Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Weather: अगले 5 दिनों तक बरसेंगी हल्की बूंदें, पटना समेत 21 शहरों के लिए वज्रपात व मेघ गर्जन की चेतावनी

Bihar Weather बिहार के कई जिलों के मौसम में अगले पांच दिनों तक वर्षा की गतिविधियों में थोड़ी कमी आएगी। हालांकि बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 18-23 जुलाई तक हल्की वर्षा होने के बाद मानसून में मजबूती आएगी। भागलपुर जिले में वर्षा होने की संभावना कम है। वहीं उत्तर बिहार में अगले चौबीस घंटे में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

By Jagran NewsEdited By: Aysha SheikhUpdated: Tue, 18 Jul 2023 07:39 AM (IST)
Hero Image
Bihar Weather: पटना समेत 21 शहरों के लिए वज्रपात व मेघ गर्जन की चेतावनी

 जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में राजधानी पटना समेत अन्य जिलों में अगले पांच दिनों तक वर्षा की गतिविधियों में थोड़ी कमी आएगी। इस दौरान हल्की वर्षा व बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं, प्रदेश के अधिसंख्य जिलों के एक या दो स्थानों पर वज्रपात, मेघ गर्जन व बिजली चमकने की संभावना है।

18-23 जुलाई तक हल्की वर्षा व बूंदाबांदी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणी रेखा बीकानेर, सीकर, ओरई, सिद्धि, अंबिकापुर, बालासोर होते हुए दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है। वहीं, एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र दक्षिण झारखंड व इसके आसपास बना हुआ है। इनके प्रभाव से प्रदेश में 18-23 जुलाई तक हल्की वर्षा व बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद मानसून में मजबूती आएगी।

मौसम विज्ञान केंद्र की किसान भाइयों को सलाह

मौसम विज्ञान केंद्र ने किसान भाइयों को सलाह दी कि धान के बिचड़े की रोपाई के लिए जल की व्यवस्था करें। अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत 21 शहरों के लिए वज्रपात व मेघ गर्जन को लेकर चेतावनी जारी की गई है। बारिश की बात की जाए तो रोहतास में 24.4 मिलीमीटर और पटना में 6.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

भागलपुर में वर्षा होने की संभावना कम

भागलपुर जिले में वर्षा होने की संभावना कम है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। पूर्वी उत्तरी हवा 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। आद्रता अधिकतम 87 और न्यूनतम 58 प्रतिशत तक रहने की संभावना है। आज तापमान में कमी की संभावना भी है।

दो-तीन दिनों के बाद उत्तर बिहार में होगी मध्यम वर्षा

उत्तर बिहार में अगले चौबीस घंटे में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं तराई के क्षेत्रों खासकर पश्चिम चंपारण में मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। इसके बाद वर्षा की सक्रियता में कमी आएगी। डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार को 19 जुलाई तक के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले 24 घंटे में विशेष रूप से तराई के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम वर्षा हो सकती है।

पश्चिम चंपारण जिले में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। अन्य सभी जिलों के अनेक स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 घंटे के बाद उत्तर बिहार के जिलों में वर्षा की सक्रियता में कमी आएगी। इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।