Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कभी हवा के झोंके से तो कभी पानी की धार से ध्वस्त हो रहे बिहार के पुल, नीतीश मॉडल की यही असलियत: सम्राट चौधरी

Bihar Politics भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार मॉडल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गंगा नदी पर बने पुल का ध्वस्त होना नीतीश कुमार के विकास मॉडल की असलियत बयां कर रहा है। इसने सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोल कर रख दी है।

By Jagran NewsEdited By: Mohit TripathiUpdated: Thu, 08 Jun 2023 04:50 PM (IST)
Hero Image
गंगा नदी का ध्वस्त पुल नीतीश के विकास मॉडल की असलियत बयां कर रहा है: सम्राट

जागरण संवाददाता, पूर्णिया: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार मॉडल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गंगा नदी पर बने पुल का ध्वस्त होना नीतीश कुमार के विकास मॉडल की असलियत बयां कर रहा है। इसने सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोल कर रख दी है। इसके निर्माण में 14 हजार करोड़ का घोटाला हुआ है। इसके लिए नीतीश कुमार जिम्मेदार हैं।

सम्राट चौधरी गुरुवार को पूर्णिया के कलाभवन प्रशाल में मोदी शासनकाल के 9 साल बेमिसाल कार्यक्रम के अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधा और कहा कि यह सरकार बिहार के विकास के साथ खिलवाड़ कर रही है।

इंजीनियर मुख्यमंत्री के बाद भी ध्वस्त हो रहे पुल

उन्होंने कहा कि 2014 में जब अगवानी घाट पर पुल का शिलान्यास हुआ था, तब राज्य के पथ निर्माण मंत्री नीतीश कुमार ही थे। उन्हें इंजीनियर मुख्यमंत्री के रूप में भी जाना जाता है। इसके बावजूद पुल का ध्वस्त होना यह दर्शाता है किस में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। बिहार में कभी हवा के झोंके से तो कभी पानी की धार से पुल ध्वस्त हो रहे हैं, जिससे देश के अन्य राज्यों में बिहार का अपमान हो रहा है।

पूर्णिया से सिविल विमान सेवा पर क्या बोले

पूर्णिया से सिविल विमान सेवा शुरू किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूर्णिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही एयरपोर्ट निर्माण के लिए स्वीकृति दे दी थी। इसके लिए जमीन देने में राज्य सरकार ने 9 साल लगा दिए, जिस कारण आज यहां एयरपोर्ट नहीं बन पाया है।

अब जब सरकार ने जमीन देने का लिखित आश्वासन दे दिया है तो महज 48 घंटे के अंदर केंद्र सरकार ने एयरपोर्ट निर्माण के लिए राशि आवंटित कर दी है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार जमीन उपलब्ध करा दे तो मोदी सरकार और एक दर्जन जगहों पर एयरपोर्ट का निर्माण करा सकती है।

नीतीश कुमार को रिटायरमेंट लेने का दिया सुझाव

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब मेमोरीलेस सीएम हो गए हैं। इस उम्र में उन्हें स्वयं रिटायरमेंट ले लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी उदासीनता की वजह से बिहार में विकास बाधित हो रहा है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार गोरखपुर से भाया किशनगंज सिलीगुड़ी तक एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराना चाह रही है लेकिन नीतीश कुमार इसके लिए जमीन उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। वहीं पूर्णिया से पटना तक फोरलेन सड़क का निर्माण भी किया जाना है लेकिन सरकार इसके लिए भी जमीन देने में विफल साबित हो रही है।

नीतीश कुमार के PM पद की दावेदारी पर क्या बोले सम्राट चौधरी

सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं लेकिन जनता अब उन्हें रिजेक्ट मान चुकी है। 2024 में बिहार की सभी सीटों पर भाजपा के जीत होगी तथा 2025 में राज्य में पूर्ण बहुमत से भाजपा सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मोदी की उपलब्धियों की जानकारी देने का आह्वान किया।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर