Move to Jagran APP

Bihar Weather: बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, अब बिहार में ठंड ने मारी एंट्री; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

चक्रवातीय तूफान का असर बिहार में तीसरे दिन भी देखने को मिल सकता है। पटना समेत प्रदेश के अधिसंख्य भागों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ कुछ जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना है। पुरवा के कारण मौसम सामान्य बना रहेगा। तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की क्रमिक वृद्धि का पूर्वानुमान है।

By Jagran News Edited By: Mukul Kumar Updated: Sun, 27 Oct 2024 07:43 AM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर
जागरण टीम, पटना। हल्की बूंदाबांदी से राजधानी के मौसम में बदलाव आया है। माहौल में हल्की ठंड घुल गयी है। वहीं, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी हल्की बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही बनी रही।

अगले एक-दो दिन हल्की फुहार की संभावना है। पुरवा के कारण मौसम सामान्य बना रहेगा। वहीं तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की क्रमिक वृद्धि का पूर्वानुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार शनिवार को आठ जिलों को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

पटना का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस जबकि 33.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सीतामढ़ी में प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों के दौरान दाना चक्रवात के कारण पूर्वी भागों के अधिसंख्य भागों में वर्षा दर्ज की गई। कटिहार में सर्वाधिक वर्षा 18.0 मिमी दर्ज हुई। 

चक्रवातीय वर्षा व हवा ने ठंड का एहसास कराया

पिछले तीन दिनों से समुद्री चक्रवातीय वर्षा एवं हवा के कारण वातावरण में पर्याप्त है। रात में ठंड महसूस होने लगी है। बीमार लोगों के अलावा छोटे बच्चों, बुजुर्गों की तकलीफ बढ़ गई है।

शनिवार की सुबह आठ बजे से शाम तक रूक-रूककर रिमझिम फुहारें आसमान से गिरती रही। पूरे दिन आसमान बादलों से ढका रहा। हवा के झोंकों एवं आंशिक वर्षा ने ठंड की दस्तक मानों करा दी है। बिहार में कई जगहों पर कीचड़ व गंदगी हो गई है। इससे बाजार करने निकले लोगों को दिक्कत हुई।

दूसरी ओर, वर्षा के साथ हवा के झोंके किसानों के दिल को हिला रही है। किसानों को आशंका है कि अगर हवा का दबाव ज्यादा हुआ, तो खेतों में बाली उगल रही फसल जमीन पर गिर जाएगी। जिससे किसानों का सारा परिश्रम पर पानी फिर जाएगा।

पूर्णिया में दूसरे दिन भी चला वर्षा का दौर, मौसम बना सुहाना

उधर, पूर्णिया में भी चक्रवाती तूफान की वजह से शनिवार को भी दिन भर रूक रूक कर हल्की वर्षा हुई जिससे मौसम सुहाना बना रहा। बारिश के साथ नमी युक्त हवा भी चलती रही जिससे लोगों को ठंड का अहसास होता रहा।

बादल, वर्षा और पूरबा हवा के कारण तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे रहा तथा लोगो को गर्म कपड़ों की तलाश करनी पड़ी। मौसम केंद्र पूर्णिया द्वारा शनिवार को अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

वहीं, शहर में पिछले 24 घंटें में लगभग 10 एमएम वर्षा हुई है। वहीं प्रखंड क्षेत्रों में भी हल्की वर्षा हुई है। जलालगढ़ में 9.2, भवानीपुर और डगरूआ में सात, कसबा में 6.0 और अमौर में 5.4 एमएम वर्षा रिकार्ड हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अभी 24 घंटे मौसम पर इसका प्रभाव बना रहेगा।

तीन दिनों से मौसम खराब

रविवार को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे तथा एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से उठे दाना चक्रवाती तूफान की वजह से पिछले तीन दिनों से इस क्षेत्र में मौसम खराब बना हुआ है। बुधवार की शाम से ही आसमान में बादल छाए हैं तथा लगातार हल्की वर्षा हो रही है।

साथ ही तेज ठंडी हवा ने तापमान काफी नीचे ला दिया। वर्षा ने ठंड की दस्तक दे दिया है। गुरुवार को भी दिन भर वर्षा का दौर चला तथा ठंडी हवा चली जिससे तापमान नीचे आ गया। यही हाल शनिवार को भी रहा। शनिवार को भी सुबह से ही मौसम का रूख बदला हुआ था।

फुहार के साथ शुरू हुई वर्षा दोपहर तक रिमझिम तक पहुंची। पूरे दिन रूक रूक कर हल्की वर्षा होती रही। मौसम केंद्र के सहायक विज्ञानी राकेश कुमार के अनुसार अभी दो दिनों तक इसका असर बना रहेगा। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे लेकिन वर्षा की रफ्तार पर ब्रेक लगेगा। एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। 

यह भी पढ़ें-

Bihar Weather Today: बिहार में चक्रवात दाना का प्रभाव, 18 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट; पढ़ें आज का मौसम

Bihar Weather Today: बिहार में कितना रहा चक्रवात 'दाना' का असर, कहां कितना नुकसान? पढ़िए पूरे राज्य की रिपोर्ट

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।