NEET Paper Leak Case: मुश्किल में आ सकते हैं तेजस्वी यादव? नीट-यूजी प्रकरण में विजय सिन्हा ने पेश किए अहम सबूत
नीट-यूजी प्रकरण में अब तेजस्वी यादव का नाम सामने आया है। बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने इस बात का खुलासा किया है। विजय सिन्हा ने कहा है कि तेजस्वी के निजी सचिव ने इस केस में अहम रोल निभाया है। निजी सचिव का नाम प्रीतम कुमार है। विजय सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई अहम सबूत भी पेश किए जैसे की कॉल डिटेल और वॉट्सऐप मैसेज का स्क्रीनशॉट।
जागरण टीम, पटना। NEET-UG Paper Leak Case नीट-यूजी परीक्षा लीक मामले पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को बड़ा दावा किया है। विजय सिन्हा ने इस मामले को सीधे-सीधे अब पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से जोड़ दिया है। विजय सिन्हा ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस केस का लिंक तेजस्वी यादव से है। अपनी बात को पुख्ता करने के लिए विजय सिन्हा ने मीडिया के सामने कई अहम सबूत भी पेश किए।
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने शुक्रवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, "1 मई को तेजस्वी यादव के निजी सचिव प्रीतम कुमार ने गेस्टहाउस कर्मी प्रदीप कुमार को फोन कर सिकंदर कुमार यादवेंदु के लिए कमरा बुक करने को कहा... 4 मई को प्रीतम कुमार ने प्रदीप कुमार को कमरा बुक करने के लिए फिर से फोन किया... तेजस्वी यादव के लिए 'मंत्री' शब्द का इस्तेमाल किया गया..."
इन सबूतों से मुश्किल में आ सकते हैं तेजस्वी
बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने मीडिया के सामने नीट-यूजी प्रकरण में कई अहम सबूत पेश किए।
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव के निजी सचिव प्रीतम कुमार की कॉल डिटेल से संबंधित एक डॉक्यूमेंट शेयर किया। विजय सिन्हा ने दावा किया कि इस कॉल डिटेल में यह बात सामने आई है कि प्रीतम कुमार ने गेस्टहाउस के कर्मचारी प्रदीप कुमार को फोन किया था। उन्होंने यह भी बताया कि पहला कॉल 1 मई को रात 9 बजकर 7 मिनट पर किया था।
डिप्टी सीएम ने दूसरे कॉल का भी सबूत दिखाया। दूसरा फोन कॉल 4 मई का है। इस दिन 2 बार फोन किया गया।
तेजस्वी के लिए किया 'मंत्री' शब्द का इस्तेमाल
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि चार मई को प्रीतम कुमार ने प्रदीप कुमार को कमरा बुक करने के लिए फिर से बुलाया। उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव के लिए 'मंत्री' शब्द का इस्तेमाल किया गया। इसके मैसेज की डिटेल भी विजय सिन्हा ने साझा की।
आपको बता दें कि नीट पेपर लीक प्रकरण में जेल में बंद सिकंदर यादवेंदु राजद नेता तेजस्वी यादव के निजी सचिव प्रीतम कुमार का करीबी रिश्तेदार है। यह वही सिकंदर है, जिसने जिसने अनुराग यादव नाम के अभ्यर्थी को प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया था जिसे ईओयू अब गिरफ्तार कर चुकी है।
क्या है पूरा मामला?
उल्लेखनीय है कि बिहार में नीट पेपर लीक मामले को लेकर अभी तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें पांच नीट यूजी के अभ्यर्थी हैं। अनुराग ने लिखित में बताया कि चार मई 2024 को उसके फूफा सिकंदर प्रसाद यादवेंदु ने उसे अमित आनंद और नीतीश कुमार के पास छोड़ दिया। जहां नीट परीक्षा के प्रश्न पत्र के साथ-साथ उसे आंसर शीट भी दिया गया। रात भर उसने उसे पढ़ा और जमकर रटा। उसका एग्जाम सेंटर डीवाई पाटिल स्कूल में था। एग्जाम में भी वही सवाल पूछे गए थे, जो उसे रात को रटवाए गए थे।
ये भी पढ़ें- NEET Exam Paper Leak: नीट पेपर लीक मामले में बिहार सरकार का बड़ा एक्शन, दो इंजीनियर को कर दिया निलंबित