देवी सिकारिया, दरभंगा से अंजुम आरा, मोतिहारी से प्रीति गुप्ता, समस्तीपुर से अनिता राम और सीतामढ़ी से रौनक जहां मेयर पद पर जीतीं। उपमेयर पद पर तीन महिलाएं जीतीं। ये मुजफ्फरपुर से डा. मोनालिसा, बेतिया से गायत्री देवी व दरभंगा से नाजिया हसन रहीं। इसके अलावा मोतिहारी से लालबाबू प्रसाद, समस्तीपुर से रामबालक पासवान और सीतामढ़ी आशुतोष कुमार डिप्टी मेयर बने।

आठ नगर पंचायतों में तीन जगह महिलाएं मुख्य और उप मुख्य पार्षद

आठ नगर पंचायतों में हुए चुनाव में तीन जगहों पर महिलाएं मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद बनीं। इसमें बेतिया के लौरिया से सीता देवी मुख्य पार्षद व किशोरी देवी उप मुख्य पार्षद बनीं। समस्तीपुर के मुसरीघरारी से दिव्या कुमारी मुख्य पार्षद व मंजू उपमुख्य पार्षद तथा सिंघिया से मिंकू कुमारी मुख्य पार्षद व खुशबू देवी उप मुख्य पार्षद बनीं। इसके अलावा मुजफ्फरपुर के माधोपुर सुस्ता, मुरौल, दरभंगा के सिंहवाड़ा और भरवाड़ा, मोतिहारी के अरेराज से पुरुष जीते।

मुजफ्फरपुर: निर्मला देवी महापौर और डा. मोनालिसा उपमहापौर

मुजफ्फरपुर नगर निगम के चुनाव में महापौर और उपमहापौर पद पर महिलाओं का कब्जा हो गया है। महापौर पद पर निर्मला देवी (साहू) विजयी हुई हैं। उन्होंने निवर्तमान महापौर राकेश कुमार को 13 हजार से अधिक मतों से पराजित किया। वहीं मोनालिसा ने उपमहापौर पद पर 31 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। उन्होंने शब्बीर अहमद को पराजित किया।

भाजपा का दबदबा

निगम चुनाव में भाजपा ने निर्मला और डा. मोनालिसा को समर्थन दिया था। दोनों पद पर समर्थित उम्मीदवारों की जीत से भाजपा का निगम पर दबदबा कायम हो गया। वहीं कांग्रेस विधायक विजेंद्र चौधरी के समर्थित उम्मीदवार एवं निवर्तमान महापौर राकेश कुमार हार गए।

भागलपुर: भाजपा की वसुंधरा लाल मेयर, राजद के सलाहउद्दीन डिप्टी मेयर

भागलपुर नगर निगम का चुनाव परिणाम शुक्रवार को देर शाम तक घोषित कर दिया गया। भाजपा समर्थित मेयर उम्मीदवार वसुंधरा लाल ने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार गजाला परवीन को 10476 मतों से पराजित कर दिया। बसुंधरा लाल को 53593 व गजाला परवीन को 43117 मत प्राप्त हुए हैं। गजाला परवीन पार्षद पद का चुनाव भी हार गईं है। जबकि राजद समर्थित उम्मीदवार सलाहउद्दीन अहसन ने संतोष कुमार को 7308 मतों से पराजित किया है।

सलाहउद्दीन अहसन को 49232 मत व संतोष कुमार को 41924 मत मिले हैं। जदयू के गोपालपुर विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल की पत्नी व पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सविता देवी की जमानत जब्त हो गई है। गोपाल मंडल जदयू के मुख्य सचेतक भी हैं। उन्हें मात्र 7115 मत मिले हैं। पूर्व मेयर व जिला परिषद अध्यक्ष अनंत कुमार की पत्नी मेयर प्रत्याशी सीमा साह चुनाव हार गईं हैं। उन्हें 24702 मतों से संतोष करना पड़ा।

बेगूसराय उप मेयर पद पर जीतीं अनीता देवी

बेगूसराय में अनीता देवी डिप्टी मेयर पद पर 21188 से जीतीं हैं। दूसरे स्थान पर रेखा देवी रहीं। रेखा को 20508 वोट मिले। तीसरे स्थान पर जहाना बेगम रहीं, जिन्हें 12856 वोट मिले। इसी प्रकार से चौथे और पांचवें क्रम पर 10129 वोटों के साथ कुमुद देवी और 10104 वोट के साथ अनीता कुमारी रहीं।

सीतामढ़ी में रौनक जहां मेयर निर्वाचित

जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी कमल सिंह ने कहा कि सीतामढ़ी मेयर पद पर रौनक जहां निर्वाचित घोषित की गईं हैं। उन्हें 21562 वोट हासिल हुए हैं। वहीं दूसरे नंबर पर विशाल कुमार हैं उनको 18549 वोट प्राप्त हुए हैं। जबकि, तीसरे नंर पर सुवंश राय हैं उनको 11611 वोट हासिल हुए हैं। डीपीआरओ ने कहा कि मतों की गणना में कोई समस्या नहीं आई न रीकाउंटिंग जैसी बात हुई। हां, रिजल्ट में थोड़ा विलंब हुआ उसको लेकर लोगों का धैर्य टूटा और कुछ लोगों ने अफवाह फैला दी, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई।

रिजल्ट में बदलाव की बात का जिला प्रशासन पुरजोर खंडन करता है। अफवाह के जरिये भ्रम की स्थिति पैदा करने वाले लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। जिला निर्वाची पदाधिकारी सह सीतामढ़ी के डीडीसी विनय कुमार की तरफ से रिजल्ट को लेकर अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है और न उनसे संपर्क स्थापित हो पा रहा है।

सासाराम नगर निगम में मेयर पद पर चुनी गईं काजल कुमारी

सासाराम नगर निगम में मेयर पद के लिए काजल कुमारी 16709 मत प्राप्त कर विजेता बनी। निकटतम प्रदिद्वंदी चांदनी कुमारी को 13777 मत मिले। 2932 मत से काजल कुमारी जीत दर्ज की हैं। डिप्टी मेयर पद पर सत्यवंती देवी ने जीत दर्ज की हैं।इन्हें 29122 मत प्राप्त हुआ है। निकटतम प्रतिद्वंदी वंदना तिवारी रहीं, जिन्हें 10869 मत मिला है। सत्यवंती देवी ने 18253 मत से जीत दर्ज की हैं।

आरा में इंदु मेयर और डिप्टी मेयर पूनम देवी

आरा नगर निगम से इंदु देवी मेयर चुन ली गई हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी आरजू खातून को 22221 मतों से पराजित किया। इंदु देवी को 41912 मत मिले, वहीं आरजू खातून को 19691 मत हासिल हुए। डिप्टी मेयर के चुनाव में पूनम देवी ने 23607 मतों से जीत हासिल की। पूनम देवी को 40869 मत हासिल हुए, जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी सलमा बेगम को 16662 वोट मिले।

कटिहार: उषा अग्रवाल मेयर निर्वाचित और मंजूर बने डिप्टी मेयर

कटिहार नगर निकाय चुनाव में मेयर पद पर बीजेपी एमएलसी अशोक अग्रवाल की पत्नी उषा अग्रवाल ने पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री रामप्रकाश महतो की पत्नी मीना महतो को 20514 मतों से पराजित किया। रामप्रकाश महतो राजद के कद्दावर नेता माने जाते हैं। दो बार सदर विधयक रहे, राजद के मुख्य सचेतक भी रहे। बरारी के जदयू विधयक विजय सिंह की पत्नी प्रेमलता देवी पांचवें स्थान पर रहीं। डिप्टी मेयर पद पर मंजूर खान 2220 वोट से जीतने में सफल रहे। बजरंग दल की पृष्ठभूमि से आने वाले युवा पवन पोद्दार ने कड़ी टक्कर दी।

मंजूर खान पूर्व में भी डिप्टी मेयर रह चुके हैं। मेयर पद पर उषा अग्रवाल की जीत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारों के मुताबिक अगले लोकसभा चुनाव में अशोक अग्रवाल भाजपा से टिकट के प्रबल दावेदार होंगे। बीजेपी में अंदरूनी विरोध और भितरघात के बाद भी अपनी पत्नी को जीत दिलाने में सफल रहे। उषा अग्रवाल गृहणी हैं। उनके पति की टॉप लाइन कार्य एजेंसी है। यह कंपनी पुल और सड़क निर्माण कार्य करती है। डिप्टी मेयर मंजूर खान उच्च मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं।

ये उम्‍मीदवार मेयर और डिप्टी मेयर हुए निर्वाचित

  1. पटना में महापौर सीता साहू (भाजपा), उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी (भाजपा)
  2. छपरा में महापौर राखी गुप्ता (भाजपा), उप महापौर मो. रफी इकबाल
  3. गया में महापौर बिरेंद्र कुमार पासवान (महागठबंधन), उपमहापौर चिंता देवी (महागठबंधन)
  4. सासाराम में महापौर काजल कुमारी (कांग्रेस), उप महापौर सत्यवंती देवी
  5. आरा में महापौर इंदु देवी (भाजपा), उप महापौर पूनम देवी (भाजपा)
  6. बिहारशरीफ में महापौर अनीता देवी (जदयू), उप महापौर आइशा साहिन
  7. बेगूसराय में महापौर पिंकी देवी (जदयू), उप महापौर अनीता देवी (भाजपा)
  8. मुजफ्फरपुर में महापौर निर्मला साहू (भाजपा), उप महापौर डा. मोनालिसा (भाजपा)
  9. सीतामढ़ी में महापौर रौनक जहां परवेज (स्वतंत्र), उप महापौर आशुतोष कुमार (राजद समर्थित)
  10. समस्तीपुर में महापौर अनीता राम (कांग्रेस पृष्ठभूमि), उप महापौर रामबालक पासवान (भाजपा)
  11. दरभंगा में महापौर अंजुम आरा (कांग्रेस), उप महापौर नाजिया हसन (कांग्रेस)
  12. मोतिहारी में महापौर प्रीति कुमारी (राजद), उप महापौर लालबाबू प्रसाद (भाजपा)
  13. बेतिया में महापौर गरिमा देवी सिकारिया (स्वतंत्र), उप महापौर गायत्री देवी (भाजपा)
  14. भागलपुर में महापौर वसुंधरा लाल (भाजपा), उप महापौर सलाहउद्दीन अहसन (राजद)
  15. कटिहार में महापौर उषा अग्रवाल (भाजपा), उप महापौर मंजूर खान
  16. मुंगेर में महापौर कुमकुम देवी (भाजपा), उप महापौर खालिद हुसैन
  17. पूर्णिया में महापौर विभा कुमारी (जदयू), उप महापौर पल्लवी गुप्ता (कांग्रेस)
लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें