Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Monsoon: राजधानी समेत प्रदेश में मानसून सक्रिय, नौ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट; कुछ जगहों पर वज्रपात के आसार

Bihar Rain Alert प्रदेश की राजधानी पटना समेत प्रदेश में मानसून एक्टिव है। जिस वजह से राज्य में बारिश को लेकर प्रभाव बना हुआ है। शुक्रवार को पटना व आसपास इलाकों के अलावा उत्तरी भागों में तेज हवा के साथ बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं आज नौ जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

By Jitendra Kumar Edited By: Prateek Jain Updated: Sat, 13 Jul 2024 08:37 AM (IST)
Hero Image
बिहार में आज कई स्‍थानों पर बारिश होगी।

जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी समेत प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। इनके प्रभाव से राज्य में वर्षा का प्रभाव बना हुआ है। शुक्रवार को पटना व आसपास इलाकों के अलावा उत्तरी भागों में तेज हवा के साथ मेघ बरसने के साथ लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।

शनिवार को पटना सहित अधिसंख्य जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। कुछ जगहों पर वज्रपात के भी आसार हैं। प्रदेश के नौ जिलों के कैमूर, बक्सर, गोपालगंज, सिवान, किशनगंज, अररिया, भोजपुर, पूर्णिया, कटिहार जिले के एक या दो स्थानों पर अतिभारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों हल्‍की बारिश व वज्रपात के आसार

वहीं, पटना सहित गया, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्वी व पश्चिम चंपारण जिलों के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणी रेखा अमृतसर, चंडीगढ़, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, जलपाईगुड़ी से गुजर रही है। वहीं, एक चक्रवातीय परिसंचरण उप हिमालयी पूर्वी बिहार के आसपास बना हुआ है। इनके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी भागों व दक्षिणी भागों के अधिसंख्य भागों में वर्षा के आसार हैं।

डेहरी में रहा अध‍िकतम तापमान

बीते 24 घंटों के दौरान पटना सहित प्रदेश के अलग-अलग भागों में हल्की तो कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई। सीतामढ़ी के ढेंगराब्रिज में सर्वाधिक वर्षा 121.0 मिमी, पटना के पालीगंज में 88.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

शुक्रवार को पटना सहित आसपास इलाकों में छिटपुट वर्षा से मौसम सामान्य बना रहा। शुक्रवार को पटना में 0.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस जबकि, 36.0 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

इन जगहों पर दर्ज हुई वर्षा (मिमी. में)

औरंगाबाद के कुटुंबा 115.6
पूर्वी चंपारण के ढाका 115.6
गया 110.4
खगड़िया 110.0
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज 98.6
रोहतास के डेहरी 91.0
मोतिहारी 86.4
भागलपुर के पीरपैती 81.6
पटना के दनियावां 77.6
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर 75.2

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर

अधिकतम न्यूनतम
पटना 33.7    26.2
गया 33.7  24.1
भागलपुर 32.7 25.8

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)