Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Politics: सुशील मोदी का तीखा हमला, बोले- लोकसभा में जिस पार्टी की एक भी सीट नहीं, वो BJP को देगी चुनौती

Bihar Politics बिहार में शुक्रवार को विपक्ष के नेता एकजुट होंगे। नीतीश कुमार की विपक्षी एकता की मुहिम पर भाजपा नेता सुशील मोदी और यूपी के डिप्टी सीएम ने तीखा हमला बोला है। सुशील मोदी ने लालू यादव और नीतीश कुमार को लपेटते हुए कहा कि लालू और नीतीश कुमार की क्षमता खत्म हो गई है। भाजपा 40 सीटों पर जीतेगी।

By Jagran NewsEdited By: Roma RaginiUpdated: Thu, 22 Jun 2023 11:08 AM (IST)
Hero Image
Sushil Modi: विपक्षी एकता मीटिंग पर सुशील मोदी का तीखा हमला

जागरण डिजिटल, पटना। पटना में विपक्षी एकता की बैठक को लेकर बिहार में सियासी उबाल है। इसी बीच बिहार भाजपा ने नीतीश कुमार और विपक्ष के नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अब राज्यसभा सदस्य और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इस बैठक को लेकर तीखा हमला बोला है।

सुशील कुमार मोदी ने तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि लोकसभा में जिस पार्टी की एक भी सीट नहीं है, वह पार्टी 303 सीटों वाली पार्टी (भाजपा) को चुनौती दे रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में तेजस्वी यादव का खाता तक नहीं खुला था। किसी को चुनौती देने में क्या जाता है।

इसके अलावा सुशील मोदी ने नीतीश कुमार पर भी जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जनता दल को एकजुट कहां कर पाए। आज कोई पार्टी विलय करने को तैयार नहीं है। ये सम्मेलन लोकतंत्र नहीं परिवार को बचाने के लिए हो रहा है।

लालू में वोट लाने की क्षमता नहीं

सुशील मोदी ने लालू यादव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि एक जमाना था कि बिहार में लालू यादव ने 150 सीट जीते थे। बाद में घटकर 22 पर पहुंच गए। अब लालू यादव में वोट ट्रांसफर करने और कैंपेन करने की क्षमता नहीं है। नीतीश कुमार की भी क्षमता खत्म हो गई।

डर के मारे एकजुट हो रहे विपक्षी

विपक्ष के नेताओं पर निशान साधते हुए राज्यसभा सांसद बोले कि कांग्रेस-आरजेडी पर भ्रष्टाचार के मामले चल रहे हैं। इन्हें डर है कि नरेंद्र मोदी इन्हें छोड़ेंगे नहीं। डर के मारे ये लोग एकजुट हो रहे हैं।

'40 सीट पर जीतेगी भाजपा'

वहीं, सुशील मोदी ने आगे कहा कि अब तो मांझी और उपेंद्र कुशवाहा भी भाजपा के साथ आ गए हैं। इनके साथ क्या एक भी पार्टी जुड़ी है। ये उपचुनाव में बुरी तरह हार गए। अब जनता ने मन बना लिया है कि वो बिहार की 40 सीट नरेंद्र मोदी को ही देगी।

यूपी के डिप्टी सीएम बोले-ये औंधे मुंह गिरेंगे

इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी विपक्षी एकता की बैठक पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यह जमावड़ा पूरी तरह से फ्लॉप शो साबित होगा। लगातार सत्ता के लिए ये लोग कवायद करते रहते हैं। भाजपा देश के लिए काम कर रही है। ये लोग (विपक्ष) कुर्सी के लिए काम रहे हैं, ये औंधे मुंह गिरेंगे।