Move to Jagran APP

CM नीतीश कुमार ने Bihar DGP को दिया टास्क- 6 माह में 78000 पुलिस बलों की बहाली प्रक्रिया पूरी करें

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस महानिदेशक आलोक राज को अगले छह महीनों के भीतर 78 हजार पुलिस बलों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। वर्तमान में बिहार पुलिस में 1.10 लाख कर्मी हैं और इसे बढ़ाकर 2.29 लाख किया जाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसिंग सिस्टम में सुधार किया गया है और अपराध में कमी आई है।

By BHUWANESHWAR VATSYAYAN Edited By: Rajat Mourya Updated: Mon, 21 Oct 2024 06:24 PM (IST)
Hero Image
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डीजीपी आलोक राज को नया टास्क दिया है। फोटो- एक्स

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने पुलिस महानिदेशक आलोक राज (Bihar DGP Alok Raj) को यह टास्क दिया कि अगले छह माह के भीतर 78 हजार पुलिस बलों की नियुक्ति (Bihar Police 78000 Post Bharti) की प्रक्रिया को पूरी करें। मंच से ही उन्हाेंने डीजीपी से यह आग्रह किया।

राजधानी स्थित बापू सभागार में 1239 नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाने को ले सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्हाेंने यह बात कही।

'महिलाओं के लिए लागू किया 35 प्रतिशत आरक्षण'

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में पुलिस बल की संख्या 42 हजार थी। उन्होंने पुलिस में बहाली की प्रक्रिया को तेज किया और अब पुलिस बल की संख्या 1.10 लाख हो गई है। वर्ष 2013 में पुलिस बल में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया। इससे पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ी है।

उन्होंने कहा, आज इनकी संख्या 30 हजार है। देश के किसी दूसरे राज्यों में पुलिस बल में महिलाओं की इतनी संख्या नहीं है। यह हम सभी के लिए प्रसन्नता की बात है। बिहार में पुलिस बल की संख्या 2.29 लाख होनी चाहिए। अभी 21 हजार पुलिसबलों की बहाली की प्रक्रिया जारी है।

'पुलिसिंग के सिस्टम को सुधारा'

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पुलिसिंग के सिस्टम को ठीक किया है। थाना के कार्यों को दो भागाें क्रमश: अनुसंधान व विधि व्यवस्था संधारण में बांटा गया, ताकि काम त्वरित गति से हो। रात के साथ दिन में भी पुलिस गश्त की व्यवस्था की गयी है। पुलिस गश्त की वजह से अपराध में कमी आयी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2005 के पहले कानून व्यवस्था का बुरा हाल था। लोग शाम में घर से बाहर नहीं निकलते थे। अब देर रात तक लोग घर से बाहर निकलकर अपना काम निर्भीक होकर कर रहे। हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता था पर अब सब ठीक हो गया है। बिहार पुलिस सभी कार्यों को बेहतर ढंग और पूरी मेहनत के साथ कर रही है।

'12 लाख नौकरी देने का लक्ष्य'

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 में सात निश्चय-2 के अंतर्गत हमलोगों ने 10 लाख नौकरी और 10 लाख लोगों को रोजगार देने की बात कही थी। अब तक 24 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध करा दिया गया है। वहीं, 7.18 लाख लोगों को नौकरी दी जा चुकी है। अब लक्ष्य 10 लाख की जगह 12 लाख नौकरी देने का है। सभी वर्गों व धर्मों के लोगों को नौकरी दी जा रही है। सभी लोगों के सहयोग से प्रदेश प्रगति कर रहा है। केंद्र सरकार भी बिहार को काफी सहायता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रुप से मधु कश्यप, गौतम कुमार, शोभा रानी, लाडली कुमारी, शिवेश कुमार झा, कोमल कुमारी, रानी कुमारी तथा रौशनी कुमारी को नियुक्ति पत्र सौंपा।

ये भी पढ़ें- Muzaffarpur News: झोलाछाप के हाथों दोनों किडनी गंवाने वाली सुनीता कुमारी की मौत, मुजफ्फरपुर में तोड़ा दम

ये भी पढ़ें- लोदीपुर नरसंहार मामले में 15 दोषियों को उम्र कैद की सजा, पीड़ित पक्ष बोला- फांसी मिलती तो अच्छा होता

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।