Move to Jagran APP

Bihar Weather Today: बिहार के 8 जिलों में बारिश का अलर्ट, 13 शहरों में गिरेगा तापमान; पढ़ें मौसम का हाल

Bihar Weather बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के उत्तरी भागों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिससे ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट पर 24 अक्टूबर तक इसके आने की संभावना है। इसके कारण बिहार में मौसम में बदलाव की संभावना है जिसमें 24-27 अक्टूबर तक हल्की वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है।

By prabhat ranjan Edited By: Sanjeev Kumar Updated: Tue, 22 Oct 2024 07:37 AM (IST)
Hero Image
बिहार के 8 जिलों में मौसम बदलने का अलर्ट (जागरण)

जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather News: बंगाल की खाड़ी व अंडमान सागर के उत्तरी भागों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। 24 अक्टूबर तक ओडिशा व पश्चिम बंगाल के तट पर इसके आने की संभावना है। इसके कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है। दीपावली के पूर्व 24-27 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिसंख्य भागों में हल्की वर्षा के आसार जताए गए हैं।

30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना

24 अक्टूबर को पटना सहित सभी जिलों में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया। कुछ जगहों पर हल्की वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित अधिसंख्य भागों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा।

 8 जिलों में बारिश के आसार

आने वाले दिनों में शुष्क पछुआ हवा के कारण दिन-रात के तापमान में क्रमिक गिरावट की संभावना है। उत्तर पूर्व भाग के किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार व दक्षिण पूर्व भागों के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। साेमवार को पटना सहित 13 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 35.4 डिग्री सेल्सियस के साथ खगड़िया में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।

पश्चिम चंपारण के सिकटा में 15.6 मिमी, शिवहर के डुमरी में 11.6 मिमी, शिवहर के तरैनी में 8.2 मिमी, पश्चिम चंपारण के गौनाहा में 4.2 मिमी, सीतामढ़ी के रूनी सैदपुर में 3.7 मिमी व पूर्वी चंपारण के सुगौली में 2.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। 

प्रमुख शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
पटना 33 डिग्री सेल्सियस 26 डिग्री सेल्सियस
दरभंगा 34 डिग्री सेल्सियस 24 डिग्री सेल्सियस
मुजफ्फरपुर 34 डिग्री सेल्सियस 24 डिग्री सेल्सियस
भागलपुर 33 डिग्री सेल्सियस 24 डिग्री सेल्सियस
गया 31 डिग्री सेल्सियस 21 डिग्री सेल्सियस
कटिहार 33 डिग्री सेल्सियस 24 डिग्री सेल्सियस

भागलपुर में मौसम का हाल

दिन में आसमान में अधिकांश समय तक बादल छाये रहने व धूप नहीं के बराबर निकलने के बीच सोमवार को मौसम सामान्य रहा। रविवार को जहां यहां धूप निकली ही नहीं, वहीं सोमवार को बीच बीच में ही हल्की धूप के दर्शन हुए। शाम को अब तापक्रम में मामूली कमी देखी जाने लगी है। तापक्रम में हल्की कमी आने से शाम होते ही ठंड से सिहरन का एहसास होने लगा है। मौसम धीरे धीरे ठंड की ओर बढ़ने लगा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जिले में आकाश में बादल छाए रहेंगे। लेकिन मौसम शुष्क रहेगा। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डा. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि मौसम सामान्य बना रहेगा। तापमान में हल्की गिरावट आएगी।

सोमवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 84 प्रतिशत आद्रता के साथ तीन किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवा चल रही है। फिलहाल ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

ये भी पढ़ें

Bihar Weather Today: बिहार में ठंड कब देगी दस्तक? मौसम विभाग का अनुमान आया सामने

Bihar Weather Today: बिहार में बदलने लगा मौसम, हवाओं ने बदली दिशा; ठंड को लेकर पढ़ें IMD का नया अपडेट

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।